
... Read More
ल्यूपस एक ऐसी बीमारी है जो तब होती है जब आपके शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली आपके अपने टिशूज और अंगों पर हमला करती है। साइंस की भाषा में इसे ऑटोइम्यून बीमारी (Autoimmune disease) कहते हैं। ल्यूपस के कारण होने वाली सूजन कई अलग-अलग शरीर प्रणालियों को प्रभावित कर सकती है जिसमें आपकी ज्वाइंट्स, त्वचा, गुर्दे, रक्त कोशिकाएं, मस्तिष्क, हृदय और फेफड़े शामिल होते हैं। ध्यान देने वाली बात ये है कि ल्यूपस के लक्षण अक्सर अन्य बीमारियों के समान होते हैं, इसलिए इसे अलग से पहचानना मुश्किल होता है। लेकिन कुछ खास संकेतों की पहचान करके आप इसे समझ सकते हैं। आइए जानते हैं इसका कारण, लक्षण और उपचार।
कुछ लोग ल्यूपस विकसित करने की प्रवृत्ति के साथ पैदा होते हैं, जो संक्रमण, कुछ दवाओं या सूरज की रोशनी से भी शुरू हो सकता है। जबकि ल्यूपस का कोई इलाज नहीं है, उपचार लक्षणों को नियंत्रित करने में मदद कर सकते हैं। ल्यूपस के कई रूप हैं, लेकिन सबसे आम प्रणालीगत ल्यूपस एरिथेमेटोसस (एसएलई) है। एसएलई में, इम्यून सिस्टम गलती से शरीर के अपने ऊतक के खिलाफ एंटीबॉडी का उत्पादन करती है। अमेरिका के ल्यूपस फाउंडेशन के अनुसार, हमले का व्यापक प्रभाव हो सकता है और धीमे-धीमे पूरे शरीर को अपना शिकार बना सकता है। इसके अलावा इस बीमारी के बारे में कुछ शोध बताते हैं कि ल्यूपस वाले लोगों में, इम्यून सिस्टम की बी कोशिकाएं (B Cells) गलत तरीके से परिपक्व होती हैं ताकि वे इससे लड़ने के बजाय सूजन को बढ़ावा दें। इसके अलावा ल्यूपस के कई कारण हो सकते हैं। जैसे कि
पुरुषों की तुलना में महिलाओं में ल्यूपस होने की संभावना अधिक होती है और यह आंशिक रूप से एस्ट्रोजन जैसे हार्मोन के कारण हो सकता है। ल्यूपस अक्सर महिलाओं में उनके प्रजनन वर्षों 15 से 44 वर्ष की आयु के दौरान देखा जाता है जब एस्ट्रोजन का स्तरअधिक होता है।
आपके पर्यावरण के विभिन्न पहलू भी ल्यूपस होने के जोखिम को बढ़ा सकते हैं। धूप की मात्रा, आपके द्वारा ली जाने वाली दवाएं, तनाव जैसे कारक, सभी ल्यूपस के संभावित कारण हो सकते हैं। धूम्रपान का इतिहास भी ल्यूपस का एक संभावित कारण हो सकता है।
ल्यूपस के लिए एक अनुवांशिक कारक हो सकता है। अगर आपके परिवार के सदस्य हैं जिन्हें ल्यूपस है, तो आपके रोग का खतरा बढ़ जाता है।
ल्यूपस के लक्षण इस बात पर निर्भर करेगा कि शरीर के कौन से सिस्टम रोग से प्रभावित हैं। सबसे आम संकेतों और लक्षणों में शामिल हैं:
-थकान
-बुखार
-जोड़ों का दर्द, जकड़न और सूजन
-चेहरे पर तितली के आकार के दाने जो नाक के गाल और शरीर पर कहीं और चकत्ते होते हैं
-त्वचा के घाव जो सूर्य के संपर्क में आने पर दिखाई देते हैं या खराब हो जाते हैं
-उंगलियां और पैर की उंगलियां जो सफेद या नीली हो जाती हैं
-सांस लेने में कठिनाई
-छाती में दर्द
-ड्राई आई
-सिरदर्द, भ्रम और स्मृति हानि
ल्यूपस का इलाज से पहले डॉक्टर इसके लक्षणों को देख कर एक एंटीन्यूक्लियर एंटीबॉडी (antinuclear antibody (ANA) test) टेस्ट करते हैं। यह टेस्ट एंटीबॉडी की तलाश करता है - आपके शरीर में प्रोटीन जो बीमारी से बचाव करते हैं । यह एक संकेत हो सकता है कि आपको एक ऑटोइम्यून बीमारी है। सिस्टमिक ल्यूपस एरिथेमेटोसस वाले लोग आमतौर पर एएनए के लिए पॉजिटिव होते हैं। इसके बाद डॉक्टर दवाइयों के माध्यम से लक्षणों को कंट्रोल करने की कोशिश करते हैं।