करेंगे हर दिन एक्सरसाइज तो नहीं होगा डिप्रेशन और हृदय रोग

अध्ययन में शामिल एक्सरसाइज करने वाले लोगों में डिप्रेशन और हृदय संबंधी समस्याओं में 56 प्रतिशत की कमी देखी गई।

WrittenBy

Written By: Anshumala | Published : June 28, 2018 8:36 PM IST

यदि आप चाहते हैं कि डिप्रेशन, तनाव और दिल से संबंधित बीमारियों से बचे रहें, तो हर दिन एक्सरसाइज करना शुरू कर दीजिए। हाल ही में हुए एक शोध में यह बात सामने आई है। टेक्सास यूनिवर्सिटी में यह शोध किया गया है, जिसमें शोधकर्ताओं ने कहा है कि जो लोग हर दिन शारीरिक व्यायाम करते हैं, उनमें हृदय रोग होने की संभावना बहुत कम रहती है।

शोधकर्ताओं के अनुसार, डिप्रेशन और हार्ट से संबंधित बीमारी जानलेवा साबित हो सकती हैं। इससे व्यक्ति में अकाल मृत्यु होने की आशंका बढ़ जाती है। कई शोधों में यह भी बात सामने आ चकी है कि डिप्रेशन के कारण ही कई बार हृदय संबंधी समस्याएं होने का खतरा बढ़ जाता है। हाल ही में हुए इस अध्ययन में शामिल शोधकर्ताओं ने यह निष्कर्ष निकाला है कि एक्सरसाइज और फिजिकल एक्टिविटीज करने से डिप्रेशन और हृदय संबंधी समस्याओं में कमी आती है। इस तरह से असमय और अकाल मृत्यु की संभावना भी कम हो जाती है।

टेक्सास यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों द्वारा किए गए इस शोध में पता चला है कि एक्सरसाइज करने वाले लोगों में डिप्रेशन और हृदय संबंधी समस्याओं में 56 प्रतिशत की कमी देखी गई है। इस शोध में औसतन 50 वर्ष की उम्र के 17,000 लोगों को शामिल किया गया। यह शोध अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन साइकेट्रिस्ट पत्रिका में प्रकाशित किया गया है। यही वजह है कि डॉक्टर्स फिट और हेल्दी रहने के लिए एक्सरसाइज करने पर काफी जोर और सलाह देते हैं।

अध्ययन के सह-लेखक डॉ. मधुकर त्रिवेदी का कहना है कि इस तेज दौड़ती लाइफस्टाइल में लोगों के पास अपनी सेहत के प्रित ध्यान देने के लिए वक्त कम है। फिर भी दिल के साथ-साथ संपूर्ण सेहत का ख्याल रखना है, तो जीवनशैली में नियमित व्यायाम करना जरूरी है। हां, यह थोड़ा मुश्किल जरूर है, मगर नामुमकिन नहीं है। अपने लिए आधे घंटे का वक्त जरूर निकालें। नियमित एक्सरसाइज करने के लिए एक समय निर्धारित करें और इस आदत को बनाए रखें। प्रतिदिन आधे घंटे कोई न कोई फिजिकल एक्टिविटी, योग, मेडिटेशन करने से दिल की सेहत के लिए तो अच्छा होता ही है, साथ ही तनाव और अवसाद से भी बाहर निकलने में आसानी होती है।

चित्रस्रोत: Shutterstock.

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source