New Year Resolution: साल 2024 में फॉलो करें ये 8 टिप्स, हार्ट की बीमारियों से रहेंगे टेंशन फ्री

New Year Resolution 2024: जिन लोगों को भविष्य में हार्ट प्रॉब्लम होने की चिंंता सता रही है, उनके लिए हृदय को स्‍वस्‍थ रखने के उपाय एक्‍सपर्ट द्वारा बताए गए हैं। जिन्‍हें आप अपने न्‍यू ईयर रेजोल्यूशन में शामिल कर सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : December 15, 2023 12:54 PM IST

बस 3 हफ्ते और बचे हैं और फिर साल 2023 भी हमसे विदा ले लेगा और नए साल 2024 का आगाज होगा। हर कोई नए साल को लेकर खूब एक्साइटिड रहता है। लोग अपने अपने स्तर पर आत्म सुधार और जीवनशैली को बेहतर बनाने के लिए नए बेंकमार्क सेट करते हैं। लेकिन इन सब के बीच हार्ट हेल्थ को प्राथमिकता देना बहुत जरूरी है। क्योंकि हार्ट हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण और खास अंग है इसलिए इसकी देखभाल भी खास होनी चाहिए। मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट के सीनियर इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अभिजीत बोरसे साल (Dr. Abhijit Borse, Sr. Interventional Cardiologist) 2024 में हार्ट हेल्थ को दुरुस्त रखने के लिए कुछ सुझाव साझा कर रहे हैं जो निम्न हैं-

1. नियमित एक्सरसाइज बहुत जरूरी है

न सिर्फ हेल्दी हार्ट के लिए बल्कि एक स्वस्थ शरीर के लिए भी नियमित एक्सरसाइज बहुत जरूरी है। इसके लिए आपको सिर्फ जिम नहीं जाना है बल्कि साइकिल चलाना, तैराकी और योग जैसे फिटनेस विकल्प भी आपको चुनने चाहिए। हार्ट हेल्थ को बूस्ट करने के लिए हर सप्ताह कम से कम 150 मिनट मीडियम इंटेन्सिटी एक्सरसाइज करें।

2. धूम्रपान छोड़ें

अगर आप चाहते हैं कि आने वाले नए साल में आपका हार्ट हेल्दी रहे तो अपको धूम्रपान से खासतौर पर दूरी बनानी होगी। धूम्रपान हृदय रोग का एक प्रमुख कारण है, और इसे छोड़कर आप अपने हार्ट को स्वस्थ बना सकते हैं।

3. कम मात्रा में शराब पीना या परहेज करना

अत्यधिक शराब पीने से हार्ट पर बुरा असर पड़ सकता है। अगर आप शराब पीते हैं इसकी मात्रा सीमित करें या इससे परहेज करें। यह संकल्प न केवल हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है बल्कि एक संतुलित जीवनशैली का पोषण भी करता है।

4. हृदय-स्वस्थ भोजन को अपनाएं

"आप वही हैं जो आप खाते हैं" यह कहावत एकदम सही है और इसका सीधा मतलब है कि आप जैसा आहार लेंगे वैसा आपका शरीर होगा, खासकर जब हार्ट हेल्थ की बात आती है। अपनी डाइट में ज्यादा से ज्यादा मौसमी और हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज और लीन प्रोटीन शामिल करें। सोडियम, सेचुरेटिड और ट्रांस वसा का सेवन कम करें।

5. रेगुलर हार्ट चेकअप कराएं

अपने रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल के स्तर और समग्र हृदय स्वास्थ्य को चेक करने के लिए नियमित जांच कराएं। इससे आप बीमारियां को शुरुआत में ही पहचानकर समय पर इलाज शुरु कर सकते हैं और लंबे जोखिम से बच सकते हैं।

6. तनावमुक्त रहें

आज के समय में लगभग हर उम्र का व्यक्ति तनाव से घिरा हुआ है। लेकिन अगर आप अपने हार्ट को हेल्दी रखना चाहते हैं तो आपको तनावमुक्त रहना बहुत जरूरी है। इसके लिए आप नियमित रूप से मेडिटेशन, योग और माइंडफुलनेस जैसी तनाव-प्रबंधन तकनीकों को अपना सकते हैं। आत्म-देखभाल को प्राथमिकता दें।

7. अच्छी नींद लें

हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए क्वालिटी नींद लेना बहुत जरूरी है। हर रात 7-9 घंटे की अच्छी नींद जरूर लेनी चाहिए। कार्डियोवास्कुलर सिस्टम को अच्छा रखने के लिए अपना बेड टाइम रुटीन बनाएं और उसे गंभीरता से फॉलो करें। सोने से पहले स्क्रीन पर बिताए जाने वाले समय को सीमित करें।

8. हाइड्रेट रहें

बेहतर हार्ट हेल्थ के लिए खुद को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है। रोज कम से कम 8-10 ग्लास पानी पीएं। मीठे पेय पदार्थों और बहुत अधिक कैफीन का सेवन सीमित करें।

नया साल पुरानी चीजों से उभरने और नई चीजों को अपनाने का मौका देता है। याद रखें छोटे छोटे कदम आपको मंजिल तक पहुंचाते हैं। साल 2024 में अपने हार्ट को हेल्दी रखने का कोई मौका न छोड़ें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source