Heart Blockage: दिल की नसें ब्लॉक होने पर दिखने लगते हैं 5 ये लक्षण, बिल्कुल न करें नजरअंदाज

Symptoms Of Heart Blockage: दिल की नसें ब्लॉक होने पर शरीर में कुछ लक्षण नजर आने लगते हैं। जानें हार्ट ब्लॉकेज के ऐसे 5 लक्षण, जिन्हें आपको कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : September 24, 2023 3:15 PM IST

Symptoms Of Heart Blockage:  आजकल की खराब जीवनशैली और गलत खानपान के कारण दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा काफी बढ़ गया है। जहां पहले बड़े-बूढ़ों को दिल की बीमारियां होती थीं। वहीं, आजकल कम उम्र के लोगों को भी हार्ट अटैक और हार्ट फेलियर जैसी समस्याएं हो रही है। हार्ट अटैक का सबसे बड़ा कारण दिल की नसों में ब्लॉकेज माना जाता है। इस स्थिति में दिल के इलेक्ट्रिक सिस्टम में खराबी आने लगती है। ऐसा होने पर दिल धीमी गति से धड़कने लगता है या दिल की धड़कन रुक जाती है। दिल की नसों में ब्लॉकेज होने पर शरीर में कुछ लक्षण नजर आने लगते हैं। अक्सर लोग इन लक्षणों को सामान्य समझकर नजरंदाज कर देते हैं। लेकिन ये बाद में हार्ट अटैक का कारण बन सकते हैं। ऐसे में, सही समय पर इन लक्षणों को पहचानना बहुत जरूरी होता है। आज इस लेख में हम आपको हार्ट ब्लॉकेज के 5 शुरूआती लक्षणों के बारे में बताने जा रहे हैं।

सीने में दर्द

सीने में दर्द या भारीपन महसूस होना दिल की नसें ब्लॉक होने के शुरुआती लक्षण हैं। अगर आपको अक्सर सीने में दर्द उठता है है, तो इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज ना करें। यह दर्द कंधे से लेकर बांह तक भी फैल सकता है।

चक्कर आना

अगर आपको बार-बार चक्कर आते हैं या फिर बेहोशी जैसा महसूस होता है, तो इसे भूलकर भी नजरअंदाज ना करें। दिल की नसें ब्लॉक होने पर चक्कर आने की समस्या हो सकती है। यदि आपको कुछ दिनों से लगातार ऐसा महसूस हो रहा है, तो आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

थकान

अगर आप थोड़ा सा भी काम करने के बाद थक जाते हैं या आपको कमजोरी महसूस होती है, तो ये हार्ट की नसें ब्लॉक होने के लक्षण हो सकते हैं। बिना बात थकान या कमजोरी महसूस होना इस बात का संकेत हैं कि दिल तक ब्लड फ्लो सही तरीके से नहीं हो पा रहा है।

सांस फूलना

सांस फूलना या सांस लेने में तकलीफ होना भी दिल की नसें ब्लॉक होने का एक लक्षण हो सकता है। इसलिए अगर आपको सांस लेने में तकलीफ हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

अनियमित दिल की धड़कन

अनियमित दिल की धड़कन भी हार्ट की नसें ब्लॉक होने का एक संकेत हो सकता है। हार्ट की नसों में रक्त की आपूर्ति न होने की वजह से दिल की धड़कनें बहुत ज्यादा तेज या फिर कम हो सकती हैं। ऐसे लक्षण महसूस होने पर आपको बिना देरी किए डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

ये सभी लक्षण हार्ट ब्लॉकेज या दिल की नसें ब्लॉक होने की तरफ इशारा करते हैं। अगर आपको इनमें से कोई भी लक्षण महसूस हो, तो इन्हें बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें। समय रहते सही कदम उठाने से आप हार्ट अटैक की समस्या से बच सकते हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source