Kidney stone का संकेत हो सकते हैं पेशाब में साफ-साफ दिख रहे ये 5 लक्षण, किडनी डैमेज होने से पहले कर लें पहचान

Early sings of kidney stone: गुर्दे की पथरी काफी परेशान कर देने वाली व दर्दनाक स्थिति हो सकती है, लेकिन अगर इसके लक्षणों की शुरुआत में ही पहचान करके किडनी की क्षति को रोका जा सकता है। जानें किडनी स्टोन के शुरुआती लक्षण।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : November 8, 2023 5:31 PM IST

Early symptoms of kidney stone in urine: आज के समय में किडनी स्टोन काफी आम समस्या हो गई है और ज्यादातर लोगों को पता है कि गुर्दे में पथरी आमतौर पर कई जेनेटिक कारकों से लेकर हमारी जीवनशैली से जुड़ी कुछ गलतियां भी होती हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि हेल्दी लाइफस्टाइल व सही डाइट की मदद से किडनी में पथरी होने के खतरे को कुछ हद तक कम किया जा सकता है, लेकिन इसका खतरा पूरी तरह से टाला नहीं जा सकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि ऐसे कई जेनेटिक कारक हैं, जिनके कारण गुर्दे में पथरी होने लगती है। ऐसे में किडनी की पथरी की रोकथाम का सबसे अच्छा तरीका है उसके लक्षणों की पहचान करना। किडनी स्टोन के शुरुआती लक्षणों की पहचान आप कई बार अपने पेशाब में हुए बदलाव का पता लगाकर भी कर सकते हैं और समय रहते इसका समाधान करके किडनी को डैमेज होने से बचा सकते हैं। इस लेख में हम आपको पेशाब में होने वाले ऐसे ही कुछ बदलावों के बारे में बताने वाले हैं, जो आमतौर पर गुर्दे में पथरी होने का संकेत दे सकते हैं।

1. पेशाब में झाग आना (Foamy urine in kidney stone)

यूरिन में कई लक्षण हो सकते हैं, जिन्हें अक्सर इग्नोर किया जा सकता है लेकिन खासतौर पर झाग बनने जैसे लक्षणों को इग्नोर नहीं किया जाना चाहिए। पेशाब में झाग बनना कई गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है और इनमें किडनी स्टोन जैसी समस्याएं भी एक हो सकती हैं। इसलिए पेशाब के इस लक्षण में इस बदलाव को इग्नोर नहीं किया जाना चाहिए।

2. पेशाब में बदबू (Odor in urine in kidney stone)

गुर्दे में पथरी होने पर गुर्दे ठीक से काम करना बंद कर देते हैं और इस कारण से पेशाब में कई तरह के केमिकल मिक्स होने लगते हैं। इन केमिकल के कारण पेशाब में बदबू भी आने लगती है, अगर आपके यूरिन से अमोनिया या फिर किसी भी तरह की बदबू आ रही है, तो एक बार डॉक्टर से संपर्क जरूर करा लेना चाहिए।

3. पेशाब में तीव्र दर्द (Pain while urinating in kidney stone)

यदि आपको पेशाब करते समय तीव्र दर्द हो रहा है और दर्द किडनी से लेकर मूत्र मार्ग तक महसूस हो रहा है, तो यह गुर्दे की पथरी संकेत हो सकता है। दर्द जितना ज्यादा होगा गुर्दे में मौजूद पथरी का आकार भी उतना ही बड़ा होने की संभावना हो सकती है और इसलिए जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क कर लेना चाहिए।

4. बार-बार पेशाब आना (Frequent urination in kidney stone)

किडनी स्टोन के कारण आपको बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है और पेशाब करने के बाद भी कई बार ऐसा महसूस होता है, जैसा आपका ब्लैडर पूरी तरह से खाली नहीं हुआ है। बार-बार पेशाब करने की इच्छा होना लेकिन पेशाब न आना भी किडनी स्टोन या किडनी से जुड़ी किसी अन्य बीमारी का संकेत हो सकता है।

5. पेशाब के रंग में बदलाव (Change in the urine color in kidney stone)

किडनी स्टोन के कारण किडनी अंदर से काफी प्रभावित हो जाती है और ठीक से फिल्टर नहीं कर पाती है। इस कारण से पेशाब के रंग में भी काफी बदलाव देखे जा सकते हैं। पेशाब का रंग ज्यादा पीला या फिर गहरा रंग होना किडनी डैमेज या किडनी स्टोन का संकेत हो सकता है और ऐसे में जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क कर लेना चाहिए।