Fact Check : क्या वाकई भारती सिंह का UTI जीरा-अजवाइन का पानी पीने से ठीक हुआ?

इंस्टाग्राम पर इन दिनों भारती सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने जीरा-अजवाइन का पानी पीकर सिर्फ 3 दिनों में यूटीआई की परेशानी ठीक की। आइए डॉक्टर से जानते हैं क्या सच में यूटीआई की परेशानी जीरा और अजवाइन का पानी ठीक कर सकता है?

WrittenBy

Written By: Kishori Mishra | Published : May 30, 2026 8:25 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Madhavi Reddy Vennapusa

Bharti Singh Viral Video: इन दिनों सोशल मीडिया पर कॉमेडियन भारती सिंह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह जीरा और अजवाइन का पानी पीने के फायदे बताती नजर आ रही हैं। वह वीडियो में कहती हुई नजर आ रही हैं कि उन्होंने अपने यूटीआई की समस्या को जीरा और अजवाइन का पानी पीकर ठीक किया। लगातर 3 दिनों तक उन्होंने जीरा और अजवाइन का पानी पिया, जिससे उन्हें यूटीआई की परेशानी से छुटकारा मिला।

भारती सिंह के वायरल हो रहे इस वीडियो को देखकर हर किसी के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या सच में जीरा और अजवाइन का पानी यूटीआई की परेशानी ठीक कर सकती है। इस विषय की जानकारी के लिए हमने हैदराबाद स्थित नारायणा हॉस्पिटल की सीनियर कंसल्टेंट ऑब्स्टेट्रिशियन और गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. माधवी रेड्डी वेन्नापुसा से बातचीत की है। आइए डॉक्टर से जानते हैं विस्तार से-

वायरल वीडियो में क्या कहती नजर आ रही हैं भारती सिंह?

Acharyamanishji नाम के एक अकाउंट से वीडियो पोस्ट की गई है। इस पोस्ट में भारती सिंह कहती नजर आ रही हैं कि, "मेरे को ना थोड़े महीने पहले इन्फेक्शन हो गया था, सच में बताऊं मैंने इस दौरान एक भी गोली नहीं खाई। जब मैंने डॉक्टर को बोला मुझे यूरिन इन्फेक्शन हुआ है, तो डॉक्टर्स ने मुझे काफी सारी गोलियां लिख दी, लेकिन हर्ष (भारती सिंह के पति) ने मुझे एक भी गोली नहीं खाने दी। मैंने सिर्फ जीरा और अजवाइन का पानी पी-पीकर खुद को तीन दिन में ठीक कर लिया"

भारती सिंह का वीडियो में कहना है कि अगर मैं गोली खाती, तो भी मुझे ठीक होने में उतना ही समय लगना था। भले ही भारती सिंह जीरा और अजवाइन का पानी पीकर ठीक हो गई हों, लेकिन क्या सभी मरीजों के लिए ऐसा करना सही है।

क्या सच में जीरा-अजवाइन का पानी यूटीआई ठीक कर सकता है?

डॉक्टर माधवी कहती हैं कि सिर्फ अजवाइन और जीरे के पानी से यूटीआई की समस्या को पूरी तरह से ठीक नहीं किया जा सकता है। यह सिर्फ एक सपोर्टिंव होम रेमेडीज की तरह काम कर सकता है। डॉक्टर कहती हैं कि यूटीआई एक बैक्टीरियल इंफ्केशन है, जो बिना एंटी-बायोटिक्स के ठीक नहीं हो सकती है।

डॉक्टर का कहना है कि जीरा और अजवाइन में एंटीबैक्टीरियल, एंटीफंगल और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो संक्रमण से लड़ने में कुछ हद तक मदद कर सकते हैं। ये पेशाब के दौरान होने वाली जलन और दर्द को कम करने में भी राहत दे सकते हैं। इसके अलावा, ये मसाले शरीर को डिटॉक्स करने, पाचन सुधारने और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में सहायक माने जाते हैं।

कैसे करें जीरा-अजवाइन पानी का सेवन?

डॉक्टर ने बताया कि अगर आप यूटीआई में सपोर्टिव होम-रेमेडीज की तरह इसका इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो इस पानी को बनाना बहुत ही आसान है। इसके लिए आधा-आधा चम्मच जीरा और अजवाइन एक गिलास पानी में डालकर लगभग 5 मिनट तक उबालें। जब पानी आधा रह जाए, तो इसे छानकर गुनगुना होने पर पिएं।

हालांकि, अगर आपको UTI के लक्षण जैसे बार-बार पेशाब आना, पेशाब में जलन या पेट दर्द महसूस हो रहा है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और जरूरी जांच करवाएं।

Disclaimer : ध्यान रखें कि बिना मेडिकल सलाह के केवल घरेलू नुस्खों पर निर्भर रहने से संक्रमण बढ़ सकता है और किडनी तक फैलने का खतरा भी हो सकता है। जीरा-अजवाइन का पानी एंटीबायोटिक दवाओं के साथ एक सहायक उपाय के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन इसे इलाज का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source