Add The Health Site as a
Preferred Source
Add The Health Site as a Preferred Source

क्या ज्यादा मीठा खाने से हार्मोन बिगड़ने लगते हैं? जानें कैसे रखें अपने हार्मोन को बैलेंस

ज्यादा मीठा खाना सिर्फ आपका वजन ही नहीं बढ़ाता है, बल्कि हेल्थ एक्सपर्ट्स ने बताया कि यह हमारे हार्मोन के बैलेंस को भी खराब करता है जिससे कई बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है।

क्या ज्यादा मीठा खाने से हार्मोन बिगड़ने लगते हैं? जानें कैसे रखें अपने हार्मोन को बैलेंस
VerifiedMedically Reviewed By: Dr. Ruchi Shrivastava

Written by Mukesh Sharma |Published : March 30, 2026 4:52 PM IST

Jyada Chini Khane ke Nuksan: घर पर ही खाने-पीने की बहुत सारी ऐसी चीजें हैं, जो बाहर के जंक फूड्स से कम नहीं है और फिर भी हम जाने-अनजाने में उनका सेवन कर रहे हैं और हमें पता भी नहीं है कि उनका स्वास्थ्य पर क्या असर पड़ रहा है। चीनी यानी रिफाइंड शुगर भी उनमें से एक है, जिनके बारे में हम ज्यादा नहीं सोचते हैं और कभी चाय-कॉफी तो कफी मीठे पकवानों और मिठाइयों में चीनी का खूब सेवन कर रहे हैं। बाहर मिलने वाली मिठाइयां, चॉकलेट, बिस्किट व अन्य मीठे पेय पदार्थ भी शुगर से भरपूर होते हैं और इसलिए अलग-अलग चीजें खाते समय हमें पता नहीं होता है कि हम शुगर यानी चीनी की काफी ज्यादा मात्रा खा रहे हैं।

हमें यह भी पता है कि शुगर का सेवन करना हमारे वजन को बढ़ाता है, स्किन को नुकसान पहुंचाता है और यहां तक कि डायबिटीज और हार्ट से जुड़ी बीमारियों समेत कई गंभीर समस्याएं भी पैदा करता है। लेकिन क्या आपको पता है कि शुगर का जरूरत से ज्यादा सेवन हमारे हार्मोन लेवल में भी गड़बड़ी पैदा करता है?

डॉ. रुचि श्रीवास्तव (MBBS, MS, MAMS, FICOG, FMAS), डायरेक्टर – ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी, शारदाकेयर हेल्थसिटी

Also Read

More News

खाने में आम होता जा रहा मीठा

मार्केट में मिलने वाले न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स से लेकर घर पर बनने वाले खाने तक आजकल मीठा आम होता जा रहा है। पैकेज्ड जूस, चॉकलेट, बिस्किट और डेज़र्ट्स हमारी रोजमर्रा की डाइट का हिस्सा बन चुके हैं। यहां तक कि जिन चीजों को हम हेल्दी समझते हैं, उनमें भी फ्लेवर और स्वाद के नाम पर भर-भर कर मीठे का इस्तेमाल किया जा रहा है, उसमें चाहे आप पैक्ड फ्रूट जूस की बात करें या फिर प्रोटीन पाउडर।

आखिर हार्मोन इतने जरूरी क्यों है

सबसे पहले यही समझना होगा कि अगर हार्मोन लेवल बिगड़ भी गया तो उससे आखिर ऐसा क्या नुकसान होता है और आखिर हार्मोन लेवल को सही बनाए रखा इतना ज्यादा जरूरी क्यों है। दरअसल, हार्मोन हमारे शरीर के “मैसेजिंग सिस्टम” की तरह काम करते हैं। ये हमारे मूड, मेटाबॉलिज्म, पीरियड्स, फर्टिलिटी, नींद और एनर्जी लेवल तक को कंट्रोल करते हैं। ऐसे में अगर हार्मोनल बैलेंस बिगड़ जाए, तो कई स्वास्थ्य समस्याएं शुरू हो सकती हैं।

