hamburger icon
A
Read in English

स्टीम लेने से बंद नाक और जुकाम में कितनी राहत मिलती है? जानिए क्या कहते हैं डॉक्टर

Steam inhalation for cold : स्टीम लेने से बंद नाक और जुकाम की परेशानी को कुछ हद तक कम किया जा सकता है। आइए डॉक्टर से समझते हैं यह कितनी फायदेमंद हो सकती है?

WrittenBy

Written By: Kishori Mishra | Published : July 13, 2026 10:19 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Avvaru Satya Kiran

सर्दी-जुकाम होने पर हम में से अधिकतर लोग सबसे पहले भाप लेने की सलाह देते हैं। माना जाता है कि इससे बंद नाक खुल जाती है और सांस लेने में आसानी होती है। लेकिन क्या भाप लेना वास्तव में जुकाम को ठीक कर देता है या यह सिर्फ कुछ समय के लिए राहत देता है? इस विषय पर हैदराबाद स्थित यशोदा हॉस्पिटल की सीनियर ENT हेड एंड नेक कंसल्टेंट और चीफ कॉक्लियर इम्प्लांट एंड लेटरल स्कल बेस सर्जन  डॉ. अव्वारु सत्य किरण का कहना है कि स्टीम जुकाम पैदा करने वाले वायरस को खत्म नहीं करती, लेकिन नाक की जकड़न और असहजता को अस्थाई रूप से कम करने में मदद कर सकती है।

क्या कहती है रिसर्च?

अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्था कोक्रेन द्वारा किए गए एक रिव्यू में पाया गया कि सर्दी-जुकाम में भाप लेने के फायदे को लेकर वैज्ञानिक प्रमाण सीमित और मिश्रित हैं। कुछ लोगों को इससे बंद नाक में राहत महसूस हुई, जबकि कई अध्ययनों में कोई खास फायदा नहीं मिला।

भाप लेने से कैसे मिलती है राहत?

अमेरिकन एकेडमी ऑफ ओटोलैरिंगोलॉजी के मुताबिक, गर्म भाप नाक के अंदर मौजूद म्यूकस को पतला करने और नाक के रास्ते को नम बनाए रखने में मदद कर सकती है। इससे बंद नाक कुछ समय के लिए खुल सकती है और सांस लेने में आसानी महसूस होती है। हालांकि, यह राहत अस्थाई होती है और जुकाम के वायरस पर इसका कोई सीधा असर नहीं पड़ता।

क्या भाप लेने से जुकाम जल्दी ठीक हो जाता है?

डॉक्टर का कहना है कि कॉमन कोल्ड ज्यादातर वायरस के कारण होता है और यह 7-10 दिनों में अपने आप ठीक हो जाता है। भाप लेने से बीमारी की अवधि कम होने का कोई मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इसलिए इसे इलाज नहीं, बल्कि लक्षणों से राहत पाने का एक तरीका माना जाना चाहिए।

भाप लेते समय किन बातों का रखें ध्यान?

भाप लेते समय बहुत ज्यादा गर्म पानी का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। मुख्य रूप से बच्चों में गर्म पानी या भाप से जलने का खतरा रहता है। कई अस्पतालों और बाल रोग विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि छोटे बच्चों को सीधे भाप नहीं देनी चाहिए, क्योंकि इससे गंभीर जलन हो सकती है। NCBI पर छपी रिपोर्ट के मुताबिक, भाप लेने के दौरान गर्म पानी गिरने से बच्चों में गंभीर जलने की घटनाएं हुईं। शोधकर्ताओं का कहनाा है कि ऐसी घटनाओं से बचने के लिए बच्चों को स्टीम देने की गलती बिल्कुल भी ना करें।

स्टीम लेने से पहले किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए?

  1. 0 से 5 साल तक के बच्चों को बिना डॉक्टर की सलाह के स्टीम बिल्कुल भी ना दें।
  2. अस्थमा या सांस की गंभीर बीमारी वाले लोग डॉक्टर की सलाह के बाद ही भाप लें।
  3. अगर तेज बुखार, सांस लेने में तकलीफ या लक्षण 10 दिन से ज्यादा बने रहें, तो डॉक्टर से संपर्क करें।

जुकाम होने पर, घर में कैसे पाएं राहत?

अगर आपको सर्दी जुकाम की परेशानी हो रही है, तो घर पर कुछ उपायों से राहत पा सकते हैं, जैसे-

  1. पर्याप्त रूप से पानी पिएं।
  2. घर में आराम करें और अच्छी नींद लें।
  3. अगर गले में दर्द हो रहा है, तो गुनगुने नमक के पानी से गरारे करें।
  4. कमरे में पर्याप्त नमी बनाए रखें।
  5. डॉक्टर की सलाह पर जरूरत पड़ने पर दवा लें।

Disclaimer : भाप लेने से बंद नाक और जकड़न में कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है, लेकिन यह जुकाम का इलाज नहीं है और न ही वायरस को खत्म करती है। इसलिए इसे सिर्फ सहायक उपाय के रूप में अपनाएं। अगर लक्षण गंभीर हों, सांस लेने में दिक्कत हो, तेज बुखार हो या लंबे समय तक आराम न मिले, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।