40 की उम्र के बाद बढ़ने लगता है मुंह की बीमारियों का खतरा, एक्सपर्ट्स से जानें ओरल हेल्थ को कैसे रखें स्वस्थ

Oral health: बढ़ती उम्र के कारण मुंह से जुड़ी बीमारियों का खतरा काफी ज्यादा देखा जाता है, जो जिसे कम करने के लिए कई अलग-अलग चीजों पर ध्यान भी दिया जा सकता है। इस लेख में जानें ओरल हेल्थ की समस्या का कारण।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : April 26, 2024 10:21 AM IST

Oral health problems after age of 40: जब उम्र 40 की हो जाती है, तो उसके बाद शरीर में कई प्रकार की कमियां होने लगती हैं, खासकर कैल्शियम, विटामिन डी की कमी और अपनी ओरल हेल्थ पर ध्यान न देने के कारण उन्हें बाद में कई प्रकार की मुंह से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में आपको अपनी ओरल हेल्थ को लेकर और भी सजग रहना होता है, आप अपने खानपान, साफ सफाई से लेकर चेकअप के माध्यम से अपनी ओरल हेल्थ का ख्याल रख सकते हैं। श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट में दंत चिकित्सक डॉ. पुनीत आहुजा ने बढ़ती हेल्थ कंडीशन के कारण हो रही इन समस्याओं के बारे में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां दी।

ओरल हेल्थ के लिए खानपान पर रखें ध्यान

सबसे पहले आपको अपने खानपान पर ध्यान देना पड़ेगा। क्योंकि इस उम्र में शरीर में केल्सियम और विटामिन डी की कमी के कारण दांत कमजोर पड़ने लगते हैं। इसलिए आप अपने खानपान में पोषक तत्वों से भरपूर नट्स ले सकते हैं, ये नट्स मुंह में ज्यादा लार बनाने में मदद करते हैं। इसके अलावा कैल्शियम से भरपूर दूध का उपयोग प्रतिदिन करें, इससे दांत और मसूड़े मजबूत रहते हैं, साथ ही अन्य दुग्ध उत्पाद जैसे पनीर, दही का भी सेवन करें इनसे मिलने वाले प्रोटीन आपके दांतों के बहुत फायदेमंद होते हैं। आप मछली का सेवन भी करें, क्योंकि मछली में ओमेगा-3 ऑयल भरपूर होता है, मछली के सेवन से मसूड़ों की समस्या नहीं होती है। आपने खाने में हरी पत्तेदार सब्जियां और ब्रोकली को प्राथमिकता दें यह कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है और इस उम्र में आपके दांतों की मजबूती के लिए बहुत जरूरी है।

साफ सफाई का रखें विशेष ख्याल

40 साल की उम्र होने के बाद आपके लिए अपनी ओरल हाइजीन का ध्यान रखना बहुत महत्त्वपूर्ण हो जाता है। इसके लिए आप प्रतिदिन दो बार ब्रश करें। सुबह उठने के बाद और रात को सोने से पहले जरूर ब्रश करें। इसके साथ ही डेंटल फ्लॉस का भी उपयोग आपके दांतों के लिए आवश्यक है इससे दांतों के बीच फंसे खाने के टुकड़े भी हट जाते हैं, जिससे बैक्टिरिया नहीं पनपते। इसके साथ ही हर कुछ महीनों में आप अपना ब्रश बदलते रहें, जिससे आपको इसका लाभ मिल सके और आपके दांत साफ रह सकें, हमेशा ब्रश के साथ जीभ को भी साफ करने के लिए जिब्भी का इस्तमाल करें, जीभ पर भी कीटाणु रहते हैं, जो आपकी ओरल हाइजीन के लिए नुकसानदेह हो सकते हैं। अधिक मीठी चीजें, तंबाकू, शराब, सिगरेट इत्यादि का सेवन न करें। इसके अलावा आपके खानपान में ऐसी चीजें लें जिन्हें चबाने से आपके जबड़ो की एक्सरसाइज हो सके, जैसे कच्चे गाजर, मूली, शलजम, मक्का आदि प्रकार के खाद्य पदार्थों का सेवन न सिर्फ आपकी सेहत के लिए लाभदायक है बल्कि इनसे आपकी मसूड़ों की एक्सरसाइज भी होती है।

समय समय पर चेकअप भी करते रहें

40 साल की उम्र होने के बाद आपको अपना ओरल हेल्थ का ख्याल रखना बहुत जरूरी हो जाता है, नहीं तो आगे चलकर बहुत दिक्कत होती है। इसलिए आपको कुछ कुछ महीनों में रेगुलर तौर पर अपने डेंटिस्ट से मिलकर अपने दांतों और मसूड़ोंं का चेकअप कराना चाहिए। आपको कुछ लक्षणों को अनदेखा भी नहीं करना चाहिए जैसे कहीं आपके मसूड़ों का रंग गुलाबी तो नहीं हो रहा, मुंह से बदबू तो नहीं आ रही, चबाने पर आपके दांतों में दर्द तो नहीं होता, आपके मसूड़ों में किसी तरह की कोई तकलीफ़ नहीं होती है, यदि इस प्रकार की समस्या है तब आपको तुरंत डेंटिस्ट के पास जाना चाहिए। इसलिए यदि आप सुखमय जीवन व्यतीत करना चाहते है तो 40 की उम्र के बाद से ही आप अपनी ओरल हेल्थ को लेकर सजग रहें और स्वस्थ रहें।