hamburger icon
A
Read in English

दांतों को नुकसान पहुंचा रही है मुंह की बदबू, एक्सपर्ट्स से जानें इसके कारण और बचाव का सही तरीका

Bad breath: मुंह की ठीक से सफाई न करने के कारण आमतौर पर मुंह में बदबू होने लगती है। लेकिन कई बार मुंह से बदबू आना किसी बड़ी बीमारी का संकेत भी हो सकता है। इस लेख में एक्सपर्ट से जानें मुंह में बदबू किस कारण होती है और इस से बचाव कैसे किया जा सकता है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : August 31, 2022 3:46 PM IST

Oral hygiene: एक अच्छी मुस्कान हर किसी को चाहिए होती है और जिस व्यक्ति की स्माइल अच्छी होती है, उसे सब प्यार भी करते हैं। लेकिन मुंह से बदबू आना ऐसी समस्या है, जो आपकी चेहरे की मुस्कान छीन सकती है। कल्पना कीजिए आप अपने दोस्त से बात कर रहे हैं और अचानक से आपको दोस्त आपको बताए कि ‘आपके मुंह से बदबू आ रही है’। दुर्भाग्य से अगर किसी व्यक्ति के साथ ऐसी कोई घटना घट जाए तो शायद वह इसे अपनी जिंदगी में कभी भूल नहीं पाएगा। इसलिए मुंह की देखभाल भी जरूरी है, ताकि बदबू जैसी समस्या कभी न हो पाए। मुंबई की डेंटल सर्जन डॉक्टर क्षमा चंदन मुंह की बदबू के बारे में बात की और साथ ही उसके कारण व उससे बचने के तरीके के बारे में भी बताया।

मुंह से बदबू आना भी है बीमारी

डॉक्टर क्षमा चंदन के अनुसार मुंह से बदबू आना एक बीमारी है, जिसे हेलिटोसिस (Halitosis) के नाम से जाना जाता है। यह आमतौर पर सालों को मुंह की ठीक से सफाई न करने के कारण होती है। सुंह के अंदर स्वच्छता न बनाए रखने के कारण जीभ, दांत व मुंह के अन्य हिस्सों में बैक्टीरिया पनपने लगते हैं। जब आप खाना खाते हैं और उसके बाद मुंह की अच्छे से सफाई नहीं करते हैं, तो कुछ खाना मुंह के अंदर ही रह जाता है, जिससे बैक्टीरिया अपना भोजन बनाते हैं।

उन्होंने आगे बताया कि इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है, ज्यादातर मामलों में हेलिटोसिस के साथ-साथ कई अन्य समस्याएं भी पाई जाती हैं जैसे मसूड़ों की सूजन, पेरिओडोन्टाइटिस और ड्राई माउथ आदि। इसलिए समय-समय पर डेंटिस्ट के पास जाकर जांच करवाने मुंह संबंधी इन बीमारियों को बढ़ने से पहले ही पता लगाया जा सकता है और मुंह की बदबू से बचा जा सकता है।

मुंह की बदबू में डाइट की भी भूमिका

डॉक्टर बताती हैं कि पिछले कुछ सालों में कम कार्बोहाइड्रेट वाली डाइट की लोकप्रियता बढ़ती है और यह भी मुंह से बदबू आने के कारणों में से एक है। उन्होंने आगे कहा कि इस समस्या को “कीटो ब्रीथ” ऐसे ही नहीं कहा जाता है। कीटो डाइट में कार्बोहाइड्रेट्स की मात्रा बेहद कम हो जाता है, तो शरीर वसा (फैट) से एनर्जी बनाना शुरू कर देता है। जैसे ही फैट का ब्रेक डाउन शुरू होता है, तो फैटी एसिड एसिटोन में बदलने लगते हैं और इस कारण से मुंह से अजीब बदबू आने लगती है।

डेन्चर पहनने से भी होने लगती है समस्याएं

उन्होंने आगे बताया कि जो लोग डेन्चर (कृत्रिम दांत) पहनते हैं, उन्हें भी अक्सर मुंह की बदबू से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसा इसलिए क्योंकि डेन्चर के बीच बैक्टीरिया बन जाते हैं और इस कारण से बदबू होने लगती है। समय-समय पर डेन्चर की सफाई न करना और को सोते समय उन्हें न निकालना मुंह में बदबू का कारण बन सकता है।

लिवर व किडनी के रोगों से हो सकती है मुंह में बदबू

अगर कोई व्यक्ति गंभीर रूप से किडनी या लिवर की बीमारियों से ग्रस्त है, तो उसे भी मुंह की बदबू का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, मुंह में बदबू होने के साथ-साथ मरीज को कई अन्य लक्षण भी महसूस हो सकते हैं और ऐसे में उन्हें जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

धूम्रपान व तंबाकू हैं बदबू के बड़े कारण

डॉक्टर क्षमा ने बताया कि सिगरेट व हुक्का पीना या तंबाकू चबाना भी मुंह के बदबू पैदा कर सकता है। साथ ही साथ इससे दांतों पर निशान पड़ जाते हैं और मसूड़े भी खराब हो जाते हैं। अगर इन लक्षणों को नजरअंदाज किया जाता है, तो इससे दांतों को सहारा प्रदान करने वाली मसूड़े खराब होने लगते हैं। उन्होंने आगे बताया कि दांतों पर प्लाक जमने लगना और बैक्टीरिया द्वारा विषाक्त पदार्थ बनाने के कारण मसूड़ों संबंधी बीमारियां होने लगती हैं।

दूसरी बीमारियां भी पैदा करती हैं बदबू

उपरोक्त कारणों के अलावा कुछ अन्य बीमारियां भी हैं, जो मुंह में बदबू पैदा करने का कारण बन सकती हैं। निमोनिया, ब्रोंकाइटिस डायबिटीज, पोस्टनेजल ड्रिप और साइन इन्फेक्शन जैसी कई ऐसी बीमारियां हैं, जो मुंह में बदबू आने का कारण बन सकती हैं।

क्या है मुंह की बदबू कम करने के उपाय

डॉक्टर क्षमा बताती हैं कि मुंह की बदबू को कम करने के लिए लहसुन व प्याज जैसे खाद्य पदार्थों का सेवन कम करें। साथ ही कुछ प्रकार की मछलियां व मीट खाने से भी मुंह में बदबू हो जाती है। अगर आप मुंह की बदबू से बचना चाहते हैं, तो खाने के साथ या उसके बाद एक गिलास दूध का सेवन मुंह की बदबू को कम करने में मदद कर सकता है।

  • एक कप कॉफी पीने या फिर शराब पीने की जगह अगर आप ताजे व ठंडे पानी का गिलास पीते हैं, तो उससे भी आपके मुंह की बदबू को दूर करने में मदद मिलेगी
  • रोजाना दिन में दो बार अपने दांतों को ब्रश से साफ करें और फ्लोराइड टूथपेस्ट का ही इस्तेमाल करें।

डॉक्टर क्षमा चंदन एडवांस्ड प्रोस्थोडॉन्टिक्स में डिग्री होल्डर हैं और मुंबई में अपना House of tooth चला रही हैं।