(और पढ़ें - महिलाओं में Hormone Imbalance के लक्षण)

चीनी का हार्मोन पर असर

शुगर के साइड इफेक्ट्स आप जानते होंगे, लेकिन इसका हार्मोन पर क्या असर पड़ता है,  इस बारे में आपको भी ज्यादा जानकारी नहीं होगी। इसलिए अब असली मुद्दे पर आते हैं, कि आखिर कैसे चीनी यानी मीठा हमारे हार्मोन के साथ गड़बड़ी कर सकते हैं। डॉ. रुचि श्रीवास्तव के अनुसार ज्यादा मीठा खाने से हार्मोनल असंतुलन बिगड़ सकता है। जब हम ज्यादा शुगर या मीठी चीजें खाते हैं, तो हमारे खून में ग्लूकोज का स्तर अचानक बढ़ जाता है। इसे कंट्रोल करने के लिए शरीर इंसुलिन नाम का हार्मोन रिलीज करता है।

अगर बार-बार ज्यादा मीठा खाया जाए, तो शरीर को बार-बार ज्यादा इंसुलिन बनाना पड़ता है। धीरे-धीरे शरीर इंसुलिन के प्रति कम संवेदनशील हो जाता है, जिसे इंसुलिन रेजिस्टेंस कहा जाता है। यही स्थिति आगे चलकर कई हार्मोनल समस्याओं की जड़ बनती है।

(और पढ़ें - इंसुलिन रेजिंस्टेंस कम करने के लिए क्या खाएं)

हार्मोनल असंतुलन से होने वाली समस्याएं

अगर कोई व्यक्ति अपनी डाइट में ज्यादा शुगर ले रहा है, तो न सिर्फ उसका वजन बढ़ता है बल्कि उसके हार्मोन भी असंतुलित होने लगते हैं और इसके कारण हार्मोन से जुड़ी निम्न समस्याएं हो सकती हैं -

  • पीसीओएस का खतरा - महिलाओं में इंसुलिन रेजिस्टेंस का सीधा असर ओवरी पर पड़ता है, जिससे पीसीओएस की समस्या हो सकती है। इसमें पीरियड्स अनियमित हो जाते हैं, चेहरे पर बाल बढ़ने लगते हैं और वजन बढ़ता है।
  • मेटाबॉलिज्म धीमा होना - ज्यादा शुगर लेने से शरीर में फैट जमा होने लगता और खासतौर पर यह फैट पेट के आसपास चर्बी के रूप में ही जमा होता है। इससे मेटाबॉलिज्म भी धीमा हो जाता है और शरीर का वजन बढ़ने लगता है।
  • मूड से जुड़ी समस्याएं - मीठा खाने से शरीर जितनी तेजी से एनर्जी आती है, उतनी ही तेजी से कम हो हो जाती है। अचानक से एनर्जी लेवल ड्रॉप होने के कारण चिड़चिड़ापन और मूड स्विंग हो सकते हैं और तनाव बढ़ने लगता है।
  • थायराइड पर असर - अगर लंबे समय से डाइट में ज्यादा शुगर लिया जा रहा है, तो इसका असर थायरॉयड हार्मोन पर भी पड़ सकता है, जिससे थकान, वजन बढ़ना और कमजोरी महसूस होती है।
  • फर्टिलिटी पर असर - ज्यादा मीठा खाने की आदत पुरुषों और महिलाओं दोनों की प्रजनन क्षमता को प्रभावित करती है, जिससे आने वाले समय में इनफर्टिलिटी जैसी समस्याओं का खतरा भी देखा जा सकता है।

कैसे पहचानें कि आपके हार्मोन बिगड़ रहे हैं?

