
... Read More
Written By: Anshumala | Published : August 1, 2018 5:04 PM IST
कई अध्ययनों में यह कहा जा चुका है कि रात को देर से खाना सेहत के लिए ठीक नहीं होता। हेल्दी रहने के लिए रात में खाने का सबसे बेहतर समय रात 9 बजे को माना गया है। लेकिन आज के लोग रात 9 बजे से पहले ऑफिस से निकलते ही कहां है। बावजूद इसके, यदि आप 9 बजे खाना खा लेंगे तो कई रोगों से बचे रहेंगे। हाल ही में हुए एक शोध में यह बात सामने आई है कि रात को जल्दी खाना खाकर सोने से कई तरह की बीमारियां दूर रहती हैं, खासकर आप कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचे रह सकते हैं।
अक्सर गांव या छोटे शहरों में रहने वाले रात 8 से 9 के बीच खाना खा लेते हैं। उनकी यही आदत मेट्रो शहरों में रहने वालों के मुकाबले उन्हें अधिक हेल्दी बनाती है। आज भी अधिकतर बड़े-बुजुर्ग सेहतमंद इसलिए होते हैं, क्योंकि उनकी शुरू से ही आदत रही है जल्दी और समय पर खा लेने की। इस बात को वैज्ञानिकों ने भी अध्ययन में साबित कर दिखाया है।
रात में किस समय तक खाना सही होता है, इसे जानने के लिए स्पेन स्थित बार्सिलोना इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल हेल्थ (आईएसग्लोबल) के शोधकर्ताओं ने एक अध्ययन किया। इस अध्ययन में कहा गया है कि रात को 9 बजे के पहले या सोने से 2 घंटे पहले डिनर करने वालों को कई तरह के कैंसर होने की आशंका न के बराबर रहती है। यह शोध इंटरनेशनल जर्नल ऑफ कैंसर में प्रकाशित किया गया।
रात का जो पुरुष और महिलाएं खाना जल्दी खा लेते हैं, उनमें ब्रेस्ट और प्रोस्टेट कैंसर होने की आशंका देर से खाना खाने वालों के मुकाबले 20 फीसदी तक कम हो जाती है।
इस अध्ययन के दौरान विशेषज्ञों ने रात के खाने के समय और कैंसर के खतरों के बीच संबंध स्थापित करने की कोशिश की। कैंसर के यह दोनों ही प्रकार दुनिया में सबसे ज्यादा लोगें को अपना शिकार बनाते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि नाइट शिफ्ट में काम करने वाले ज्यादातर लोगों में इन दोनों तरह के कैंसर होने की आशंका ज्यादा रहती है। उनका कहना है कि इसके लिए उनके जैविक क्रमचक्र (Biological cycle) में व्यवधान जिम्मेदार होता है। सोने और जागने की प्रक्रिया बाधित होती है, इसके साथ ही शरीर की अन्य प्रक्रियाएं भी प्रभावित होती हैं।
इस अध्ययन के लिए शोधकर्ताओं ने प्रोस्टेट कैंसर के 621 और ब्रेस्ट कैंसर के 1,205 मरीजों के मामलों का अध्ययन किया। इसके लिए प्राइमरी हेल्थ सेंटर से 872 पुरुष और 1,321 महिलाओं को औचक तरीके से चुना गया था।
चित्रस्रोत: Shutterstock.
Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.