hamburger icon
A
Read in English

कोरोना काल में दिवाली मनाते वक्त भूलकर भी न करें ये 3 काम, आपके और आपके परिवार को बढ़ जाएगा कोरोना का खतरा

कोरोना के मामलों की गिनती में भले ही आधिकारिक रूप से कमी दिखाई दे रही हो लेकिन इस बात पर गौर करना बहुत ही जरूरी है कि इस घातक वायरस का अभी भी कोई टीका विकसित नहीं हुआ है। इसलिए इस दीवाली हमें अपने और अपने परिवार को सुरक्षित रखने के लिए पहले की तरह सतर्क रहना होगा।

WrittenBy

Written By: Jitendra Gupta | Published : November 8, 2020 2:39 PM IST

जैसा कि हम सभी जानते हैं कि ये साल का ऐसा वक्त है जब त्यौहार बिल्कुल हमारे सिर पर हैं लेकिन उनका लुत्फ उठाने के लिए हमारे ऊपर बंदिशें बहुत ज्यादा हैं। एक तरफ कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों ने सभी को परेशान किया हुआ है तो वहीं बढ़ती सर्दी ने भी लोगों को बीमार बनाकर कोरोना काल में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालांकि इन सबके बीच एक सबसे अच्छी बात ये है कि लोग डर के साए में भी अपना पारंपरिक त्यौहार पहले की ही तरह मनाने की कोशिश कर रहे हैं। पारंपरिक त्यौहार की बात करें तो साल का सबसे प्रतीक्षित त्यौहार दीवाली बस चंद दिनों में ही दस्तक देने के लिए तैयार है। लेकिन कोरोना महामारी के कारण हम पहले की तरह उत्साह और जोश नजन नहीं आएगा।

कोरोना के मामलों की गिनती में भले ही आधिकारिक रूप से कमी दिखाई दे रही हो लेकिन इस बात पर गौर करना बहुत ही जरूरी है कि इस घातक वायरस का अभी भी कोई टीका विकसित नहीं हुआ है। इसलिए इस दीवाली हमें अपने और अपने परिवार को सुरक्षित रखने के लिए पहले की तरह सतर्क रहना होगा। लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल भी नहीं है कि आप जश्न नहीं मना सकते। आपको सिर्फ आपके और आपके परिवार के लिए जोखिम कम करने के लिए अधिक सावधान रहना होगा। इस लेख में हम आपको दीवाली के दौरान तीन सबसे बड़े जोखिमों के बारे में बता रहे हैं, जिनसे आपको दूर और बचना चाहिए। तो आइए जानते हैं कौन से हैं ये बड़े जोखिम।

दीवाली के दौरान इन 3 कामों से बचें

1-बड़े और भीड़-भाड़ वाले समारोहों में जाने से बचें, जहां बाहर के लोग शामिल हुए हों

कोरोनावायरस के फैलने का जोखिम सबसे ज्यादा उन स्थानों पर है जहां स्पेस कम है और लोग ज्यादा। हां, त्यौहार को मनाने के लिए आपको वास्तव में अपने दोस्तों के साथ पार्टी या फिर डिनर में शामिल होना पसंद हो सकता है खासकर उनसे, जिनसे आप लंबे समय से न मिले हों लेकिन आपके लिए सबसे अच्छा होगा कि आप ऐसी पार्टी का हिस्सा न बनें, जहां भीड़-भाड़ ज्यादा हो। इसलिए बड़ी सभा में भाग लेने से बचें।

2- शॉपिंग के लिए भरे बाजारों में जाने से बचें

त्यौहार पर हम सभी को नए कपड़े खरीदना बहुत ज्यादा पसंद होता है, साथ ही घर को सजाने के लिए और दिवाली की खरीदारी के लिए अपने पसंदीदा बाजारों में जाना हमारी सबसे बड़ी उत्सुकता होती है। लेकिन कोरोना काल में ऑनलाइन शॉपिंग और ऑर्डर करना आपके लिए सबसे अच्छा साबित हो सकता है। दरअसल अभी बाजार में बहुत भीड़ हो सकती है और बाजार में जाने से आपको संक्रमण होने का खतरा बढ़ जाएगा। इसलिए इस बार शॉपिंग के लिए भीड़ वाले बाजारों में जाने से बचें।

3-ट्रैफिक से बचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करना

ट्रैफिक जाम में फंसना किसी को पसंद नहीं लेकिन भूलकर भी सार्वजनिक परिवहन को चुनने की गलती न करें। खासकर त्यौगार से पहले और बाद में सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग बहुत ज्यादा व्यस्त रहता है, जिससे आपके संक्रमित होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग न करें।

​इन सबके बजाए क्या करना चाहिए

आप अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ एक खुली जगह में एक छोटे से डिनर का प्लान बना सकते हैं।

आप एक खुले बगीचे में लंच पार्टी कर सकते हैं। लेकिन मास्क पहनना, सैनिटाइजर का प्रयोग और सोशल डिस्टेंसिंग का उपयोग करें।

वायरस तब और अधिक फैलता है जब लोग अधिक समय तक करीब होते हैं। इसलिए त्यौहार के दौरान आपस में दूरी बनाए रखें।