
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : March 1, 2023 3:44 PM IST
Tips to control cholesterol: कोलेस्ट्रॉल आज के समय की एक गंभीर समस्या बन गई है, जो न सिर्फ हार्ट अटैक बल्कि हार्ट से जुड़ी अन्य बीमारियों के खतरे को भी लगातार बढ़ा रही है। सबसे बड़ी परेशानी की बात यह है कि बहुत से लोगों को यह पता लगने में भी काफी देर लग जाती है कि वे हाई कोलेस्ट्रॉल के मरीज हो चुके हैं। ज्यादातर मामलों में हाई कोलेस्ट्रॉल से तब तक किसी प्रकार का लक्षण पैदा नहीं होता है, जब तक स्थिति गंभीर न हो जाए और इस कारण से कई बार हार्ट से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए समय-समय पर इसकी जांच तो जरूरी ही है, लेकिन जो व्यक्ति पहले से ही कोलेस्ट्रॉल से पीड़ित हैं उन्हें इस बारे में डॉक्टर या किसी एक्सपर्ट्स की सलाह लेनी चाहिए। इस बारे में हमने डॉक्टर वैभव मिश्रा से बात की और उन्होंने बताया कि बैड कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखने और उससे होने वाली हार्ट डिजीज के खतरे को कम करने के लिए गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाना जरूरी है। डॉक्टर वैभव मिश्रा दिल्ली के पटपड़गंज में स्थिति मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में डायरेक्टर एंड हेड है और सीटीवीएस के स्पेशलिस्ट हैं।
डॉक्टर वैभव कहते हैं कि शरीर में कोलेस्ट्रॉल दो प्रकार के होते हैं, गुड कोलेस्ट्रॉल और बैड कोलेस्ट्रॉल। शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने के लिए गुड कोलेस्ट्रॉल का लेवल अच्छा होना जरूरी है। ऐसा इसलिए है क्योंकि गुड कोलेस्ट्रॉल यानी एचडीएल ब्लड से बैड कोलेस्ट्रॉल (एलडीएल) को निकालने के काम करता है। दुर्भाग्य से गुड कोलेस्ट्रॉल यानी एचडीएल लेवल बढ़ाने के लिए कोई दवा मौजूद नहीं है। हालांकि, कुछ एक्टिविटी की जा सकती हैं, जो गुड कोलेस्ट्रॉल लेवल को बढ़ाने और बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में मदद कर सकती हैं।
डॉक्टर वैभव के अनुसार एचडीएल लेवल को सुधारने के लिए सही लाइफस्टाइल का होना जरूरी है। अपने लाइफस्टाइल का अच्छा बनाने के लिए आपको रोजाना सही समय पर सोने और उठने की आदत डालनी होगी। साथ ही रात को देर से खाना खाने की आदत छोड़ दें।
डॉक्टर वैभव मिश्रा के मुताबिक ब्लड में गुड कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ाने और बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल कम करने के लिए नियमित रूप से एक्सरसाइज करना जरूरी है। कोलेस्ट्रॉल के मरीजों को रोजाना कम से कम 30 से 45 मिनट एक्सरसाइज करना जरूरी है और उनमें विशेष रूप से कार्डियो, ब्रिस्क वॉक और साइकलिंग जरूरी है। ये एक्सरसाइज न सिर्फ आपके गुड कोलेस्ट्रॉल लेवल को सुधारने का काम करेंगी बल्कि आपको बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल कम करने में भी मदद मिलेगी।
ब्लड से बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल को कंट्रोल करने के लिए सही डाइट का होना बहुत जरूरी है, क्योंकि डाइट इस बीमारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। डॉक्टर वैभव के मुताबिक फैटी फूड्स का सेवन न करें, साथ ही डीप फ्राई किए हुए फूड्स, प्रोसेस्ड फूड्स और पिज्जा, पास्ता आदि जैसी चीजों का सेवन करने से जितना हो सके बचें। अपनी डाइट में ज्यादा से ज्यादा फाइबर रिच फूड्स का सेवन करें।
डॉक्टर वैभव ने बताया कि कोलेस्ट्रॉल के मरीजों को उन्हें होने वाली अन्य बीमारियों का ध्यान रखना भी जरूरी है जैसे थायराइड आदि। इस प्रकार इन सभी बातों का ध्यान रखकर बॉडी में बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है।