ज्यादा जंक फूड्स खाना बच्चों में बढ़ा रहा आंखें खराब होने का खतरा, इग्नोर किया तो बन सकता है अंधेपन का कारण

Junk food khane ke nuksan: जंक फूड्स की ज्यादा आदत बच्चों की आंखों को खराब कर रही है और यहां तक कि जो बच्चे ज्यादा जंक फूड्स खाते हैं, उनमें अंधापन होने का खतरा भी बहुत ज्यादा बढ़ जाता है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : January 30, 2025 8:31 PM IST

Side effects of junk foods: देखा जा रहा है कि आजकल के बच्चों में जंक फूड्स खाने की आदत बहुत ज्यादा बढ़ गई है। यहां तक कि यह जानते हुए कि जंक फूड्स का सेवन बच्चों के पेट को खराब करता है, फिर भी पेरेंट्स कई बार इन चीजों पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। लेकिन जंक फूड्स का सेवन सिर्फ पेट को ही नहीं बल्कि आंखों को भी नुकसान पहुंचा सकता है। एक चौंकाने वाली जानकारी यह है कि यदि बच्चे लंबे समय से अधिक जंक फूड्स खा रहा है, तो इसका असर उसकी आंखों पर भी पड़ सकता है और कुछ गंभीर मामलों में अंधापन भी हो सकता है। यह स्थिति तब उत्पन्न हो सकती है, जब जंक फूड में आवश्यक पोषक तत्वों की कमी हो, जो आंखों और शरीर के अन्य महत्वपूर्ण अंगों के विकास के लिए जरूरी होते हैं।

जंक फूड और आंखों पर असर

जैसा कि आपको पता है कि जंक फूड्स में बहुत ज्यादा मात्रा में फैट, शुगर व साल्ट होता है और स्वास्थ्य के लिए जरूरी पोषक तत्व जैसे विटामिन, मिनरल्स आदि लगभग न के बराबर ही होता है। आंखों को इन जरूरी पोषक तत्वों की जरूरत होती है और अगर बच्चे लंबे समय से ऐसे जंक फूड्स का सेवन कर रहे हैं, तो शरीर में इनकी कमी होने का खतरा बढ़ जाता है। विटामिन ए की कमी से रतौंधी (Night blindness) जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जिससे व्यक्ति रात में देख पाने में कठिनाई महसूस करता है। जंक फूड के अत्यधिक सेवन से विटामिन ए की कमी हो सकती है, जो आंखों के रेटिना के सही कामकाज के लिए जरूरी होता है।

डायबिटीज व आंखों की समस्याएं

जंक फूड में अधिक शक्कर और ट्रांस फैट्स होते हैं, जो शरीर में इंसुलिन के स्तर को प्रभावित कर सकते हैं और बच्चों को टाइप 2 डायबिटीज का शिकार बना सकते हैं। यह बीमारी आंखों की रोशनी को प्रभावित कर सकती है और डायबिटिक रेटिनोपैथी जैसी गंभीर आंखों की समस्याएं उत्पन्न कर सकती है। इस स्थिति में रेटिना में रक्त वाहिकाएं क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, जिससे दृष्टिहीनता हो सकती है।

अन्य स्वास्थ्य जोखिम

जंक फूड का अत्यधिक सेवन मोटापा, दिल की बीमारियां, हड्डियों की कमजोरी और मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को भी बढ़ावा दे सकता है। बच्चे जब अधिक जंक फूड खाते हैं, तो उनके शरीर में पोषक तत्वों की कमी हो जाती है, जो लंबे समय में शारीरिक और मानसिक विकास को प्रभावित करते हैं।

स्वस्थ आहार की अहमियत

बच्चों की आंखों की सेहत और समग्र विकास के लिए संतुलित आहार बेहद महत्वपूर्ण है। उन्हें हरी पत्तेदार सब्जियां, फल, साबुत अनाज, मछली और दालें देना चाहिए, जो विटामिन ए, सी, ई और ओमेगा-3 फैटी एसिड्स से भरपूर हों। इसके अलावा, उन्हें जंक फूड से दूर रखना और घर में स्वस्थ भोजन तैयार करना बच्चों की आंखों और समग्र स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। जंक फूड का अत्यधिक सेवन बच्चों के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है। यह न केवल उनकी आंखों की सेहत को प्रभावित कर सकता है, बल्कि कई अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी उत्पन्न कर सकता है। बच्चों को स्वस्थ आहार की आदतें सिखाना, उनका समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है।

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।