hamburger icon
A
Read in English

पेट के निचले हिस्से में दर्द या पेशाब में जलन को नजरंदाज न करें महिलाएं, हो सकती है यह गंभीर बीमारी

Urine Infection In Women: महिलाओं को पेट के निचले हिस्से में दर्द, पेशाब में जलन और हर वक्त थकान जैसी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये सभी लक्षण यूरिन इंफेक्शन के हो सकते हैं।

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : September 13, 2023 5:24 PM IST

Urine Infection In Women: भागदौड़ भरी जिंदगी में महिलाएं अपनी सेहत का ख्याल नहीं रख पाती हैं, जिसकी वजह से उन्हें कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन या यूटीआई भी महिलाओं में होने वाली एक बड़ी समस्या है। इसे आम भाषा में यूरिन इंफेक्शन भी कहा जाता है। यह एक तरह का ब्लैडर इंफेक्शन है, जो किडनी, मूत्र मार्ग और मूत्राशय को प्रभावित करता है। यूरिन इंफेक्शन के कारण महिलाओं को काफी तकलीफ होती है। लेकिन कई बार महिलाओं को यूटीआई के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं होती है। वहीं, कई बार महिलाएं यूरिन इंफेक्शन के लक्षणों को नजरंदाज कर देती हैं, जिसकी वजह से यह समस्या गंभीर रूप धारण कर लेती है। सही समय पर इलाज न करवाया जाए, तो इंफेक्शन पूरे शरीर में फैल सकता है। ऐसे में इसके लक्षणों की पहचान करना जरूरी है। आज इस लेख में हम आपको महिलाओं में यूरिन इंफेक्शन के लक्षणों के बारे में बताने जा रहे हैं। अगर आपको भी शरीर में यूटीआई के ये लक्षण नजर आएं, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

पेट के निचले हिस्से में दर्द

महिलाओं को यूरिन इंफेक्शन होने पर पेट के निचले हिस्से में दर्द या जलन का अनुभव हो सकता है। अक्सर महिलाएं इसे पीरियड का दर्द समझ कर इग्नोर कर देती हैं। लेकिन अगर आपको पेट के निचले हिस्से में तेज दर्द हो रहा है, तो डॉक्टर से परामर्श लें।

पेशाब में जलन

महिलाओं को यूरिन इन्फेक्शन की परेशानी होने पर पेशाब करते समय तेज जलन महसूस हो सकती है। कई बार यह जलन इतनी तेज होती है कि तुरंत डॉक्टर के पास जाना पड़ता है। महिलाओं को यूरिन इंफेक्शन से बचने के लिए पब्लिक टॉयलेट यूज करते समय साफ-सफाई का ध्यान रखना चाहिए।

बार-बार पेशाब आना

यूरिन इंफेक्शन होने पर महिलाओं को बार-बार पेशाब आ सकता है। कई बार बहुत तेज पेशाब का प्रेशर महसूस होता है, लेकिन टॉयलेट जाने पर बहुत कम मात्रा में यूरिन पास होता है। अगर आपको ऐसी परेशानी हो रही हो, तो यूरिन टेस्ट करवाएं।

बहुत ज्यादा थकान महसूस होना

महिलाओं को यूरिन इंफेक्शन होने पर हर वक्त थकान महसूस होती है। अगर आपको भी बिना कोई काम किए भी हर समय थकान महसूस होती है, तो इसे नजरअंदाज ना करें। ऐसी स्थिति में आपको डॉक्टर की सलाह से यूरिन टेस्ट करवाना चाहिए।

पेशाब का रंग बदलना

महिलाओं में यूरिन इंफेक्शन होने पर कई बार पेशाब का रंग बदल जाता है, जो अक्सर पीला या मटमैले रंग का हो सकता है। कई बार यह समस्या इतनी गंभीर हो जाती है कि पेशाब से ब्लड भी निकलने लगता है। ऐसे में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और भरपूर मात्रा में पानी पिएं।

अगर आपको भी यूरिन इंफेक्शन से जुड़े लक्षण नजर आ रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लें।