hamburger icon
A
Read in English

कोरोना से ठीक होने के कितने दिन बाद करनी चाहिए एक्सरसाइज? 4 बीमारी वाले लोग इन बातों का रखें विशेष ख्याल

आपकी कोरोना रिपोर्ट भले ही नेगेटिव आई हो लेकिन ठीक होने के बाद भी आपके शरीर में कोरोना के लक्षण रहते हैं। आपके लिए किसी भी काम को करने से पहले अपनी शारीरिक स्थिति का आकलन करना सबसे अच्छा विचार है और अगर बात आपके वर्कआउट की है तो आपके लिए ये और भी जरूरी हो जाता है।

WrittenBy

Written By: Jitendra Gupta | Published : November 27, 2020 11:54 AM IST

कोरोनावायरस इंफेक्शन से ठीक होने के बाद फिर से सामान्य स्थिति में लौटना हर किसी व्यक्ति के लिए एक सुखद अहसास है। आपकी कोरोना रिपोर्ट भले ही नेगेटिव आई हो लेकिन ठीक होने के बाद भी आपके शरीर में कोरोना के लक्षण रहते हैं। बहुत ज्यादा थकान, सांस फूलना, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द आपकी अपेक्षा से थोड़ा अधिक समय तक आपके शरीर में रह सकते है, जिससे आपके लिए अपने दिन भर के काम को पूरा कर पाना मुश्किल भी हो सकता है। ऐसी परिस्थिति में, अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना बिल्कुल सही है। आपके लिए किसी भी काम को करने से पहले अपनी शारीरिक स्थिति का आकलन करना सबसे अच्छा विचार है और अगर बात आपके वर्कआउट की है तो आपके लिए ये और भी जरूरी हो जाता है।

कोरोना से ठीक होने के बाद कब करनी चाहिए एक्सरसाइज

COVID-19 से ठीक होने के बाद लोगों के लिए एक बड़ा सवाल यही है कि अपना वर्कआउट सेशन फिर से शुरू करने का सही समय है। इसलिए अगर आप अपना वर्कआउट सेशन शुरू करने जा रहे हैं तो आपके लिए बेहतर होगा कि धीमी शुरुआत करें। एक्टिव रहना किसी के भी स्वास्थ्य के लिए अच्छा है और सामान्य तौर पर जब लोग बीमार होते हैं तो उन्हें अपने शरीर को धीमे-धीमे ही हिलाने की सलाह दी जाती है। लेकिन कोरोना का मामला थोड़ा अलग है क्योंकि अभी भी हमें इससे जुड़ी बहुत सारी चीजों के बारे में पता नहीं है और हर कोई इसके अलग-अलग लक्षणों का अनुभव कर रहा है। यही कारण है कि सभी को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ

न्यूयॉर्क सिटी के हॉस्पिटल फॉर स्पेशल सर्जरी (HSS) स्पोर्ट्स मेडिसिन इंस्टीट्यूट ने हाल ही में कोरोना संक्रमण से ठीक हुए लोगों को फिर से वर्कआउट करने से जुड़े दिशा-निर्देश दिए हैं। अस्पताल ने लक्षणों के आधार पर ये स्पष्ट किया है कि किस व्यक्ति को फिर से अपना वर्कआउट शुरू करना चाहिए।

  • रक्त संबंधी लक्षणों का अनुभव करने वाले लोगों को दिनभर में अपने शरीर को थोड़ा-बहुत हिलाने और लो इंटेंसिटी वर्कआउट शुरू करने की सलाह दी है। ऐसा करने से रक्त के थक्के से जुड़े जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।
  • निमोनिया जैसे श्वसन लक्षणों का अनुभव करने वाले लोगों को अपने वर्कआउट रूटीन को फिर से शुरू करने से पहले एक सप्ताह या 10 दिनों तक आराम करना अच्छा होगा। उन्हें धीमी गति से एक्सरसाइजस शुरू करने और अपनी श्वसन दर की निगरानी रखने की भी आवश्यकता होती है। अगर आपको बेचैनी या सांस फूलने की समस्या आ रही है तो तुरंत एक्सरसाइज बंद कर दें।
  • अगर आप हृदय संबंधी समस्याओं से पीड़ित हैं और हाल ही में वायरस से संक्रमित हुए हैं, तो आपको अधिक आराम की आवश्यकता है। एक्सरसाइज फिर से शुरू करने से पहले कम से कम 2-3 सप्ताह का ब्रेक लें। किसी भी गंभीर हृदय संबंधी समस्या के मामले में अपने डॉक्टर से अपने एक्सरसाइज रूटीन को फिर से शुरू करने के बारे में सलाह लें।
  • गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल और मस्कुलोस्केलेटल लक्षण वाले लोगों को धीरे-धीरे अपने सामान्य वर्कआउट रूटीन में वापस आना चाहिए। सेहतमंद भोजन खाएं और जल्दी ठीक होने के लिए अधिक से अधिक पानी पिएं।

एक्सरसाइज कैसे शुरू करें (How to start exercising)

धीमी गति से एक्सरसाइज शुरू करने का मतलब ये है कि आपको लो इंटेंसिटी वाले व्यायाम करने चाहिए और दिन में 5-10 मिनट के लिए ही किसी भी गतिविधि को करें। आप कोरोना से ठीक होने के बाद पहले हफ्ते में जॉगिंग या वॉक कर सकते हैं। दूसरे सप्ताह में, आप अपने समय को दोगुना कर सकते हैं और अपनी गति को बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा आपको अपने शरीर पर ध्यान देना चाहिए क्योंकि हर व्यक्ति का शरीर अलग-अलग तरीके से इलाज मांगता है। दो लोगों में एक ही लक्षण हो सकते हैं, लेकिन उन्हें ठीक होने के दिन अलग-अलग हो सकते हैं। इसलिए अपने शरीर पर ध्यान दें।