क्या आपकी भी सीढ़ियां चढते व उतरते समय सांस फूलती है? इन बातों का रखें विशेष ध्यान

लगातार बिगड़ती जीवनशैली के कारण आजकल लोगों को जल्दी थकावट जैसी समस्याएं होने लग गई हैं, जिससे सीढ़ियां चढ़ने या थोड़ा-बहुत चलने से ही सांस फूलने लगता है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : February 19, 2022 12:21 AM IST

कोरोना महामारी ने सबकी जीवनशैली को उथल-पुथल कर रख दिया है, जिससे लोगों की सेहत पर गहरा असर पड़ता है। पूरा दिन घर में बंद रहने के कारण लोगों को काफी मानसिक और शारीरिक परेशानियों को झेलना पड़ा और उसका असर आज तक भी है। साथ ही आजकल लोगों की खानपान से संबंधित आदतें भी काफी बिगड़ चुकी हैं, हर किसी को हरी सब्जियां नहीं बल्कि आलू के तले हुए चिप्स पसंद आने लगे हैं। ऐसे में लोग सिर्फ बीमार ही नहीं पड़ते हैं, बल्कि उनका शरीर कमजोर पड़ जाता है और उनमें स्टैमिना की कमी हो जाती है। यही कारण है कि लोग सीढ़ियां चढ़ने की बजाय लिफ्ट लेना पसंद करते हैं क्योंकि दो-चार सीढ़ियां चढ़ते ही उनकी सांस फूलने लग जाती है और दिल की धड़कने भी बढ़ जाती है। वैसे तो सीढ़ियां चढ़ना और उतरना फिट रहने का सबसे सस्ता व अच्छा तरीका है और हर किसी को यह अपनाना चाहिए। लेकिन, जो लोग जल्दी थकने के कारण ऐसा कर ही नही पाते हैं, उन्हें क्या करना चाहिए? आज हम इस लेख के माध्यम से यही जानेंगे कि दो-चार सीढ़ियां चढ़ते ही आप क्यों हांफने लगते हैं और ऐसे में क्या किया जाना चाहिए?

क्यों होती है सीढ़ियां चढ़ने पर सांस फूलने की दिक्कत

कुछ सीढ़ियां चढ़ते ही हांफने लगना कोई सामान्य संकेत बिल्कुल नहीं है और इसके पीछे कई कारण छिपे हो सकते हैं। शरीर में पोषण की कमी होना जल्दी थकावट होने का प्रमुख कारण हो सकता है। हालांकि, बात सिर्फ इतनी ही नहीं है कई बार पर्याप्त पोषण मिलने के बाद भी आप थोड़ी सी बॉडी एक्टिविटी करते ही थक जाते हैं जो किसी अंदरूनी बीमारी का संकेत हो सकता है। उदाहरण के लिए ज्यादा नींद आना, अनिद्रा, मानसिक रोग और एनीमिया जैसे रोग भी जल्दी थकावट होने का कारण बन सकते हैं।

किन बातों का रखना चाहिए विशेष ध्यान

हालांकि, थोड़ा बहुत चलना या सीढ़ियां चढ़ने पर थकान होना हर बार किसी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होता है और कुछ मामलों में इसके पीछे कोई जानलेवा बीमारी भी हो सकती है। इसलिए यदि आपको सीढ़ियां चढ़ते समय थकान होती है, तो निम्न बातों का ध्यान रखें -

  • शरीर का वजन सामान्य से अधिक न होने दें
  • रात को जल्दी सोएं और सुबह जल्दी उठें
  • रोजाना पूरी नींद लें और दिन में सोने की आदत न डालें
  • पोषक तत्वों युक्त आहार लें और बाहर के तले हुए खाने से बचें
  • नियमित रूप से व्यायाम व एक्सरसाइज करें

हालांकि, यदि एक स्वस्थ जीवन जीने के बाद भी आपको जल्दी सांस फूलने जैसी समस्या रहती है, तो जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क कर लेना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि यह क्रोनिक फैटीग सिंड्रोम (Chronic fatigue syndrome) का संकेत हो सकता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source