hamburger icon
A
Read in English

क्या हर व्यक्ति के शरीर में पहले से ही किडनी कैंसर कोशिकाएं होती हैं, एक्सपर्ट ने दिया जवाब

अगर आपके मन में भी इस तरह के सवाल आते हैं, तो इस लेख में हम कैंसर एक्सपर्ट्स से ही जवाब लेंगे। साथ ही जानेंगे कि आखिर कैंसर से बचाव करने में हमारे इम्यून सिस्टम की क्या भूमिका होती है और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : June 25, 2026 11:22 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. J. B. Sharma

आपने भी किसी न किसी व्यक्ति को इस तरह की बातें कहते हुए सुना होगा या फिर आपके मन में इस तरह का पेचीदा सवाल जरूर आया होगा कि क्या हर व्यक्ति के शरीर में पहले से ही कैंसर होता है? बस फर्क ये है कि किसी का कैंसर शुरू हो जाता है, तो किसी का नहीं? लेकिन हमारे पास इस सवाल का जवाब अक्सर नहीं होता है, क्योंकि इसका जवाब सिर्फ एक्सपर्ट्स के पास ही होता है और अगर बात कैंसर की है तो कैंसर एक्सपर्ट्स ही इस बारे में सही जानकारी दे सकते हैं। इसलिए हमने दिल्ली के एक्शन कैंसर हॉस्पिटल, में मेडिकल ऑन्कोलॉजी एंड इम्यूनोथेरेपी के डायरेक्टर डॉ. जे बी शर्मा से इस बारे में बात की और उनसे कैंसर से जुड़े कुछ ऐसे ही सवाल पूछे गए जो अक्सर हमारे दिमाग में रहते हैं। इस लेख में हम इसी बारे में कुछ जरूरी बातें करने वाले हैं।

क्या किडनी में पहले से कैंसर कोशिकाएं होती हैं?

जब हमने डॉक्टर से यह सवाल पूछा तो उन्होंने बोला तो उनका सीधा जवाब था “नहीं” और आगे उन्होंने कि ऐसा नहीं है कि हर व्यक्ति की किडनी में पहले से ही कैंसर कोशिकाएं होती हैं। हर व्यक्ति के शरीर में पहले से कैंसर कोशिकाएं मौजूद हों, ऐसा जरूरी नहीं है। हालांकि, शरीर में समय-समय पर कुछ असामान्य कोशिकाएं जरूर बन सकती हैं, लेकिन उनमें से ज्यादातर कभी कैंसर में नहीं बदलती।

असामान्य कोशिका और कैंसर कोशिका में अंतर

अक्सर लोग एब्नार्मल सेल और कैंसरस सेल को एक ही समझ लेते हैं, लेकिन इन दोनों में बहुत अंतर होता है। किसी सामान्य कोशिका के असामान्य कोशिका बनने के पीछे कई अलग-अलग कारण हो सकते हैं जैसे आकृति में बदलाव या फंक्शन में बदलाव। जबकि जब कोई कोशिका असामान्य रूप से बढ़ना शुरू कर देती है, तब कैंसर विकसित होता है, जो कि केवल एक असामान्य कोशिका नहीं होता।

कैंसर कोशिका के जोखिम अलग होते हैं

किडनी कैंसर के मामले में कुछ जोखिम कारक बीमारी के खतरे को बढ़ा सकते हैं। इनमें धूम्रपान, मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, बढ़ती उम्र, लंबे समय तक कुछ रसायनों के संपर्क में रहना और परिवार में पहले किसी को कैंसर का होना आदि शामिल है। हालांकि, इन जोखिम कारकों के होने का मतलब यह नहीं है कि कैंसर निश्चित रूप से होगा, बल्कि इससे केवल खतरा बढ़ सकता है।

असामान्य कोशिकाओं को नष्ट कर देता है शरीर

हमारे शरीर के अंदर जो प्राकृतिक सुरक्षा तंत्र होता है, यानी इम्यून सिस्टम वह असामान्य कोशिकाओं को कैंसर सेल बनने से पहले ही उन्हें नष्ट कर देता है। इसलिए कैंसर से बचाव रखने में हमारा इम्यून सिस्टम बेहद अहम भूमिका निभाता है। यही कारण है कि शरीर में बनने वाली अधिकांश असामान्य कोशिकाएं कैंसर बनने से पहले ही नष्ट हो जाती हैं। लेकिन कभी-कभी कुछ कोशिकाएं इन सुरक्षा तंत्रों से बच निकलती हैं और धीरे-धीरे कैंसर का रूप ले सकती हैं।

रिसर्चों में यह भी पाया गया कि कैंसर एक अचानक होने वाली बीमारी नहीं है, बल्कि यह कई जैविक बदलावों का परिणाम होता है। इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि हर व्यक्ति के शरीर में पहले से ही किडनी कैंसर कोशिकाएं मौजूद होती हैं। हां, यह जरूर कहा जा सकता है कि जीवनभर शरीर में कुछ असामान्य कोशिकाएं बनती रहती हैं, लेकिन उनमें से बहुत कम कैंसर का रूप ले पाती हैं। इसलिए किडनी कैंसर से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है।

डिसक्लेमर: इस लेख का उद्देश्य केवल किडनी कैंसर से जुड़ी कुछ जरूरी जानकारियां देना है और इसमें दी गई जानकारी का इस्तेमाल कैंसर या किसी भी बीमारी के इलाज के लिए नहीं है और उसके लिए आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।