
... Read More
Written By: Anshumala | Published : July 20, 2018 7:32 PM IST
यदि आप कड़वे स्वाद वाले फल और सब्जियों का सेवन नहीं करते, तो इन्हें खाना आज से ही जरूर शुरू कर दीजिए। खासकर, महिलाओं को ऐसे फल और सब्जियों को जरूर खाना चाहिए। पेनसिल्वेनिया स्टेट यूनीवर्सिटी में हुए एक शोध में यह बात सामने आई है कि वैसे फल और सब्जियां जो स्वाद में थोड़े कड़वे होते हैं, उनके सेवन से महिलाओं में कैंसर होने की आशंका काफी हदतक कम हो जाती है। इसके अलावा कॉफी और डार्क चॉकलेट का सेवन करना भी कैंसर के खतरे को कम करता है।
शोध में शामिल शोधकर्ताओं का कहना है कि सब्जी में ब्रोकली और कॉफी एवं डार्क चॉकलेट का कड़वा स्वाद जिन महिलाओं को अच्छा लगता है, उनमें कैंसर होने की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है। जो लोग कड़वे स्वाद वाली चीजों को खाने से बचते हैं, उनमें कैंसर होने की आशंका 60 फीसदी अधिक होती है। यह अध्ययन यूरोपियन जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन में प्रकाशित हो चुका है।
पेनसिल्वेनिया स्टेट यूनीवर्सिटी में हुए इस शोध में कहा गया है कि कई हरी सब्जियों में पीटीसी या फेनाइलथियोकैबामाइड नामक एक केमिकल मौजूद होता है। यह कुछ लोगों को बिल्कुल महसूस नहीं होता है, जबकि कुछ लोगों को इसी वजह से कड़वा स्वाद महसूस होता है। डार्क चॉकलेट, कॉफी और ब्रोकली में लाखों लोगों को इस केमिकल की वजह से कड़वा स्वाद अखरता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे लोगों को कैंसर होने की आशंका अन्य के मुकाबले अधिक होती है।
यह शोध 20 वर्षों तक 60 साल से अधिक उम्र की 5500 महिलाओं पर किया गया। इस दौरान इस बात पर गौर किया गया कि जिन महिलाओं को हरी सब्जियों या पीटीसी की मौजूदगी वाली अन्य चीजों में कड़वा स्वाद नहीं महसूस होता है, वह कैंसर के प्रति अधिक सुरक्षित होती हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि कुछ लोगों को आनुवांशिक कारणों से भी पीटीसी के स्वाद का पता नहीं चलता है।
काफी लोगों को कैफीन युक्त ड्रिंक, एल्कोहल, पत्तागोभी, फूल गोभी और ब्रोकली में पीटीसदी का अनुभव होता है। इस अध्ययन में विशेषज्ञों ने यह भी दावा किया कि जिन महिलाओं को हल्का-फुल्का पीटीसी का स्वाद अनुभव होता है, उन्हें कैंसर होने की आशंका अन्य के मुकाबले 40 फीसदी तक रहती है।
चित्रस्रोत: Shutterstock.