Add The Health Site as a
Preferred Source
Add The Health Site as a Preferred Source

फाइब्रॉएड से लेकर कैंसर तक सबका छोटे चीरे की सर्जरी से हो सकता है इलाज, बस इस बात का ध्यान रखें महिलाएं

Surgical Treatment For Cancer: महिलाओं को होने वाली कई हेल्थ प्रॉब्लम्स का समाधान भी एडवांस तकनीक की रोबोटिक सर्जरी की मदद से किया जा सकता है, जिसके बारे में हम आपको इस लेख में बताने वाले हैं।

फाइब्रॉएड से लेकर कैंसर तक सबका छोटे चीरे की सर्जरी से हो सकता है इलाज, बस इस बात का ध्यान रखें महिलाएं
VerifiedMedically Reviewed By: Dr. Dimple K Ahluwalia

Written by Mukesh Sharma |Updated : March 9, 2026 5:37 PM IST

Women Health Problems and Treatment: मेडिकल साइंस इतना एडवांस हो गया है कि अब सर्जरी का मतलब सिर्फ इलाज करना नहीं रहा, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना हो गया कि सर्जरी के दौरान मरीज को कम से कम परेशानी हो और वह जल्द से जल्द रिकवर होकर अपनी रोजाना के जीवन में वापस लौट सके। महिलाओं से जुड़ी कई बीमारियों के इलाज में रोबोटिक सर्जरी एक नई और आधुनिक तकनीक के रूप में सामने आई है। इससे सर्जरी ज्यादा सटीक होती है और मरीज को जल्दी आराम मिलता है। जहां महिलाएं हिचकिचाहट के कारण बहुत सी समस्याओं के बारे में डिस्कस करने से भी कतराती थी, आज महिलाओं के लिए नए और एडवांस मेडिकल ट्रीटमेंट बन चुके हैं, जिनकी मदद से महिलाएं कम से कम समय में अपने हेल्थ प्रॉब्लम से छुटकारा पा सकती हैं।

पहले सर्जरी से लोग इसलिए डरते थे क्योंकि एडवांस तकनीक न होने के कारण बड़ा चीरा लगाकर सर्जरी की जाती थी और उसके घाव को रिकवर होने में महीनों लग जाते थे। इस दौरान मरीज को बिस्तर पर रहना पड़ता था और बहुत से परहेज भी करने पड़ते थे। वहीं बड़े चीरे वाली सर्जरी से कई जटिलताएं होने का खतरा भी ज्यादा रहता था। लेकिन रोबोटिक सर्जरी एक तरह की मिनिमली इनवेसिव सर्जरी है, यानी इसमें बड़े चीरे लगाने की जरूरत नहीं होती। डॉक्टर एक खास रोबोटिक सिस्टम की मदद से सर्जरी करते हैं, जिसे वे एक कंसोल से कंट्रोल करते हैं। इस तकनीक में हाई-डेफिनिशन 3-डी कैमरा और बहुत बारीक उपकरण होते हैं, जिनकी मदद से शरीर में छोटे-छोटे चीरे लगाकर ऑपरेशन किया जाता है।

डॉ. डिंपल के आहलूवालिया, एसोसिएट डायरेक्टर – गाइनेकोलॉजी और गाइनेकोलॉजिक ऑन्कोलॉजी, मेदांता, गुरुग्राम

महिलाओं की समस्याओं के लिए रोबोटिक सर्जरी

महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी कई ऐसी बीमारियां हैं, जिनका इलाज अब मिनीमली इनवेसिव सर्जरी या रोबोटिक सर्जरी की मदद से किया जा रहा है। इससे महिलाओं को सर्जरी के दौरान कम से कम परेशानी होती हैं और सर्जरी के बाद वे रिकवर भी जल्दी हो जाती हैं। महिलाओं में आमतौर पर निम्न समस्याओं का इलाज रोबोटिक सर्जरी की मदद से किया जा सकता है -

  • फाइब्रॉएड यानी गर्भाशय में गांठ (Fibroid)
  • एंडोमेट्रियोसिस (Endometriosis)
  • ओवेरियन सिस्ट (Ovarian cyst)
  • गर्भाशय निकालने की सर्जरी (Hysterectomy)
  • पेल्विक ऑर्गन प्रोलैप्स (Pelvic Organ prolapse)
  • एंडोमेट्रियल कैंसर (Endometrial cancer)
  • शुरुआती सर्वाइकल कैंसर (Early cervical cancer)

