कैसे करें प्लास्टिक लंच बॉक्स को दाग-धब्बे ,कीटाणु और बदबू से आज़ाद

कैसे रखेंगे आप अपने टिफीन बॉक्स को germ free?

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Updated : January 5, 2017 8:39 AM IST

Read this in English.

अनुवादक: Sadhana Tiwari

इन दिनों पारम्परिक स्टील के डिब्बों के बजाय लोग प्लास्टिक के लंच बॉक्स इस्तेमाल करना अधिक पसंद करते हैं। विभिन्न रंगों और डिजाइन्स में उपलब्ध इन लंच बॉक्सेक्स की पॉपुलैरिटी की वजह इनका वजन में हल्का होना है जो इन्हें इस्तेमाल के लिए सुविधाजनक बनाते हैं। लेकिन आपका वही पसंदीदा लंच बॉक्स आपके लिए मुश्किल का सबब बन जाता है जब कभी लंच पैक करते वक़्त आपको नज़र आते हैं उसपर धाग-धब्बे, या फिर आपको ध्यान में आता है कि लंच टाइम में आपने टिफ़िन खोला और उसमें से पराठे की खुशबू आने की बजाय एक दिन पहले लायी गयी फिश करी की स्मेल आ रही है। हुआ हैं न आपके साथ भी ऐसा कई बार? और आपकी तमाम कोशिशों के बावजूद न तो आपके लंच बॉक्सेस पहले जैसे नज़र आते हैं और न ही आपका मन होता है उन्हें अब और इस्तेमाल करने का। इसमें आपकी कोई गलती नहीं। प्लास्टिक के डिब्बों की थोड़ा ख़ास तरीके से ध्यान रखने की ज़रूरत पड़ती है और आपकी उसी मुश्किल को हल करने के तरीके जानते हैं हम, जो बताएंगे आज आपको यहाँ।

ऐसे बनाये अपने लंच बॉक्स को चमकदार

स्टेप 1-जब भी आप खाना खाएं उसके तुरंत बाद अपने लंचबॉक्स को पानी से ज़रूर धोयें। अगर ऐसा करना संभव न हो तो घर पहुंचते ही उन्हें साफ़ करें। हालाँकि ठंडे पानी से दाग और चिकनाई तो नहीं निकलती लेकिन पानी से साफ करने के बाद डिब्बों की सफाई का काम थोड़ा आसान ज़रूर हो जाएगा।

स्टेप 2- एक बार डिब्बों को पानी से साफ़ करने के बाद अख़बार या टिशू पेपर से लंच बॉक्स को पोंछकर ऊपरी चिकनाई को साफ़ कर दें।

स्टेप 3- अब अपने लंच बॉक्स को हलके गर्म/गुनगुने पानी से साफ़ करें औेर किसी माइल्ड सोप के सोल्युशन और स्पॉन्ज से लंच बॉक्स को अंदर और बाहर अच्छी तरह से साफ़ करें। प्लास्टिक से बने टिफ़िन को हार्श साबुन और स्क्रब से साफ़ न करें। उनसे दाग धब्बे साफ़ तो नहीं होते उल्टे आपका लंच बॉक्स बदरंग जरुर हो जाता है।

स्टेप 4- अगर आपके लंच बॉक्स में ऐसा कोई ज़िद्दी दाग है गरम पानी और साबुन से साफ़ करने के बाद भी नहीं जा रहा? तो विनेगर का इस्तेमाल कीजिये। एक कप गरम पानी में दो चम्मच विनेगर मिलाएं। गरम पानी और साबुन से डिब्बों को धोने के बाद उन्हें इस घोल से साफ़ करें। विनेगर एक स्टेन रिमूवर के तौर पर काम करता है जो हल्दी और टोमेटो सॉस के ज़िद्दी दागों को कर देता है।

स्टेप 5- अगर विनेगर ना हो तो आप नींबू का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। एक टुकड़ा नींबू का रस निकालें और इससे लंच बॉक्स पर लगाकर 15 मिनट के लिए सूखने दें। आप लेमन जूस में कोई माइल्ड डिटर्जेंट मिला सकते हैं जिसे आप टिफ़िन के उस ज़िद्दी दाग को साफ़ कर सकते हैं। उसके बाद टिफ़िन को गरम पानी और साबुन के घोल से साफ़ करें।

स्टेप 6- बेकिंग सोडा और गर्म पानी का एक पेस्ट बनाकर टिफ़िन पर लगाएं, खासतौर पर उस ज़िद्दी दाग पर जिससे छुटकारा पाने के लिए आप काफी मेहनत कर चुकीं हैं। एक दिन बाद टिफ़िन को गुनगुने पानी से साफ़ कर लें।

