
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Medically Verified By: Dr Vighnesh Y
Wet in rain
Rain and Immunity : मानसून का मौसम आते ही अक्सर यह बात सुनने को मिलती है कि बारिश में भीगने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। वहीं, कुछ लोग मानते हैं कि बारिश में भीगने से व्यक्ति जल्दी बीमार पड़ जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर सच क्या है? हैदराबाद स्थित यशोदा हॉस्पिटल की सीनियर कंसल्टेंट जनरल फिजिशियन डॉ. विघ्नेश वाई का कहना है कि बारिश में बार-बार भीगने से इम्यूनिटी सीधे तौर पर न तो मजबूत होती है और न ही कमजोर। हालांकि, लंबे समय तक गीले कपड़ों में रहने और शरीर का तापमान गिरने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
डॉ. विघ्नेश बताते हैं कि इम्यूनिटी किसी एक गतिविधि से नहीं बनती। मजबूत प्रतिरक्षा प्रणाली के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, नियमित एक्सरसाइज, वैक्सीनेशन और स्ट्रेस को कंट्रोल रखना सबसे ज्यादा जरूरी है। इसलिए यह मान लेना कि बारिश में भीगने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाएगी, वैज्ञानिक रूप से सही नहीं है।
बारिश खुद बीमारी का कारण नहीं बनती, बल्कि वायरस और बैक्टीरिया संक्रमण फैलाते हैं। लेकिन अगर कोई व्यक्ति पहले से किसी रेस्पिरेटरी वायरस के संपर्क में आ चुका है और लंबे समय तक ठंडे और गीले माहौल में रहता है, तो शरीर की प्राकृतिक सुरक्षा कुछ समय के लिए कमजोर पड़ सकती है। गीले कपड़ों में रहने से शरीर को खुद को गर्म रखने के लिए अधिक ऊर्जा खर्च करनी पड़ती है, जिससे संक्रमण का जोखिम बढ़ सकता है।
डॉक्टर कहते हैं कि बारिश में भीगने के बाद जितनी जल्दी हो सके गीले कपड़े बदल लें और शरीर को अच्छी तरह सुखाएं। गर्म कपड़े पहनें और यदि संभव हो तो गर्म पेय पदार्थ लें। साथ ही हाथों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि अधिकांश वायरल संक्रमण दूषित हाथों के जरिए भी फैल सकते हैं।
लंबे समय तक अच्छी इम्यूनिटी बनाए रखने के लिए पौष्टिक भोजन करें, जिसमें प्रोटीन, फल, हरी सब्जियां और आवश्यक विटामिन और मिनरल्स शामिल हों। रोजाना पर्याप्त नींद लें, नियमित रूप से व्यायाम करें, तनाव को कम रखें और समय पर सभी जरूरी टीके लगवाएं। यही उपाय शरीर को संक्रमणों से बेहतर तरीके से लड़ने में मदद करते हैं।
Disclaimer: यह लेख सिर्फ सामान्य स्वास्थ्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी विशेषज्ञ की राय और उपलब्ध वैज्ञानिक अध्ययनों पर आधारित है। इसे चिकित्सकीय सलाह का विकल्प न मानें। अगर बारिश में भीगने के बाद बुखार, लगातार खांसी, सांस लेने में तकलीफ या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें।