
Also Read
ड्राई कफ (dry cough) या सूखी खांसी बहुत परेशानीभरी होती है। इस तरह की खांसी में बार-बार गले में ख़राश महसूस होती है। गले में कुछ चुभते रहने या फंसे हुए होने का अनुभव बार-बार होता है। इस तरह की खांसी मौसम में बदलाव और प्रदूषण की वजह से बढ़ जाती है। कई बार तो पंखे की हवा में बैठना या सफर करना भी मुश्किल हो जाता है। क्योंकि ऐसी स्थितियों में लगातार खांसी आती रहती है।
खासकर बच्चों को जब इस तरह की खांसी होती है तो वे परेशान हो जाते हैं। नैचुरल रेमेडिज़ या घरेलू नुस्खे इस तरह की खांसी से आराम दिलाते हैं। चूंकि सूखी खांसी की समस्या अलग है इसीलिए नैचुरल चीज़ों को भी इस्तेमाल करते समय थोड़ी सावधानी बरतनी है। यहां कुछ टिप्स लिख रहे हैं हम, जो ड्राई कफ से परेशान लोगों के काम आ सकते हैं-
अदरक गीली खांसी, गले की खिचखिच और सर्दी-ज़ुकाम की परेशानियों का एक आजमाया हुआ नुस्खा है। नाक और गले की परेशानियों से छुटकारा पाने का एक और तरीका है अदरक का काढ़ा पीना। काढ़ा बनाने के लिए एक ग्लास पानी को उबलने के लिए रखें। इसमें अदरक के छोटे टुकड़े और नमक डालें और पानी को आधा होने तक उबालें। आंच से उतारकर छाने और गर्मागर्म ही पियें।
हल्के गुनगुने पानी में थोड़ा नमक मिलाएं। इस पानी से 5-6 बार गरारे करें। एक बार में आधा गिलास पानी से भी अगर गार्गल करते हैं तो काफी आराम मिलता है।
मुलेठी हर तरह की खांसी के लिए बेहतरीन नुस्खा है। यह गले की खिचखिच, दर्द और खांसी कम करती है। एक चम्मच शहद के साथ चुटकीभर मुलेठी पाउडर मिलाकर चाट लें। इसी तरह काली मिर्च को भी शहद के साथ या शहद-गुनगुने पानी के मिश्रण के साथ ले सकते हैं।
इसके अलावा सूखी खांसी होने पर तली हुई चीज़ें, तीखी-खट्टी चीज़ें, मिठाई वगैरह से परहेज करना चाहिए। इनकी वजह से आपकी खांसी की समस्या बहुत अधिक बढ़ सकती है।