स्टेप 7- अगर आप नैचुरली इन् धब्बों से छुटकारा चाहते हैं, तो स्टेप नंबर 2 और 3 को फॉलो करें और फिर धुप में रख दीजिये अपने डिब्बों को। सूरज की किरणें इन दाग- धब्बों को गायब कर देंगी। हालाँकि ध्यान रखें कि आपके डिब्बे बहुत अधिक समय तक धूप में न पड़े रहें वरना वे बदरंग हो जाएंगें।

कल अपनी मनपसंद फिश करी ले गए थे अपने टिफ़िन में पैक करके लेकिन आज भी आपके टिफ़िन में उसकी तेज़ गंध रह गयी है ! तो फ़िक्र न करें। इसीलिए जिस तरह हमने अब तक बताया आपको दाग -धब्बों से पीछा छुड़ाने का तरीका, अब हम बताएंगे आपको कि कैसे पाएं उस बदबू से छुटकारा-

स्टेप 1- अपने टिफ़िन बॉक्स को साफ करने के बाद उसमें थोड़ा नमक रखकर, बन्द करके रातभर के लिए रख दें, यह बदबू भगाने का एक अच्छा तरीका है और इस तरह आपका टिफ़िन बॉक्स जर्म फ्री भी बन जायेगा।

स्टेप 2-इसी तरह आप कॉफी बीन्स का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। रातभर टिफ़िन में कॉफी बीन्स रखिये और सुबह आपके टिफ़िन से बदबू गायब।

स्टेप 3-एयरटाइट डिब्बों को साफ़ करके उनमें नींबू के छिलके भी रखें जा सकते हैं बदबू से छुटकारा पाने के लिए।

स्टेप 4- एक अख़बार को तोड़मरोड़कर अपने टिफ़िन बॉक्स में भर दीजिये और डिब्बे का ढक्कन बन्द्द कर रख दीजिये। जब तक बदबू न चली जाए डिब्बे को ऐसे ही रहने दें।

ना बदबू ना दाग, लेकिन कैसे ?

कुछ बातों का ख्याल रखकर आप अपने टिफ़िन बॉक्स की देख रेख और उसकी साफ़ सफाई का काम आसान बना सकती हैं ।

दो या अधिक टिफ़िन बॉक्सेस खरीद लें और बारी-बारी से उनका इस्तेमाल करें। इस तरह डिब्बों को सूखने का पर्याप्त समय मिलेगा।

करी और सॉस को माइक्रोवेव में गरम न करें क्योंकि उनके दाग टिफ़िन में रह जाते हैं। माइक्रोवेव में खाना गरम करने के लिए कांच के बर्तनों का इस्तेमाल करें। हां आपका काम थोड़ा बढ़ जाएगा पर इस तरह आपके टिफ़िन ख़राब होने से बचाए जा सकते हैं।

अलुमिनियम फॉयल का इस्तेमाल करें। इस तरह आपके टिफ़िन पर करी और सॉस के दाग नहीं लगेंगे।

खाना रखने से पहले टिफ़िन में घी या बटर लगाएं और खाना खाने के बाद टिशू पेपर से बॉक्स को पोंछ दें,और उसके बाद हमारे बताये गए तरीके से अपने लंच बॉक्स को अच्छी तरह से साफ़ करें।

और अगर इतना सब करने के बाद भी आपके टिफ़िन से दाग और बदबू जाने का नाम नहीं ले रहे तो फेंक दीजिये उन्हें और खरीद लाइए अपने लिए अपनी पसंद के नए टिफ़िन बॉक्स।

आप टिफ़िन बॉक्स ख़रीदें तो ज़रूर जांच लें कि वो बीपीए फ्री हैं। बीपीए यानि Bisphenol A एक ऐसा केमिकल है जिसका इस्तेमाल प्लास्टिक से बनी चीज़ों में होता है और यह हमारी सेहत के लिए घातक है। इस तरह के केमिकल बच्चों में लर्निंग डिसेबिलिटी का कारण बन सकते हैं और यही नहीं कुछ स्टडीज के मुताबिक यह बच्चों के दिमाग के विकास को भी बाधित कर सकता है। यही नहीं बीपीए विभिन्न सिंड्रोम और ब्रैस्ट कैंसर जैसी बीमारियों का भी कारण बन सकता है। इसीलिए अगर आप भी रखना चाहते हैं अपनी और अपने परिवार की सेहत का ख्याल तो अगली बार बीपीए फ्री टिफ़िन बॉक्स ही खरीदें।

चित्र स्रोत-Shutterstock


Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source