ये आम से लक्षण भी हो सकते हैं कोलन कैंसर का संकेत, डॉक्टर के बताए ये 5 लक्षण दिखते ही तुरंत कराएं जांच

Early sign of colon cancer: अभी तक भी ज्यादातर लोगों को कैंसर से जुड़ी पर्याप्त जानकारी नहीं है और यही कारण है कि इस जानलेवा बीमारी के कुछ शुरुआती लक्षण इग्नोर कर दिए जाते हैं।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : March 20, 2023 5:59 PM IST

Colon cancer signs and symptoms: कैंसर अब तक की सबसे जानलेवा बीमारियों में से एक है और इसके कई अलग-अलग प्रकार व स्टेज होती हैं। इस बीमारी की सबसे खतरनाक बात यह है कि यह शरीर के किसी भी हिस्से में हो सकता है और उस जगह पर ही निर्भर करता है कि यह कितना खतरनाक हो सकता है। कोलन कैंसर भी सबसे गंभीर प्रकार के कैंसर में से एक है और अगर समय रहते इसकी जांच व इलाज शुरू न किया जाए, तो यह जानलेवा स्थिति पैदा कर सकता है। अभी तक भी ज्यादातर लोगों को कैंसर से जुड़ी पर्याप्त जानकारी नहीं है और यही कारण है कि इस जानलेवा बीमारी के कुछ शुरुआती लक्षण इग्नोर कर दिए जाते हैं। दिल्ली पटपड़गंज के मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में गैस्ट्रोइंटेस्टिनल एंड हेप्टोपैन्क्रियोबाइलरी (GI HPB) सर्जिकल ऑन्कोलॉजी डॉक्टर विवेक मंगला ने कोलन कैंसर से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां दी। चलिए जानते हैं डॉक्टर विवेक ने कोलन कैंसर के कौन से पांच ऐसे शुरुआती लक्षणों के बारे में बताया है, जिसे इग्नोर नहीं करना चाहिए।

1. पेट साफ करने की आदतों में बदलाव (Change in bowel movement)

यदि आपके पेट साफ करने की आदत में बार-बार बदलाव हो रहे हैं, जैसे अलग-अलग समय पर मल त्याग, कभी कब्ज या दस्त होना और दिन में एक बार या किसी दिन पेट साफ न कर पाना आदि असामान्य संकेत हैं। कोलन कैंसर की शुरूआत में भी ये लक्षण देखे जा सकते हैं। इन लक्षणों के महसूस होते ही डॉक्टर से इस बारे में बात कर लेनी चाहिए।

2. पेट में दर्द (Stomach pain)

पेट में दर्द होना कई अलग-अलग समस्याओं के कारण हो सकता है और उनमें से कुछ कोलन कैंसर जैसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। यदि आपको पेट में दर्द व क्रैंपिंग महसूस हो रही है, तो डॉक्टर से एक बार बात कर लेनी चाहिए। खासतौर पर यदि पेट फूलने के साथ पेट का दर्द महसूस हो रहा है, तो डॉक्टर से इस बारे में बात कर लेनी चाहिए।

3. मल के साथ खून (Blood in stool)

मल के साथ खून आना एक गंभीर स्थिति है और इसे किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। कोलन कैंसर के कारण भी मल में खून आने की समस्या देखी जा सकती है और इसलिए इसे इग्नोर करना गंभीर स्थितियां पैदा कर सकता है। यदि आपके मल में खून या फिर मल के रंग गहरा (काला या लाल) दिख रहा है, तो डॉक्टर से इस बारे में बात करें।

4. अचानक से वजन कम होना (Unexpected weight loss)

यदि डाइट सही होने के बावजूद भी अचानक से वजन कम होने लगा है, तो यह भी कोलन कैंसर का संकेत हो सकता है और इसे इग्नोर नहीं करना चाहिए। कोलन कैंसर होने के बाद शरीर फूड मेटाबॉलिज्म प्रभावित हो जाता है और कारण से अचानक से वजन कम होने लगता है।

5. थकान व कमजोरी (Fatigue and weakness)

कैंसर के कारण शरीर में हीमोग्लोबिन कम होने लगता है और इस कारण से शरीर में थकान व कमजोरी के लक्षण होने लगता हैं। यदि आपको उपरोक्त में से कोई भी लक्षण महसूस हो रहा है और साथ ही थकान व कमजोरी भी हो रही है, तो आपको जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क कर लेना चाहिए।

हालांकि, उपरोक्त में से कोई लक्षण होने का मतलब जरूरी नहीं है कि कोलन कैंसर ही हो, ऐसी कई अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हैं जो इसका संकेत देती हैं। लेकिन ये लक्षण होने पर जल्द से जल्द ही डॉक्टर को दिखा लेना चाहिए, ताकि किसी प्रकार की गंभीर स्थिति को होने से रोका जा सके।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source