hamburger icon
A
Read in English

नर्वस सिस्टम कमजोर होने के वे 4 लक्षण, जिन्हें लोग अक्सर इग्नोर कर देते हैं

तंत्रिका तंत्र से जुड़ी कई ऐसी समस्याएं हैं, जिनके शुरुआती लक्षणों को हम अक्सर सामान्य समझकर इग्नोर कर देते हैं और बाद में स्थिति बेहद गंभीर हो जाती है। इस लेख में हम इसी तरह के लक्षणों के बारे में जानेंगे जिन्हें सामान्य स्वास्थ्य समस्या समझ कर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : July 7, 2026 8:37 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr Khushboo Hatekar

हमारे शरीर का नर्वस सिस्टम जिसे हम हिन्दी भाषा में तंत्रिका तंत्र कहते हैं, हमारे शरीर का एक बेहद जरूरी अंग होता है। जब भी शरीर के जरूरी अंगों के बारे में बात की जाती है, तो ब्रेन और हार्ट जैसे अंगों के बारे में हम अक्सर सोचते हैं, लेकिन नर्वस सिस्टम के बारे में अक्सर ज्यादा बातें नहीं होती हैं लेकिन यह शरीर के लिए बेहद जरूरी अंग है। डॉ. खुशबू हातेकर, असिस्टेंट प्रोफेसर, डिपार्टमेंट ऑफ न्यूरोलॉजी DPU Super Specialty Hospital, Pimpri, Pune ने बताया कि एक न्यूरोलॉजिस्ट के तौर पर हम दिन भर में ऐसे कई मरीजों से मिलते हैं, जिनकी तंत्रिका तंत्र की समस्या सिर्फ इस कारण से बढ़ जाती है क्योंकि उन्हें इसकी सही जानकारी नहीं होती है। आजकल नर्वस सिस्टम से जुड़ी समस्याओं के मामले इसलिए भी बढ़ रहे हैं, क्योंकि नर्वस सिस्टम से जुड़े शुरुआती संकेतों को इग्नोर कर दिया जाता है या फिर सामान्य तनाव, थकान व बढ़ती उम्र के लक्षण समझकर इग्नोर कर दिया जाता है।

हाथों का ठीक से काम न करना

हाथों को सही से काम करने के लिए सही और हेल्दी नर्वस सिस्टम की जरूरत होती है और अगर किसी कारण से आपका तंत्रिका तंत्र सही से काम नहीं कर पाता है, तो हाथ में पकड़ी हुई चीजों अक्सर गिरने लगती हैं। इसके अलावा छोटे-छोटे काम जैसे शर्ट के बटन बंद न होना आदि में भी दिक्कत आने लगती है और ऐसा आमतौर पर इसलिए होता है क्योंकि आपका नर्वस सिस्टम सही तालमेल के साथ काम नहीं कर पा रहा है।

दिमाग की प्रतिक्रिया लंबी होना

हमारा दिमाग हमारे सामने हो रही चीजों जैसे आवाज आना या कोई चीज दिखना आदि पर प्रतिक्रिया देता है और अगर ऐसे में नर्वस सिस्टम ठीक नहीं है तो यही प्रतिक्रिया लंबे समय तक होने लगती है। सरल शब्दों में समझें तो अगर किसी तेज हॉर्न, किसी से थोड़ा-बहुत झगड़ा या फिर कोई तनावपूर्ण मैसेज के बाद आपका दिल लंबे समय तक तेज़ धड़कता है, हाथ-पैर कांपते या फिर आपका मन शांत न हो, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि आपके नर्वस सिस्टम में कोई दिक्कत है और ऐसी स्थितियों से लंबे समय तक प्रभावित रहता है।

सामान्य स्थितियों से ज्यादा परेशानी

तेज आवाज, तेज रोशनी या फिर बहुत ज्यादा भीड़ में होने से हर कोई परेशान रहता है, लेकिन अगर आपको उससे लंबे समय तक परेशानी रहती है तो यह भी नर्वस सिस्टम से जुड़ी किसी समस्या का संकेत हो सकता है। उदाहरण के रूप में अगर फ्रिज के गूंजने की आवाज, तेज लाइट या एक साथ कई लोगों के बातें करने की आवाज से आपको बहुत परेशान होने लगे तो यह सिर्फ चिड़चिड़ापन नहीं बल्कि तंत्रिका तंत्र से जुड़ी किसी समस्या का संकेत भी हो सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि आपका दिमाग एक साथ आने वाली जानकारी को सही तरीके से संभाल नहीं पा रहा है।

पूरी नींद लेने पर भी थकावट रहना

नींद हमारी बॉडी और माइंड को रिचार्ज करने का काम करती है, रात तक हमारा शरीर और दिमाग थक जाता है और नींद के बाद अगले दिन फिर से शरीर में एनर्जी आ जाती है। लेकिन अगर पर्याप्त नींद लेने के बाद भी थकावट महसूस होती है और दिमाग थका हुआ रहता है तो यह नर्वस सिस्टम की कमजोरी का संकेत हो सकता है। ऐसे में शरीर अपनी ऊर्जा का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पाता।

डिसक्लेमर: इस लेख का उद्देश्य केवल तंत्रिका तंत्र से जुड़ी समस्याओं व उनके शुरुआती संकेतों के बारे में कुछ जरूरी जानकारी देना है और इसमें दी गई किसी भी जानकारी का इस्तेमाल किसी भी बीमारी के इलाज के लिए नहीं है और उसके लिए आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।