hamburger icon
A
Read in English

गांव के लोगों को मिलेगा पहले से ज्यादा अच्छा इलाज, जानें eSushrut@Clinic के बारे में

केंद्र सरकार ने eSushrut@Clinic की शुरुआत की है। इस सर्विस के जरिए अब दूर- दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को भी डिजिटल माध्यम से अच्छा इलाज मिल सकेगा। आइए जानते हैं इस सर्विस के बारे में-

WrittenBy

Written By: Ashu Kumar Das | Published : June 29, 2026 6:16 PM IST

क्या आप भी घर के आसपास छोटे क्लीनिक में अपना इलाज करवाते हैं और बाद में पर्ची खो जाती है। छोटे क्लीनिक में इलाज करवाने के बाद जब आप बड़े अस्पताल में जाते हैं तो आपके पास किसी तरह का रिकॉर्ड नहीं होता है, तो आप घबरा जाते हैं? अगर हां, तो सरकार आपकी इस परेशानी को दूर कर रही है। केंद्र सरकार ने eSushrut@Clinic नाम का एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू किया है। इसका मकसद है कि छोटे-छोटे क्लीनिक भी बड़ी अस्पतालों जैसी डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकें। इससे डॉक्टरों का काम आसान होगा और मरीजों को भी बेहतर इलाज मिल सकेगा।

आखिर eSushrut@Clinic है क्या?

आसान भाषा में समझें तो eSushrut@Clinic एक ऐसा ऑनलाइन सिस्टम है, जिसमें क्लीनिक का पूरा काम डिजिटल तरीके से किया जा सकता है। केंद्र सरकार द्वारा जारी की गई आधिकारिक जानकारी में कहा गया है कि eSushrut@Clinic का प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके मरीज क्लीनिक में अपना रजिस्ट्रेशन, डॉक्टर की पर्ची, इलाज का रिकॉर्ड, दवाइयों की जानकारी और बिलिंग एक साथ ही इकट्ठा करके रख सकते हैं। इस एप्लीकेशन की मदद से मरीजों को अब बिल, डॉक्टर की पर्ची का ढेर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही, सारे दस्तावेज आसानी से एक क्लिक पर मोबाइल में ही मौजूद हो पाएंगे। eSushrut@Clinic की सबसे बड़ी खास बात यह है कि इमरजेंसी की स्थिति में मरीज की पुरानी मेडिकल हिस्ट्री का पता लगाने के लिए ज्यादा टेस्ट की जरूरत नहीं होगी। इससे मरीज को तुरंत इलाज मिलेगा और उसका इलाज आसान हो जाएगा।

eSushrut@Clinic से मरीज को क्या- क्या फायदा मिलेगा?

- अगर आपका इलाज पहले भी उसी क्लीनिक में हुआ है, तो डॉक्टर आपके पुराने रिकॉर्ड आसानी से देख सकेंगे। इससे हर बार पूरी मेडिकल हिस्ट्री दोबारा बताने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

- रजिस्ट्रेशन, पर्ची बनाना और रिपोर्ट देखने जैसे काम जल्दी होंगे। इससे मरीजों का समय बचेगा और लंबी लाइन में इंतजार भी कम करना पड़ेगा।

- पुरानी बीमारी, दवाइयों और जांच की जानकारी एक जगह होने से डॉक्टर इलाज बेहतर तरीके से कर पाएंगे।

- इस सर्विस के जरिए जरूरत पड़ने पर डॉक्टर वीडियो कॉल या ऑनलाइन भी मरीजों की मदद कर सकते हैं। इसका फायदा सबसे ज्यादा उन लोगों को मिलेगा जो लोग गांव या दूर-दराज के इलाकों में रहते हैं और उनके घर के आसपास कोई बड़ा अस्पताल मौजूद नहीं है।

डॉक्टरों और क्लीनिकों को क्या फायदा होगा?

डॉक्टरों को हर मरीज की जानकारी अलग-अलग फाइलों में खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सारी जानकारी कंप्यूटर या मोबाइल पर मिल जाएगी। इससे उनका समय बचेगा और वे मरीजों पर ज्यादा ध्यान दे सकेंगे। इसके अलावा बिलिंग, दवाइयों का रिकॉर्ड और रोजमर्रा का काम भी पहले से ज्यादा आसानी से हो जाएगा।

क्यों खास है eSushrut@Clinic की पहल

अब तक ऐसी डिजिटल सुविधाएं ज्यादातर बड़े अस्पतालों में ही देखने को मिलती थीं। लेकिन eSushrut@Clinic की मदद से छोटे क्लीनिक भी आधुनिक तकनीक का फायदा उठा सकेंगे। इससे शहर ही नहीं, छोटे कस्बों और गांवों में भी इलाज की प्रक्रिया भी पहले से ज्यादा अच्छी हो सकेगी।