इन समस्याओं का इलाज आमतौर पर अब रोबोटिक सर्जरी जैसी एडवांस मेडिकल तकनीकों की मदद से किया जाना लगा है और इसकी सबसे बड़ी खास बात यह है कि इस प्रोसीजर के बाद मरीज की रिकवरी बहुत जल्दी हो जाती है। कारण वही है, क्योंकि इसमें बड़े चीरे नहीं लगाए जाते, इसलिए मरीज को कम दर्द होता है, खून कम बहता है और शरीर को कम नुकसान पहुंचता है। इसी वजह से मरीज को अस्पताल में कम दिन रहना पड़ता है और वह जल्दी अपने रोजमर्रा के काम शुरू कर सकता है।

Also Read

More News

(और पढ़ें - महिलाएं के पेट के निचले हिस्से में दर्द क्यों होता है)

महिलाओं को डरने की जरूरत नहीं

पहले की जाने वाली सर्जिकल प्रोसीजर जिनमें कॉम्प्लिकेशन होने का खतरा काफी ज्यादा रहता था, वहीं आज के समय में रोबोटिक सर्जरी का इस्तेमाल किया जाता है जिसे सबसे ज्यादा खास उसकी सटीकता ही बनाती है। इसमें डॉक्टर को शरीर के अंदर का हिस्सा साफ और बड़ा दिखाई देता है। इससे सर्जन को नसों, रक्त वाहिकाओं और अन्य महत्वपूर्ण अंगों के आसपास बहुत सावधानी से सर्जरी करने में मदद मिलती है। यह खासतौर पर कैंसर का इलाज करने के लिए सर्जरी के रूप में बेहद उपयोगी होती है।

इसके अलावा, रोबोटिक सर्जरी से पेल्विक अंगों के काम को सुरक्षित रखने में भी मदद मिलती है। कुछ सर्जरी के दौरान डॉक्टर नसों को बचाने की कोशिश करते हैं, जिससे मूत्राशय, आंत और यौन स्वास्थ्य से जुड़े कार्य सामान्य रूप से बने रह सकते हैं। इससे सर्जरी के बाद मरीज की जीवन गुणवत्ता बेहतर रहती है।

निशान और स्कार बहुत कम

बड़े चीरे वाली सर्जरी जिसके स्कार व निशान जीवन भर रहते हैं वहीं रोबोटिक सर्जरी में छोटे चीरे लगते हैं, इसलिए शरीर पर निशान भी बहुत कम दिखाई देते हैं। यह कई महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इससे सर्जरी के बाद आत्मविश्वास और मानसिक स्थिति पर सकारात्मक असर पड़ता है। जल्दी रिकवरी होने के कारण महिलाएं जल्दी अपने परिवार की जिम्मेदारियों, काम, व्यायाम और सामाजिक जीवन में वापस लौट सकती हैं। खासकर कामकाजी महिलाओं और युवा मरीजों के लिए यह बहुत मददगार साबित होता है।

कैंसर के मामलों में प्रभावी

गाइनेकोलॉजिक कैंसर के मरीजों के लिए भी यह तकनीक कई मामलों में फायदेमंद होती है। सर्जरी के बाद शरीर जल्दी ठीक होने से मरीज समय पर कीमोथेरेपी या रेडिएशन जैसे आगे के इलाज शुरू कर सकते हैं। इससे पूरे इलाज की प्रक्रिया थोड़ी आसान हो जाती है। आज के समय में जहां महिलाओं का स्वास्थ्य लगातार खराब रहने लगा है, ऐसे में ये नई एडवांस मेडिकल प्रोसीजर काफी फायदेमंद और प्रभावी हो सकती हैं।

हालांकि, हर मरीज के लिए रोबोटिक सर्जरी जरूरी हो, ऐसा नहीं है। सर्जरी का तरीका मरीज की बीमारी, उसकी सेहत और डॉक्टर की सलाह के आधार पर तय किया जाता है। इसलिए किसी भी इलाज से पहले डॉक्टर से सही सलाह लेना बहुत जरूरी होता है। आने वाले समय में जैसे-जैसे मेडिकल तकनीक और बेहतर होगी, रोबोटिक सर्जरी से मरीजों को और भी ज्यादा फायदा मिलने की उम्मीद है। आधुनिक स्त्री रोग सर्जरी का उद्देश्य यही है कि बीमारी का सही इलाज हो और महिलाएं जल्दी स्वस्थ होकर अपनी सामान्य और सक्रिय जिंदगी जी सकें।

Add The HealthSite as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।