30 के बाद शरीर क्यों रहता है थका-थका? डॉक्टर बता रहे हैं इसकी वजह और बचाव के तरीके
30 के बाद शरीर क्यों रहता है थका-थका? डॉक्टर बता रहे हैं इसकी वजह और बचाव के तरीके
30 की उम्र में अगर आपको भी अक्सर शारीरिक थकान और छोटे- छोटे कामों को करने में परेशानी महसूस होती है तो यह कोई आम बात नहीं है। इसके पीछे कुछ गंभीर फैक्टर्स जिम्मेदार हो सकते हैं। आइए डॉ. मनन गुप्ता से जानते हैं इसके बारे में-
Written By:
Ashu Kumar Das
| Published : June 10, 2026 9:48 AM IST
क्या आपकी उम्र अभी 30 साल या उससे कम ही है और आपको अक्सर ही थकान महसूस होती है? बिना ज्यादा मेहनत वाला काम किए भी आपको शरीर में दर्द लगता है? रात को पूरी नींद सोने के बाद भी सुबह उठने पर शरीर में एनर्जी की कमी लगती है? काम में मन नहीं लगता और दिनभर सुस्ती बनी रहती है। अगर इन सभी सवालों के जवाब हां है, तो यह शरीर में गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। दिल्ली के एलांटिक हेल्थ केयर के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मनन गुप्ता का कहना है कि 30 की उम्र के बाद कभी-कभार थकान होना नॉर्मल है, लेकिन यह परेशानी लगातार बनी रहती है तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं।
30+ की उम्र में थकान क्यों बढ़ जाती है?
डॉ. मनन गुप्ता कहते हैं कि 30 की उम्र के बाद शरीर की थकान का सबसे बड़ा कारण है सही नींद न लेना। यहां नींद लेने का मतलब है रोजाना एक ही समय पर सोना और एक ही समय पर उठना, ताकि बॉडी क्लॉक सही तरीके से काम कर सके। यदि आप रोजाना 7-8 घंटे की गहरी नींद नहीं लेते हैं, तो शरीर पूरी तरह रिकवर नहीं हो पाता और अगले दिन थकान महसूस होती है।
शरीर को अक्सर थकान महसूस होने के एक कारणों में विटामिन और मिनरल्स की कमी भी है। आयरन, विटामिन B12, विटामिन D और मैग्नीशियम की कमी लगातार थकान का कारण बन सकती है।
कई लोग सोचते हैं कि आराम करने से थकान दूर होगी, लेकिन सच्चाई इसके उलट है। 30 की उम्र के बाद एक्सरसाइज या किसी प्रकार की फिजिकल एक्टिविटी न करने से शरीर का स्टैमिना कम होने लगता है। इसके कारण भी आपको थकान महसूस होती है।
30 की उम्र के बाद आर्थिक जिम्मेदारियों के कारण मानसिक तनाव भी बढ़ जाता है। लंबे समय तक तनाव रहने पर शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है, जो आपको अक्सर थका हुआ महसूस करवाता है।
इन सबके अलावा थायराइड, डायबिटीज, एनीमिया, स्लीप एपनिया, हार्ट की बीमारी, डिप्रेशन और एंग्जायटी जैसी परेशानियां भी शारीरिक थकान का कारण बनती है।
तनाव के कारण थकान महसूस हो सकती है।
30+ की उम्र में थकान से कैसे बचें?
30 की उम्र के बाद आपको अक्सर थकान महसूस होती है तो इसे कम करने के लिए रोजाना कम से कम 7-8 घंटे की नींद लें। सोने और जागने का समय तय रखें। सोने से पहले मोबाइल और लैपटॉप का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
शरीर की थकान को कम करने के लिए अपने खाने में प्रोटीन, हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज और हेल्दी फैट शामिल करें। विटामिन D, B12 और आयरन युक्त चीजों को रोजाना के खाने का हिस्सा बनाएं।
अगर आपको मानसिक तनाव ज्यादा है, तो इसे कम करने के लिए मेडिटेशन, योग, गहरी सांस लेने वाली एक्सरसाइज को रोजाना रेगुलर बेसिस पर करें।
दिनभर में 2.5 से 3 लीटर पानी पीने की कोशिश करें। पानी पीने से शरीर का हाइड्रेशन लेवल बना हुआ रहता है। इससे आपकी शारीरिक थकान कम होती है।
30 की उम्र के बाद लगातार कमजोरी, चक्कर, सांस फूलना या अत्यधिक थकान महसूस हो रही है, तो ब्लड टेस्ट और हेल्थ चेकअप कराना जरूरी है। इस बारे में अपने डॉक्टर से सलाह लें।
डॉ. मनन गुप्ता के साथ बातचीत के आधार पर हम यह कह सकते हैं कि 30+ की उम्र में थकान महसूस होना हमेशा सामान्य नहीं होता। खराब नींद, तनाव, पोषण की कमी, हार्मोनल बदलाव और कुछ स्वास्थ्य समस्याएं इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं। इसलिए अपनी लाइफस्टाइल को बेहतर करने की कोशिश करें।
Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी केवल आपकी जागरुकता के लिए हैं। अगर आपको कोई खास लक्षण महसूस हो तो परेशान न हो, समय पर डॉक्टर को दिखाकर जांच कराएं।
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts. Cookie Policy.
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts. Cookie Policy.