
डॉ. अमित भूषण शर्मा
डॉ. अमित भूषण शर्मा गुरुग्राम के सबसे प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट में से एक हैं। उन्हें टाइम्स मीडिया ... Read More
रोज सुबह उठने के बाद थकान महसूस होती है? थोड़ा-सा काम करने के बाद ही सांस फूलने लगती है? ऑफिस से आने के बाद रोजाना थकावट सी लगती है? अगर हां, तो यह बिल्कुल सामान्य नहीं है। कभी-कभार थकान होना सामान्य होता है। लेकिन, अगर आपको अक्सर ही थकान बनी रहती है और थकावट की वजह से किसी काम में मन नहीं लगता है, तो यह शरीर में होने वाली कुछ गड़बड़ियों का संकेत हो सकता है। इसलिए अगर रोजाना थकान महसूस हो रही है तो एक बार मेडिकल चेकअप जरूर कराएं। रोजाना थकावट होना किसी अंदरूनी बीमारी का शुरुआती संकेत भी हो सकता है। जानें, रोजाना थकान होने के पीछे कौन-से कारण जिम्मेदार होते हैं?
रोजाना थकान का एक प्रमुख कारण है- शरीर में पोषक तत्वों की कमी। शरीर में आयरन, विटामिन बी12 और विटामिन डी की कमी से आपको रोजाना थकान महसूस हो सकती है। दरअसल, जब शरीर में इन पोषक तत्वों की कमी होती है, तो शरीर में ऊर्जा का स्तर कम हो जाता है। इसकी वजह से आपको थकान, कमजोरी और चक्कर आने जैसा अनुभव हो सकता है। महिलाओं में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। इसके अलावा, जो लोग डाइटिंग पर हैं, उन्हें भी थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है।
हार्मोनल असंतुलन की वजह से भी रोजाना थकान लग सकती है। यानी हार्मोन से जुड़ी समस्याएं भी थकान का कारण बन सकती हैं। थायराइड, डायबिटीज जैसे रोग रोजाना होने वाली थकान का कारण बन सकते हैं। जब शरीर में थायराइड और डायबिटीज रोग विकसित होता है, तो थकान ही आम लक्षण है जो दिखाई देता है। इसलिए अगर आपको रोजाना थकान हो रही है तो एक बार ब्लड शुगर लेवल और थायराइड की जांच जरूर करें।
आजकल ज्यादातर लोग तनाव और चिंता से घिरे हुए हैं। लंबे समय तक तनाव, डिप्रेशन, एंग्जाइटी या चिंता में घिरे रहने की वजह से भी आपको अक्सर ही थकान और कमजोरी जैसा अनुभव हो सकता है। तनाव की वजह से आलस आता है और किसी काम में मन नहीं लगता है। तनाव शरीर की ऊर्जा को प्रभावित कर देता है। इसलिए तनाव मुक्त रहना बहुत जरूरी होता है। तनाव का दिल की सेहत पर भी बुरा असर पड़ता है।
ज्यादातर मामलों में खराब जीवनशैली या डाइटिंग पैटर्न थकान के मुख्य कारण माने जाते हैं। अनियमित भोजन, ओवरइटिंग, पानी कम पीना, चाय-कॉफी का ज्यादा सेवन आदि की वजह से भी आपको थकान महसूस हो सकती है। शारीरिक गतिविधि न करने से आपको थकान लग सकती है। वहीं, अगर नींद पूरी नहीं होती है तो इस स्थिति में भी थकान लग सकती है।
कई मामलों में रोज की थकान के पीछे गंभीर बीमारियां जिम्मेदार हो सकती हैं। दिल, फेफड़े, लिवर और किडनी जैसे अहम अंगों से जुड़ी बीमारियां रोज की थकान का कारण बन सकते हैं। अगर आपको थकान के साथ सांस फूलने, सांस लेने में तकलीफ, वजन कम होना, शरीर में सूजन जैसे लक्षण भी दिख रहे हैं, तो इस स्थिति को बिल्कुल नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करें।
यह समझना जरूरी है कि थकान कब सामान्य नहीं होती है। अगर थकान अचानक शुरू हो, धीरे-धीरे बढ़े या रोजमर्रा के कामों को प्रभावित करने लगे, तब डॉक्टर से कंसल्ट करके मेडिकल जांच कराना जरूरी है। समय पर जांच और सही इलाज से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। कभी-कभार थक जाना सामान्य है, लेकिन हर समय थका रहना सामान्य नहीं होता है। इसलिए इस स्थिति को बिल्कुल नजरअंदाज न करें।