सिर में क्लॉट या ब्लीडिंग के शुरुआती संकेत क्या हैं? ये 3 लक्षण शुरुआत में ही बता देंगे ब्रेन में क्या चल रहा है

Brain Hemorrhage: दिमाग के अंदर खून बहना या थक्का बनना एक जानलेवा स्थिति हो सकती है, जिसका इलाज इमरजेंसी में होना जरूरी है। लेकिन कुछ लक्षण हो सकते हैं, जो कई बार स्थिति को गंभीर होने से पहले ही संकेत दे सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : February 18, 2026 4:23 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Atampreet Singh

Brain Clot Symptoms: ब्रेन हमारे शरीर का सबसे पेचीदा हिस्सा है और इसमें छोटी सी हलचल हमारे पूरी शरीर के नियंत्रण को खो देती है। ब्रेन में एक छोटा सा थक्का जमना या फिर थोड़ी सी भी ब्लीडिंग हो जाना जानलेवा हो सकता है। बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के पिता और जाने-माने लेखक सलीम खान को ब्रेन में ब्लीडिंग यानी ब्रेन हेमरेज के कारण ही अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। इमरजेंसी में उनकी सर्जरी की गई और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। ब्रेन में क्लॉट या ब्लीडिंग होना एक इमरजेंसी कंडीशन पैदा कर देता है, जिसमें कई बार मरीज की जान बचाना भी मुश्किल हो सकता है। लेकिन क्या ब्रेन में ब्लीडिंग यानी ब्रेन क्लॉटिंग के लक्षणों की पहले पहचान नहीं की जा सकती? क्या पहले लक्षणों की पहचान करके डॉक्टर से दिखाया जाए तो इमरजेंसी कंडीशन होने से पहले ही उसे कंट्रोल किया जा सकता है? शारदा केयर हेल्थ सिटी के वरिष्ठ निदेशक एवं तंत्रिका विज्ञान प्रमुख डॉ. आत्मप्रीत सिंह (Dr. Atampreet Singh, Senior Director & Head - Neurosciences, ShardaCare-Healthcity) ने इस बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी और बताया कि आखिर ब्रेन हेमरेज व क्लॉटिंग के कौन से लक्षण हो सकते हैं, जिनसे स्थिति को गंभीर होने से पहले ही पता लगाया जा सके।

कम उम्र वालों को भी खतरा

Dr. Atampreet Singh के अनुसार आजकल स्ट्रोक (Stroke), ब्रेन क्लॉट या दिमाग में ब्लीडिंग के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और चिंताजनक बात यह है कि यह समस्या केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रही। गलत जीवनशैली, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, तनाव और धूम्रपान जैसी आदतों के कारण युवा लोगों में भी जोखिम बढ़ रहा है। दिमाग में क्लॉट (ब्लड क्लॉट) या ब्लीडिंग एक मेडिकल इमरजेंसी है, इसलिए इसके शुरुआती संकेतों को पहचानना बेहद जरूरी है।

ब्रेन में क्लॉट या ब्लीडिंग का कारण

जब दिमाग की किसी रक्त वाहिका में खून का थक्का (Blood clot) बन जाता है या रक्त वाहिका फटने से खून बाहर निकलने लगता है, तो इसे ब्रेन क्लॉट या ब्रेन ब्लीड कहा जाता है। इससे दिमाग तक खून और ऑक्सीजन की सप्लाई प्रभावित होती है, जिससे शरीर के कई जरूरी कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

शुरुआती 3 संकेत

ब्रेन हेमरेज के लक्षण या ब्रेन क्लॉटिंग से जुड़े संकेत कई बार जटिल हो सकते हैं, क्योंकि ब्लड क्लॉटिंग या ब्रेन हेमरेज (ब्रेन ब्लीड) दोनों ही इमरजेंसी कंडीशन हैं और कुछ मामलों में ऐसा भी हो सकता है कि इनमें पहले कोई लक्षण महसूस न हो। जबकि कई बार कुछ लक्षण दिख रहे होते हैं लेकिन उन्हें आम समझकर इग्नोर कर दिया जाता है। ऐसे ही शुरुआती 3 लक्षण जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए -

