
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : March 27, 2025 8:56 PM IST
Skin problems caused by summer: गर्मियों में सूरज की तेज रोशनी, ज्यादा नमी और बढ़ती तापमान स्किन के लिए कई समस्याएं पैदा कर सकती हैं। डॉ. डी.एम. महाजन, सीनियर कंसल्टेंट, डर्मेटोलॉजी, इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के अनुसार, गर्मियां आपकी स्किन को नुकसान पहुंचाती हैं, जिससे बचाव करना बेहद जरूरी है। डॉ. डी.एम. महाजन कहते हैं कि गर्मी और सूरज की सीधी रोशनी के संपर्क में आने से त्वचा जल सकती है, जिससे त्वचा पर जलन और लालिमा नजर आने लगती है। कई मामलों में यह दर्दनाक और असहज भी होती है। असल में गर्मी के मौसम में पसीना और पानी की कमी के कारण त्वचा में नमी की कमी हो जाती है, जिससे त्वचा रूखी लगने लगती है। वहीं गर्मियों में उच्च तापमान के कारण पसीना और तेल का उत्पादन बढ़ता है, जिससे पोर्स बंद हो जाते हैं और मुंहासे उभर सकते हैं। साथ ही सूरज की रोशनी से त्वचा में तन और काले धब्बे बन सकते हैं, जिससे त्वचा का रंग असमान हो जाता है। इस मौसम हीट रैशेज होने का खतरा भी काफी बढ़ जाता है। असल में पसीना जब त्वचा में फंसता है तो जलन, खुजली और लाल धब्बे हो सकते हैं, जिन्हें हीट रैशेज कहते हैं। डॉ. डी.एम. महाजन इससे बचने के लिए उपायों के बारे में भी बताते हैं, जो हैं।
गर्मी में बाहर निकलते समय हमेशा SPF 30 या उससे अधिक का सनस्क्रीन लगाना चाहिए। यह सूरज की हानिकारक यूवी किरणों से आपकी त्वचा को बचाती है। सनस्क्रीन को हर 2-3 घंटे में फिर से लगाएं, खासकर यदि आप पसीने से या पानी में नहाकर बाहर रहें।
गर्मियों में पर्याप्त पानी पीना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि गर्मी के मौसम में शरीर से पानी की अधिक हानि होती है। पानी पीने से त्वचा अंदर से हाइड्रेट रहती है, जिससे वह नमी युक्त, ताजगी से भरपूर और चमकदार नजर आती है। यह त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है।
दिन में दो बार हल्के फेस वॉश से चेहरा धोना आवश्यक है, ताकि त्वचा से अतिरिक्त तेल, गंदगी और पसीना हट सके। यह त्वचा को ताजगी और साफ-सफाई प्रदान करता है, जिससे पोर्स बंद नहीं होते और मुंहासों का खतरा कम होता है। यह आपकी त्वचा को स्वस्थ बनाए रखता है।
धूप से बचने के लिए हैट, सनग्लास और हल्के कपड़े पहनना महत्वपूर्ण है। ये आपकी त्वचा को सूरज की हानिकारक यूवी किरणों से बचाते हैं, जिससे सनबर्न, त्वचा की जलन और अन्य समस्याओं का खतरा कम होता है। इसलिए मौसम के अनुसार कपडे़ पहन कर रखना जरूरी है।
गर्मियों में भी त्वचा को हाइड्रेट की आवश्यकता होती है, इसलिए एक हल्का, तेल-रहित मॉइस्चराइजर लगाएं। इससे ज्यादा गर्मियों के मौसम में भी त्वचा की नमी बनी रहेगी। ऐसे में त्वचा को गर्मी के कारण होने वाले डैमेज से काफी हद तक बचाया जा सकता है।
साथ ही त्वचा को अंदर से पोषण देने के लिए फल, सब्जियां और ठंडे खाद्य पदार्थ जैसे ककड़ी और तरबूज का सेवन करें। स्किन को डैमेज होने से बचाने के लिए अंदर से पोषण मिलना जरूरी है, इसलिए सही खानपान का होना सबसे ज्यादा जरूरी है।
अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।