हार्मोन असंतुलन से जुड़े लक्षणों की पहचान करना बहुत जरूरी है, क्योंकि इसके कुछ लक्षण सामान्य होते हैं और लोग इन्हें इस कारण से इग्नोर कर देते हैं। अगर आपको निम्न लक्षण दिखाई दें तो यह खराब हार्मोन लेवल का संकेत हो सकता है -

  • बार-बार थकान महसूस होना
  • अचानक वजन बढ़ना या कम होना
  • पीरियड्स का अनियमित होना
  • चेहरे पर मुंहासे या बाल बढ़ना
  • नींद न आना या बार-बार नींद टूटना
  • बार-बार मीठा खाने का मन करना
  • मूड स्विंग या चिड़चिड़ापन

इसलिए अगर किसी व्यक्ति को इस तरह के लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो उन्हें बिना देरी करते हुए जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क कर लेना चाहिए।

हार्मोन्स को बैलेंस रखने के लिए क्या करें?

यह जानने के बाद कि खराब हार्मोन हमारे स्वास्थ्य को किस तरह से नुकसान पहुंचाते हैं, अब हमें यह भी जान लेना चाहिए कि हार्मोन को बैलेंस रखन के लिए किया करना चाहिए। आप निम्न आदतें अपनाकर अपने हार्मोन लेवल को बैलेंस कर सकते हैं -

  • मीठा सीमित मात्रा में खाएं - पूरी तरह मीठा छोड़ने की जरूरत नहीं है, लेकिन इसे सीमित रखें। पैकेज्ड और रिफाइंड शुगर से दूरी बनाएं।
  • संतुलित आहार लें - डाइट में प्रोटीन, फाइबर, हेल्दी फैट्स और हरी सब्जियां शामिल करें। इससे ब्लड शुगर कंट्रोल में रहता है।
  • नियमित व्यायाम करें - रोजाना 30–40 मिनट की वॉक, योग या एक्सरसाइज इंसुलिन सेंसिटिविटी को बेहतर बनाती है।
  • पर्याप्त नींद लें - कम नींद लेने से हार्मोनल असंतुलन बढ़ सकता है। रोज 7–8 घंटे की नींद जरूरी है।
  • तनाव को कम करें - ज्यादा स्ट्रेस से “कॉर्टिसोल” हार्मोन बढ़ता है, जो बाकी हार्मोन्स को प्रभावित करता है। मेडिटेशन और रिलैक्सेशन तकनीक मदद कर सकती हैं।
  • पानी ज्यादा पिएं - पानी शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है और मेटाबॉलिज्म को सही रखता है।
  • नियमित हेल्थ चेकअप कराएं - अगर लक्षण लगातार बने रहें, तो डॉक्टर से सलाह लें और जरूरी जांच कराएं।

क्या पूरी तरह मीठा छोड़ना जरूरी है?

नहीं, पूरी तरह मीठा छोड़ना जरूरी नहीं है। शरीर को थोड़ी मात्रा में शुगर की जरूरत होती है, लेकिन यह प्राकृतिक स्रोतों जैसे फल, गुड़ या शहद से भी मिल सकती है। समस्या तब होती है जब हम रिफाइंड शुगर का ज्यादा सेवन करते हैं। इसलिए “मॉडरेशन” यानी संतुलन सबसे जरूरी है।

निष्कर्ष

ज्यादा मीठा खाना सिर्फ वजन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह धीरे-धीरे हमारे हार्मोन्स को भी प्रभावित करता है। इंसुलिन रेजिस्टेंस, पीसीओएस, थायरॉयड और फर्टिलिटी जैसी समस्याओं की शुरुआत अक्सर हमारी गलत खानपान की आदतों से ही होती है। अच्छी बात यह है कि सही डाइट, नियमित एक्सरसाइज, पर्याप्त नींद और तनाव को नियंत्रित करके हम अपने हार्मोन को संतुलित रख सकते हैं। इसलिए अगली बार जब आप ज्यादा मीठा खाने का मन बनाएं, तो एक बार अपने शरीर और उसके हार्मोनल संतुलन के बारे में जरूर सोचें, क्योंकि स्वस्थ हार्मोन ही स्वस्थ जीवन की कुंजी हैं।

Add The HealthSite as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।