शरीर में होने वाले ये 5 लक्षण देते हैं डायबिटीज का संकेत, डॉक्टर से जानें कौन से लक्षण न करें इग्नोर

Diabetes early signs: डायबिटीज एक क्रोनिक बीमारी है, लेकिन समय रहते शरीर द्वारा दिए गए कुछ संकेतों की पहचान करके डायबिटीज को विकसित होने से रोका जा सकता है। डॉक्टर से जानें इन लक्षणों के बारे में।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : March 24, 2023 12:21 PM IST

Early signs of diabetes you should not ignore: मेडिकल साइंस द्वारा इतनी तरक्की करने के बाद भी कई ऐसी बीमारियां हैं जिनका जड़ से इलाज नहीं मिल पाया है। डायबिटीज भी ऐसी ही एक क्रोनिक बीमारी है, जिसका कोई इलाज नहीं है बस दवाओं, सही डाइट और लाइफस्टाइल की मदद से इसे मेंटेन किया जा सकता है। लेकिन डायबिटीज होने से पहले शरीर कुछ संकेत देता है और समय रहते इन लक्षणों की पहचान कर उचित देखभाल शुरू कर दी जाए तो डायबिटीज को होने से रोका जा सकता है। डायबिटीज के मामले हमारे देश में भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं और इसलिए जरूरी हैं इसके संकेतों का समय रहते पता लगाया जा सके। इसलिए हमने पटपड़गंज के मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के एसोसिएट डायरेक्टर, नेफ्रोलॉजी डॉक्टर वरुण वर्मा से बात की और उन्होंने डायबिटीज के संकेतों से जुड़े कुछ जरूरी संकेतों के बारे में बताया।

1. कमजोरी रहना (Weakness in diabetes)

डॉक्टर वरुण के अनुसार यदि आपको दिनभर कमजोरी महसूस हो रही है, तो यह डायबिटीज का संकेत हो सकता है। इस लक्षण को इग्नोर नहीं करना चाहिए और यह महसूस होते ही तुरंत डॉक्टर से इस बारे में बात कर लेनी चाहिए। यह भी संभव है कि अगर समय रहते इस लक्षण की पहचान कर ली जाए तो डायबिटीज को होने से रोका जा सकता है।

2. दिनभर थकान (Fatigue in diabetes)

काम करने के बाद थकान होना आम बात है, लेकिन यदि आपको दिन भर थकान महसूस होती है और रेस्ट करने के बाद भी अच्छा महसूस नहीं होता है, तो यह शरीर के अंदर की किसी समस्या का संकेत है। प्री-डायबिटीज में भी लोगों को दिनभर थकान रहती है। यदि आपको दिनभर थकान महसूस होती है, तो डॉक्टर से इस बारे में जरूर बात करें।

3. वजन कम होना (Unexpected weight loss in diabetes)

यदि आपके शरीर का वजन कम हो रहा है और आपको इसके कारण का पता नहीं है, तो यह भी स्वास्थ्य से जुड़ी कई बीमारियों का संकेत हो सकता है। इन बीमारियों में डायबिटीज भी एक हो सकता है। यदि आप सही डाइट ले रहे हैं और उसके बाद भी आपका वजन अचानक से कम होने लगा है, तो डॉक्टर से इस बारे में बात करें।

4. बार-बार पेशाब जाना (Frequent urination in diabetes)

ज्यादा प्यास लगना और बार-बार पेशाब जाना डायबिटीज के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। हालांकि, जरूरी नहीं है कि ये लक्षण डायबिटीज के ही हों कई ऐसी बीमारियां हैं, जिनमें ये लक्षण देखे जा सकते हैं। इसलिए यदि आपको बार-बार प्यास लग रही है या बार-बार पेशाब जाना पड़ रहा है, तो डॉक्टर से संपर्क कर लेना चाहिए।

5. बार-बार यूरिन इन्फेक्शन (Frequent urine infection in diabetes)

डायबिटीज में हमारी इम्यूनिटी कमजोर पड़ जाती हैं और इस कारण से बैक्टीरिया व वायरस आदि से होने वाले संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। डायबिटीज में आमतौर पर यूरिन इन्फेक्शन का खतरा ज्यादा बढ़ जाता है। इसलिए यदि आपको भी बार-बार यूरिन इन्फेक्शन हो रहा है, तो डॉक्टर से इस बारे में बात कर लेनी चाहिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source