Add The Health Site as a
Preferred Source
Add The Health Site as a Preferred Source

शरीर में खून न बनने के कौन से कारण हो सकते हैं? जानें कैसे करें इनके लक्षणों की पहचान

Khoon ki Kami: शरीर में खून की कमी होने से कई बीमारियां पैदा हो सकती है और इसे रोकने के लिए यह पता लगाना भी जरूरी है कि आखिर किन कारणों से शरीर में खून की कमी होने लगती है।

शरीर में खून न बनने के कौन से कारण हो सकते हैं? जानें कैसे करें इनके लक्षणों की पहचान
causes of anemia
VerifiedMedically Reviewed By: Dr. Mohd Shahid

Written by Mukesh Sharma |Updated : April 10, 2026 8:27 PM IST

ब्लड हमारे शरीर की लाइफलाइन की तरह है, जिससे शरीर के एक-एक हिस्से को ऑक्सीजन से लेकर जरूरी पोषक तत्व मिलते है और इसलिए शरीर में पर्याप्त खून होना बहुत जरूरी है। जितना यह जानना जरूरी है कि खून की कमी होने पर क्या करना है, उतना ही ये जानना भी जरूरी है कि खून की कमी क्यों होती है। ऐसा इसलिए ताकि आप भविष्य में अपने व अपने परिवार वाले किसी भी व्यक्ति के शरीर में खून की कमी होने से रोक पाएं। क्योंकि शरीर में खून की कमी होने से शरीर के सभी हिस्सों पर उसका प्रभाव पड़ता है और कुछ गंभीर स्थितियों में बॉडी के इंटरनल ऑर्गन्स में परमानेंट डैमेज होने का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए इस लेख में हम डॉ. मोहम्मद शाहिद से जानेंगे आखिर शरीर में खून की कमी किस कारण से होती है और इसके क्या लक्षण हो सकते हैं?

एक स्वस्थ जीवन के लिए शरीर में खून (हीमोग्लोबिन) की पर्याप्त मात्रा बहुत जरूरी है। जब शरीर में खून कम बनने लगता है, तो इसे आमतौर पर एनीमिया कहा जाता है। यह समस्या बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में ज्यादा देखी जाती है। खून की कमी होने पर कमजोरी, चक्कर आना, थकान, सांस फूलना और त्वचा का पीला पड़ना जैसे लक्षण नजर आने लगते हैं।

डॉ. मोहम्मद शाहिद, सीनियर कंसल्टेंट - इंटरनल मेडिसिन, अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल, कानपुर

1. आयरन की कमी

खून न बनने का सबसे आम कारण शरीर में आयरन की कमी होना है। आयरन ही हीमोग्लोबिन बनाने में मुख्य भूमिका निभाता है। हरी सब्जियां, गुड़, चुकंदर, अनार और दालों का कम सेवन करने से यह कमी हो सकती है। खासकर महिलाओं में मासिक धर्म के दौरान खून की कमी का जोखिम बढ़ जाता है, इसलिए खासतौर पर इन दिनों से पहले और बाद में डाइट का खास ध्यान रखने के सलाह दी जाती है।

2. विटामिन की कमी

शरीर में खून बनने की प्रक्रिया में कुछ विटामिन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिनमें मुख्य रूप से विटामिन बी12 (Cobalamin) और विटामिन बी9 (Folic Acid) हैं। ये दोनों विटामिन लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण के लिए जरूरी होते हैं। इनकी कमी होने पर शरीर पर्याप्त और स्वस्थ खून नहीं बना पाता। अगर शरीर में इनकी कमी होती है, तो उसके कारण भी खून की कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

Also Read

More News

(और पढ़ें - शरीर में विटामिन की कमी होने के नुकसान)

3. लंबे समय तक बीमारियां

लंबे समय तक रहने वाली बीमारियां जिन्हें मेडिकल भाषा में क्रोनिक डिजीज कहा जाता है जैसे किडनी रोग, कैंसर और थायराइड डिसऑर्डर भी खून बनने की प्रक्रिया को धीमा कर देती हैं। इन बीमारियों में शरीर की कार्यप्रणाली प्रभावित होती है, जिससे खून की कमी हो सकती है। इन बीमारियों को कंट्रोल रखना बहुत जरूरी है।

4. बोन मैरो की समस्या

बोन मैरो वह जगह है जहां खून बनता है। अगर इसमें कोई समस्या हो जाए, तो खून बनने की पूरी प्रक्रिया ही प्रभावित हो सकती है। अप्लास्टिक एनीमिया जैसी गंभीर बीमारी में बोन मैरो सही तरीके से काम नहीं करता, जिससे शरीर में खून की कमी हो जाती है। अगर किसी व्यक्ति को बोन मेरो से जुड़ी कोई समस्या है, तो उसे नियमित रूप से जांच कराते रहना चाहिए और डॉक्टर द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों को ध्यानपूर्वक सुनना चाहिए।

5. ज्यादा खून बहना

किसी दुर्घटना, सर्जरी, हैवी पीरियड्स, इंटरनल ब्लीडिंग, स्टमक अल्सर या फिर किसी भी कारण से अगर ब्लीडिंग ज्यादा हो गई है, तो यह भी खून की कमी का एक बड़ा कारण बन सकता है। अगर ब्लीडिंग ज्यादा है, तो यह किसी न किसी कारण से गंभीर स्थिति का संकेत बन सकती है और ज्यादा परेशानियों का सामना इसके कारण करना पड़ सकता है।

6. खराब डाइट व लाइफस्टाइल

अनियमित खानपान, जंक फूड का ज्यादा सेवन, नींद की कमी और शारीरिक गतिविधि की कमी भी खून बनने की प्रक्रिया को प्रभावित करती है। शराब और धूम्रपान जैसी आदतें भी शरीर की पोषक तत्वों को अवशोषित करने की क्षमता को कम कर देती हैं।

7. आंतों से जुड़ी समस्याएं

पूरे स्वास्थ्य को सही रखने के लिए आंतों का स्वस्थ होना सबसे जरूरी है। अगर आंत से जुड़ी कोई समस्या है और इस कारण से आंत ठीक से पोषक तत्वों को अवशोषित नहीं कर पा रही है, तो इशके कारण भी खून की की होने लगती है। उदाहरण के रूप में सीलिएक रोग या अन्य पाचन संबंधी समस्याएं शरीर में आयरन और विटामिन के अवशोषण को प्रभावित करती हैं।

बचाव और उपाय

शरीर में खून की कमी होने से बचने के लिए सबसे जरूरी सही डाइट और लाइफस्टाइल होना जरूरी है। अपनी डाइट में आयरन, विटामिन B12 और फोलिक एसिड से भरपूर चीजें जैसे हरी पत्तेदार सब्जियां, फल, दूध, अंडा और दालें नियमित रूप से खानी चाहिए। नियमित रूप से एक्सरसाइज भी करते रहें, ताकि आपका ब्लड सर्कुलेशन ठीक रहे। साथ ही समय-समय पर ब्लड टेस्ट कराकर शरीर की स्थिति को जांचते रहना चाहिए।

Add The HealthSite as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।