Advertisement

UTI In Summer Break: ट्रेवल करते समय आप भी पेशाब रोकते हैं? जानें यह आदत कैसे नुकसान पहुंचाती है

Urine Ko Rokne Se Kya Hota Hai: अक्सर लोग ट्रेवल करने के दौरान पेशाब को रोककर रखते हैं, लेकिन उन्हें पता नहीं होता कि यह छोटी सी गलती कितनी भारी पड़ सकती है। आइए डॉक्टर से जानते हैं।

Written By Vidya Sharma
Published : May 12, 2026 5:42 PM IST

यूरिन इंफेक्शन

Peshab Kyu Nhi Rokni Chahiye: गर्मियों की छुट्टियों में घूमने-फिरने का मजा तो सभी लेते हैं, लेकिन सफर के दौरान लोग अक्सर एक ऐसी आदत को नजरअंदाज कर देते हैं जो सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है। यह आदत है सफर के दौरान पेशाब यानी कि यूरीन को रोककर रखने की। वैसे तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं जैसे लंबे सफर में वॉशरूम का न मिलना और अगर मिलना भी तो बहुत ही गंदा मिलना। इसलिए बार-बार गाड़ी रोकने से बचने के लिए लोग लंबे समय तक पेशाब रोककर रखते हैं।

उस समय लगता है कि यह छोटी सी ही तो बात है, लेकिन बार-बार ऐसा करना शरीर पर बुरा असर डाल सकता है। जी हां, खासकर महिलाओं में यह आदत यूटीआई यानी कि यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन जैसी कई स्वास्थ्य समस्याओं की वजह बन सकती है। आज हम आपको इस लेख में RISAA IVF की को-फाउंडर और सीनियर गाइनेकोलॉजिस्ट डॉक्टर रीता बक्शी की बताए ट्रेवल के दौरान पेशाब रोकना के नुकसान के बारे में बताएंगे। साथ ही यह भी बताएंगे कि इससे बचने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

Advertisement

पेशाब रोकना शरीर को कैसे नुकसान पहुंचाता है?

लंबे समय तक पेशाब रोककर रखने से मूत्राशय यानी कि ब्लैडर (bladder) पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है, जिससे धीरे-धीरे उसकी सामान्य कार्य करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। कई बार इससे पेट के निचले हिस्से में दर्द, भारीपन या असहज महसूस होने लगता है। डॉक्टर बताती हैं कि बार-बार ऐसा करने पर पेशाब करने में परेशानी, जलन या ब्लैडर पूरी तरह खाली न होने जैसी दिक्कतें भी हो सकती हैं। इसलिए शरीर जब पेशाब करने का संकेत दे, तो उसे ज्यादा देर तक नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

ट्रेवल के समय महिलाओं में UTI का खतरा क्यों बढ़ जाता है?

बता दें कि यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (Urinary Tract Infection) एक तरह का इंफेक्शन होता है, जो पेशाब की नली या यूरिन से जुड़े हिस्सों में बैक्टीरिया पहुंचने की वजह से हो सकता है। महिलाओं में यह समस्या काफी आम मानी जाती है और गर्मियों में ट्रेवल के दौरान इसका खतरा और बढ़ सकता है। आइए जानते हैं कि सफर के समय UTI का खतरा क्यों बढ़ जाता है

Advertisement

लंबे समय तक पेशाब रोककर रखना

  • सफर के दौरान कम पानी पीना
  • साफ वॉशरूम न मिल पाना
  • गर्मी और पसीने की वजह से बैक्टीरिया बढ़ना
  • लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहना
  • शरीर में पानी की कमी होना

Important Note: डॉक्टर कहती हैं कि अगर आपको पेशाब करते समय जलन, बार-बार पेशाब आना, पेट के निचले हिस्से में दर्द या तेज बदबू जैसी समस्याएं महसूस हों, तो इन्हें नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी होता है, क्योंकि समय पर इलाज न मिलने पर संक्रमण बढ़ सकता है।

सफर के दौरान किन बातों का ध्यान रखें ताकि UTI से बचाव हो सके?

गर्मियों में ट्रेवल के दौरान थोड़ी सी सावधानी रखकर UTI के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। आइए जानते हैं किन बातों का ध्यान रखना चाहिए- 

  • दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें
  • ज्यादा देर तक पेशाब रोककर न रखें
  • साफ वॉशरूम का इस्तेमाल करें
  • बहुत ज्यादा टाइट या गीले कपड़े पहनने से बचें
  • सफर के दौरान शरीर को हाइड्रेट रखें
  • पेशाब करने के बाद सफाई का ध्यान रखें
  • जरूरत महसूस होने पर तुरंत वॉशरूम जाएं

डिस्क्लेमर- सफर के दौरान छोटी-छोटी सावधानियां आपकी सेहत को सुरक्षित रखने में मदद कर सकती हैं। इसलिए लंबे समय तक पेशाब रोकने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और शरीर के संकेतों को नजरअंदाज न करें। सही आदतें अपनाकर UTI जैसी समस्याओं के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।