hamburger icon
A
Read in English

बार-बार एंटीबायोटिक खाने वाले सावधान, डॉक्टर ने बताया जरूरत से ज्यादा एंटीबायोटिक खाने के नुकसान

Antibiotic side effects: एंटीबायोटिक एक तेज दवा है और इसका इस्तेमाल सिर्फ डॉक्टर की निगरानी में ही किया जाना चाहिए। डॉक्टर भी कहते हैं कि जरूरत से ज्यादा इसका सेवन करना सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : March 13, 2023 5:08 PM IST

Antibiotic effects on liver: लोगों का लगातार खराब हो रहा लाइफस्टाइल और तेजी से फैल रही बीमारियों के कारण स्वस्थ रहना आजकल हर किसी के लिए मुश्किल हो गया है। हर मौसम में किसी न किसी कारण से हम बीमार पड़ जाते हैं और नहीं तो आम खांसी-जुकाम तो हमें जरूर हो जाता है। यही कारण है कि आजकल लोग बार-बार डॉक्टर के पास जाने की बजाय सीधा मेडिकल स्टोर पर जाकर ही दवाएं ले लेते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कुछ दवाओं को जरूरत से ज्यादा उपयोग हमारी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। देखा गया है कि अक्सर लोग मेडिकल स्टोर से जाकर एंटीबायोटिक ले लेते हैं और जल्दी ठीक होने के लिए कई बार बड़ी डोज ले लेते हैं या फिर जरूरत से ज्यादा बार खा लेते हैं। आपको बता दें कि एंटीबायोटिक एक तेज दवा है और इसका इस्तेमाल सिर्फ डॉक्टर की निगरानी में ही किया जाना चाहिए। डॉक्टर भी कहते हैं कि जरूरत से ज्यादा इसका सेवन करना सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। पटपड़गंज के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में सीनियर डायरेक्टर, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, हेप्टोलॉजी और एंडोस्कोपी के विशेषज्ञ डॉक्टर दीपक लहोटी ने इस बारे में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां दी। चलिए जानते हैं ज्यादा एंटीबायोटिक खाने से क्या नुकसान हो सकता है -

लिवर को नुकसान पहुंचाती हैं एंटीबायोटिक

डॉक्टर दीपक से इस बारे में पूछे गए सवाल में उन्होंने बताया कि हां एंटीबायोटिक आपके लिवर को नुकसान पहुंचा सकती हैं। ऐसा कई रिपोर्ट्स में भी पाया गया है कि एंटीबायोटिक उन दवाओं में से एक हैं, जो हमारे लिवर को नुकसान पहुंचाती हैं। खासतौर पर डायबिटीज से ग्रस्त लोगों में एंटीबायोटिक के कारण लिवर खराब होना का खतरा ज्यादा रहता है।

एंटीबायोटिक से लिवर डैमेज होने खतरा

डॉक्टर दीपक लहोटी के अनुसार एंटीबायोटिक के इस्तेमाल से लिवर डैमेज होने के पीछे कई अलग-अलग रिस्क फैक्टर हैं। लेकिन पहले किसी एंटीबायोटिक से लिवर में हुई किसी प्रकार की समस्या इसका सबसे बड़ा रिस्क फैक्टर है। इसके अलावा वृद्धावस्था और महिलाओं में भी इसका खतरा ज्यादा देखा गया है। डायबिटीज के मरीजों में भी एंटीबायोटिक के इस्तेमाल से लिवर खराब होना का खतरा अन्य स्वस्थ लोगों से ज्यादा रहता है।

एंटीबायोटिक लिवर को कैसे नुकसान पहुंचाती है

डॉक्टर दीपक कहते हैं कि अगर हमें बार-बार किसी प्रकार का इन्फेक्शन हो रहा है, जैसे डायरिया आदि तो कई लोग डॉक्टर के पास नहीं जाते हैं और इसका इलाज करने के लिए बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक लेने लग जाते हैं। यहां तक कि कुछ डॉक्टर भी एंटीबायोटिक लेने से होने वाले संभावित खतरे को इग्नोर कर रहे हैं। कुछ अध्ययनों में यह भी पाया गया है कि आमतौर पर इस्तेमाल की जाने वाली दवाओं में एंटीबायोटिक भी ऐसी दवाएं हैं, जो लिवर में किसी प्रकार की क्षति या लिवर फेलियर का कारण बन रही हैं।

आगे डॉक्टर ने बताया कि वैसे तो ज्यादातर एंटीबायोटिक भी लिवर में मेटाबॉलाइज हो जाती हैं, लेकिन अगर लिवर से जुड़ी किसी प्रकार की समस्या है, तो ये एंटीबायोटिक हमारे लिवर को नुकसान पहुंचा सकती हैं। ड्रग इंड्यूस्ड लिवर इंजरी के सबसे बड़े कारणों में से एंटीबायोटिक भी एक हैं।

कैसे पता लगाएं लिवर के स्वास्थ्य के बारे में

डॉक्टर दीपक बताते हैं कि लिवर से जुड़ी समस्याओं का पता लगाने के लिए आमतौर पर लिवर फंक्शन टेस्ट किया जाता है। आगे उन्होंने बताया कि यहां तक कि एंटीबायोटिक की एक छोटी सी खुराक भी लिवर को नुकसान पहुंचा सकती है, जिसकी जानकारी लिवर फंक्शन टेस्ट की मदद से मिल सकती है।