सोरायसिस के मरीजों के लिए त्वचा का ध्यान रखने के 12 टिप्स

क्या आपको मालूम है सोरायसिस में कैसे रखा जाता है ख्याल?

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Updated : January 5, 2017 8:12 AM IST

Read this in English

सोरायसिस एक त्वचा रोग है। वैसे तो यह वंशानुगत है लेकिन और कई कारणों से भी हो सकता है। यह माना जाता है कि जब शरीर का इम्यून सिस्टम काफी ज्यादा बढ़ जाता है तो ये शरीर को ही नुकसान पहुंचाने लगता है। त्वचा ज़रूरत से ज़्यादा त्वचा कोशिकाओं का निर्माण करने लगती है। इसमें त्वचा पर लाल रंग की सतह उभरकर आती है। यह समस्या स्कैल्प, हाथ, पैर, कोहनी, घुटनों और पीठ पर सबसे अधिक होती है। 1-2 प्रतिशत जनता में यह रोग पाया जाता है। ये एक ऐसी बीमारी है जिसका इलाज बहुत ज़्यादा मुश्किल है। (इसे भी पढ़ें, 6 घरेलु उपायों के द्वारा खुजली से राहत पायें)

यदि आपको या आपके परिवार के किसी सदस्य को ये बीमारी है तो आप डॉक्टरी इलाज के साथ-साथ घर पर इस तरह से ख़ास ख्याल रख सकते हैं:

1-इस बीमारी का मरीज़ नहाते हुए गुनगुने पानी और बिना खुशबू वाले साबुन का इस्तेमाल करे। पानी गुनगुना हो, बहुत गर्म नहीं। नहीं तो आपकी समस्या बढ़ सकती है।

2-नहाने के बाद मॉश्चराइज़र ऐसा लगाएं जिसमें खुशबू न हो, और जो काफी माइल्ड हो। अगर आप नेचुरल मॉश्चुराइज़र लगाना चाहते हैं तो ऑलिव ऑयल ट्राई करें।

3-सूती कपड़े पहनें। ये त्वचा के साथ कोमलता से रहता है और हवा का आवागमन भी आसानी से हो पाता है।

4-सर्दियों में अपनी त्वचा को ठीक से कवर करके रखें ताकि त्वचा ड्राई न हो।

5-मरीज़ को चोट लगने से बचाएं, क्योंकि ऐसे में ज़ख्म भरना मुश्किल होता है।

6-अपने नाखूनों को नियमित रूप से छोटे काटते रहें, ताकि उनसे त्वचा को नुकसान न पहुंचे।

7-स्मोंकिंग और अल्कोहल की आदत को छोड़ दें। यह आपकी सोरायसिस की समस्या को बढ़ाएंगे।

8-सही वज़न बनाए रखें। थोड़ी एक्सरसाइज़ करें। लेकिन अगर सोरायसिस के कारण आपके जॉइन्ट्स प्रभावित हुए हैं तो एक्सरसाइज़ से पहले डॉक्टर की सलाह ज़रूर लें।

9-मानसिक तनाव आपकी समस्या को ज़्यादा बढ़ाता है इसलिए तनाव से छुटकारे के लिए मेडिटेशन और योग करें।

10-रेड मीट न खाएं, ये प्रभावित स्थान पर जलन बढ़ा सकता है।

11-सुबह 9 बजे से पहले धूप में वॉक करने से भी सोरायसिस के मरीज़ों को आराम पहुंचता है।

12-अलसी के बीज में ओमेगा 3 फैटी एसिड्स होते हैं। ओमेगा 3 फैटी एसिड्स सोरायसिस में होने वाली समस्याओं में राहत पहुंचाने का काम करते हैं। सुबह नाश्ते और रात के खाने के पहले एक मुट्ठी अलसी के बीज खा लें। या इन्हें पीसकर, पानी मिलाकर खाएं।

सोरायसिस होने का मतलब ये नहीं है आप सभी उम्मीदें छोड़कर बैठ जाएं। ऊपर बताई बातों का ख्याल रखें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। आप खुद ब खुद बेहतर महसूस करने लगेंगे।

मूल स्रोत –  Psoriasis – tips to take care of it at home

अनुवादक – Shabnam Khan

चित्र स्रोत – Getty Images 


हिन्दी के और आर्टिकल्स पढ़ने के लिए हमारा हिन्दी सेक्शन देखिए। स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए न्यूजलेटर पर साइन-अप कीजिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source