1. अचानक कमजोरी या शरीर के एक हिस्से में सुन्नपन

अगर चेहरे, हाथ या पैर के एक तरफ अचानक कमजोरी महसूस हो, चीजें पकड़ने में परेशानी हो या चेहरा टेढ़ा दिखाई दे, तो यह स्ट्रोक का शुरुआती संकेत हो सकता है।

2. बोलने या समझने में परेशानी

अचानक बोलने में लड़खड़ाहट (यानी शब्दों को ठीक से बोल न पाना), शब्द भूलना या सामने वाले की बात समझने में कठिनाई होना भी दिमाग में समस्या का संकेत हो सकता है।

3. तेज सिरदर्द या अचानक चक्कर आना

अगर अचानक बहुत तेज सिरदर्द हो, उल्टी जैसा लगे, चक्कर आए या संतुलन बिगड़ जाए, तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए। खासकर अगर पहले कभी ऐसा अनुभव नहीं हुआ हो।

FAST टेस्ट से करें पहचान

डॉक्टर अक्सर FAST नियम अपनाने की सलाह देते हैं -

  • F (Face): चेहरा टेढ़ा दिख रहा है?
  • A (Arm): एक हाथ कमजोर लग रहा है?
  • S (Speech): बोलने में परेशानी है?
  • T (Time): तुरंत अस्पताल पहुंचें।

किसे ज्यादा खतरा होता है?

वैसे तो ब्रेन के अंदर होने वाली ये समस्याएं किसी को भी हो सकती हैं, जो किसी दुर्घटना से सिर में लगी चोट से ट्रिगर हो सकती हैं और या इसके पीछे का कारण जेनेटिक भी हो सकते हैं। लेकिन कुछ लोगों में अन्य की तुलना में इसका ज्यादा खतरा होता है, जो निम्न हैं -

  • हाई ब्लड प्रेशर के मरीज
  • डायबिटीज या हाई कोलेस्ट्रॉल
  • स्मोकिंग या अल्कोहल सेवन
  • मोटापा और कम शारीरिक गतिविधि
  • दिल की बीमारियां

समय पर इलाज क्यों जरूरी है?

ब्रेन स्ट्रोक में “गोल्डन आवर” यानी शुरुआती कुछ घंटे बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। अगर समय रहते इलाज मिल जाए, तो गंभीर नुकसान और स्थायी विकलांगता से बचा जा सकता है। इसलिए सलाह दी जाती है कि अगर आपको इस तरह का कोई भी लक्षण महसूस होता है, तो जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क करें ताकि स्थिति को गंभीर होने से पहले ही कंट्रोल किया जा सके।

बचाव के लिए क्या करें?

ब्रेन हेमरेज या ब्रेन ब्लीड के सभी मामलों से बचाव नहीं किया जा सकता है, लेकिन इसके कारणों व ट्रिगर के आधार पर उन चीजों का ध्यान रखा जा सकता है जो इसका खतरा बढ़ाती हैं जैसे -

  • ब्लड प्रेशर और शुगर कंट्रोल रखें
  • नियमित एक्सरसाइज करें
  • संतुलित आहार लें
  • धूम्रपान और शराब से दूरी बनाएं
  • नियमित हेल्थ चेकअप करवाएं

डॉक्टर की सलाह

Dr. Atampreet Singh के अनुसार, “ब्रेन क्लॉट या ब्लीडिंग अचानक होने वाली समस्या है, लेकिन इसके शुरुआती संकेत अक्सर शरीर पहले ही दे देता है। इन संकेतों को नजरअंदाज करने के बजाय तुरंत मेडिकल सहायता लेना जीवन बचा सकता है।”

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source