इन लक्षणों से पता करें कि आपको आ सकता है हार्ट अटैक

अगर अचानक ही आपको बेवजह तेज पसीना आने लगे और सीने में दर्द हो तो बिना देरी किये तुरंत डॉक्टर के पास जायें!

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Updated : January 5, 2017 8:41 AM IST

हार्ट अटैक एक ऐसी गंभीर समस्या है जिसका शिकार इंसान कहीं भी कभी भी हो सकता है। अधिकतर लोग हार्ट अटैक के शुरुवाती लक्षणों को पहचान नहीं पाते हैं जिसके कारण उनकी तकलीफ और बढ़ जाती है। अगर आप इसके लक्षणों को ठीक से पहचान लें तो आप काफी हद तक इससे अपना बचाव कर सकते हैं और समय रहते डॉक्टर के पास पहुँच सकते हैं। मुंबई स्थित एशियन हार्ट इंस्टिट्यूट के हेड ऑफ़ डिपार्टमेंट ऑफ़ प्रिवेंटिव कार्डियोलोजी एंड रिहैबिलिटेशन और सीनियर इंटरवेंसनल कार्डियोलोजिस्ट डॉ नीलेश गौतम यहाँ हार्ट अटैक के कुछ शुरुवाती लक्षणों के बारे में बता रहे हैं जिससे आम आदमी को इसकी पहचान करने में आसानी होगी।

पसीना आना: जब हार्ट को ऑक्सीजन की सप्लाई बंद हो जाती है उस समय मस्तिष्क को इससे संबंधित एक सिग्नल जाता है और हार्ट को बचाने के लिए शरीर अपने आप ही ऐसे लक्षण दर्शाने लगता है जिससे पता चले कि आप किसी मुश्किल में हैं। ऐसे समय में शरीर से अचानक ही तेज पसीना निकलने लगता है, ये हार्ट अटैक का सबसे प्रमुख लक्षण है। अगर आप अपने आस पास किसी ऐसे आदमी को देखें जिसे बिना वजह ही अचानक बहुत तेज पसीना आ रहा हो तो उसे जल्द से जल्द नजदीकी डॉक्टर के पास लेकर जायें।

सीने और बाहों में दर्द: पसीने आने के अलावा हार्ट अटैक का दूसरा सबसे प्रमुख लक्षण है सीने में बायीं ओर दर्द होना। कुछ मामलों में बाएं हाथ में भी तेज दर्द होने लगता है। हार्टअटैक के दौरान होने वाले सीने में दर्द को सामान्य दर्द न समझें बल्कि ये बहुत ही तेज दर्द होता है और ऐसा दर्द आपने पहले कभी भी महसूस नहीं किया होगा। ऐसे केस में जितनी जल्दी हो सके अपने परिचितों के साथ नजदीकी डॉक्टर के पास जायें।

चक्कर आना: हार्ट अटैक के दौरान सीने के साथ-साथ ब्रेन को जाने वाली ऑक्सीजन सप्लाई पर भी प्रभाव पड़ता है जिससे उस दौरान आपको तेज चक्कर आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में कई बार इंसान बेहोश भी हो सकता है या उसे तेज घबराहट भी महसूस हो सकती है। ऐसा कुछ भी होने पर एक जगह बैठ जायें और अपने आस पास के लोगों को सूचित करें फिर डॉक्टर के पास जायें।

पेट में दर्द:पेट में दर्द होना भी हार्ट अटैक का लक्षण है लेकिन कई बार लोग इसे एसिडिटी के कारण होने वाला दर्द समझ कर अनदेखा कर देते हैं। अगर आपको पेट दर्द के साथ उल्टी या मिचली आ रही है या अचानक सुबह ही आपका पेट फूलने लगता है तो समझ लें कि यह हार्ट अटैक का लक्षण हो सकता है। इसलिए बिना देरी किये डॉक्टर से अपनी जांच करवाएं।

इस बात का ध्यान रखिये कि ऊपर बताये गये इन लक्षणों में से  कभी सिर्फ एक दो लक्षण ही दिख सकते हैं या फिर इनमें से सारे लक्षण  एक साथ भी  दिख सकते हैं। ऐसा कुछ भी महसूस होने पर सबसे पहले डॉक्टर के पास जायें।

Read this in English

अनुवादक: Anoop Singh

चित्र स्रोत: Shutterstock

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source