
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Image Credit : ChatGPT
आज के समय में हार्ट की परेशानी काफी ज्यादा कॉमन होती जा रही है, इसके पीछे कई वजह है। ऐसे में कई लोग अपने हार्ट की एज जानने की कोशिश करते हैं। इसके लिए आजकल इंटरनेट पर कई ऐसे टूल उपलब्ध भी हैं, जो कुछ ही मिनटों में आपकी हार्ट एज यानी दिल की उम्र बताने का दावा करते हैं। इन टूल्स को हार्ट एज कैलकुलेटर कहा जाता है। लेकिन क्या ये सच में सही तरीके से हार्ट एज बता पाता है? क्या इनके आधार पर हार्ट की बीमारी का जोखिम तय किया जा सकता है? इस बारे में जानकारी के लिए हमने हैदराबाद के यशोदा हॉस्पिटल्स के कंसल्टेंट कार्डियोथोरेसिक और मिनिमल इनवेसिव सर्जन डॉ. विशाल खांटे से बात की। आइए डॉक्टर से इस विषय को अच्छे से समझते हैं-
Heart Age Calculator
डॉक्टर कहते हैं कि हार्ट एज कैलकुलेटर एक ऑनलाइन रिस्क आकलन करने वाला टूल है, जो आपकी वास्तविक उम्र की तुलना आपके हार्ट की एज से करता है। यह विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों के आधार पर अगले 10 वर्षों में हार्ट डिजीज या स्ट्रोक के जोखिम का अनुमान लगाता है।
डॉ. विशाल खांटे बताते हैं कि यह कैलकुलेटर उम्र, लिंग, ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल स्तर, धूम्रपान की आदत, डायबिटीज और बॉडी मास इंडेक्स जैसे कारकों का उपयोग करता है। अगर किसी व्यक्ति की हार्ट एज उसकी वास्तविक उम्र से अधिक आती है, तो इसका मतलब है कि उसके हृदय रोग का जोखिम सामान्य से ज्यादा हो सकता है।
डॉ. खांटे का कहना है कि हार्ट एज कैलकुलेटर काफी उपयोगी हो सकता है, लेकिन इन्हें पूरी तरह से सही मान लेना बिल्कुल भी सही नहीं होता है।
डॉक्टर का कहना है कि ये टूल आमतौर पर वैज्ञानिक मॉडल जैसे फ्रेमिंघम रिस्क स्कोर और नए प्रिवेंट रिस्क इक्वेशन पर आधारित होते हैं, जिनका उपयोग दुनिया भर में हृदय रोगों के जोखिम का अनुमान लगाने के लिए किया जाता है। हालांकि, इनकी कुछ सीमाएं भी हैं।
उनका कहना है कि ये कैलकुलेटर यह नहीं बता पाते कि कोई व्यक्ति पहले धूम्रपान करता था या हाल ही में उसने अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव किए हैं। इसके अलावा यदि उपयोगकर्ता को अपना वास्तविक ब्लड प्रेशर या कोलेस्ट्रॉल स्तर पता नहीं है और वह अनुमानित आंकड़े दर्ज करता है, तो परिणाम कम सटीक हो सकते हैं।
हालांकि, ब्रिटेन की राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (NHS) भी हार्ट एज कैलकुलेटर को जागरूकता बढ़ाने वाले टूल के रूप में इस्तेमाल करती है, ताकि लोग अपने हृदय स्वास्थ्य को बेहतर समझ सकें।
Heart Age
डॉक्टर का मानना है कि कई लोगों के लिए प्रतिशत में जोखिम समझना मुश्किल होता है। ऐसे में आपका हार्ट आपकी उम्र से 10 साल बड़ा है जैसी जानकारी लोगों को अपनी सेहत के प्रति अधिक जागरूक बना सकती है।
हाल के शोधों में भी पाया गया है कि हार्ट एज जैसे टूल लोगों को हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। हालांकि, विशेषज्ञ यह भी कहते हैं कि इनका उपयोग सिर्फ जागरूकता बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए, न कि इलाज या दवा शुरू करने के निर्णय के लिए।
डॉ. विशाल खांटे कहते हैं कि हार्ट एज कैलकुलेटर का इस्तेमाल आप जागरूकता बढ़ाने वाले टूल के रूप में देख सकते हैं। अगर आपकी हार्ट एज अधिक आती है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। बेहतर होगा कि आप किसी कार्डियोलॉजिस्ट या फिजिशियन से सलाह लें और अपने ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, ब्लड शुगर तथा अन्य जोखिम कारकों की जांच करवाएं।
उनके अनुसार नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, धूम्रपान से दूरी और वजन कंट्रोल जैसे स्टेप्स हार्ट की को कम करने और हार्ट डिजीज रिस्क को घटाने में मदद कर सकते हैं।
Disclaimer : हार्ट एज कैलकुलेटर हार्ट की सेहत का एक शुरुआती संकेत दे सकता है, लेकिन यह डॉक्टर की सलाह और विस्तृत मेडिकल जांच का विकल्प नहीं है। इसे अपनी हृदय स्वास्थ्य यात्रा की शुरुआत मानें, मंजिल नहीं।