डायबिटीज 250 mg/dL पार होते ही ऐसा हो जाता है पेशाब का रंग, हफ्तेभर में जाना होगा डॉक्टर के पास

Diabetes Symptoms In Urine: ब्लड शुगर का स्तर हाई होने की स्थिति में पेशाब में कुछ लक्षण दिखाई दे सकते हैं। आइए, जानते हैं पेशाब में नजर आने वाले डायबिटीज के लक्षणों के बारे में विस्तार से –

WrittenBy

Written By: priya mishra | Updated : January 8, 2025 3:04 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr Pawan Kumar Goyal

Symptoms Of Diabetes In Urine: आजकल के गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण डायबिटीज एक आम बीमारी बन चुकी है। डायबिटीज होने पर पैंक्रियाज पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन का उत्पादन नहीं हो पाता है, जिसके कारण ब्लड शुगर लेवल अनियंत्रित तरीके से बढ़ने लगता है। यदि इसे समय पर कंट्रोल न किया जाए, तो यह बीमारी शरीर के कई प्रमुख अंगों को डैमेज कर सकती है। ऐसे में, डायबिटीज के लक्षणों को पहचानकर समय पर इलाज लेना बहुत जरूरी है। डायबिटीज होने पर शरीर में कई तरह के लक्षण दिखाई देते हैं। इनमें से कुछ लक्षण पेशाब में भी नजर आ सकते हैं। यदि समय रहते इन लक्षणों की पहचान कर ली जाए, तो इस समस्या से बचा जा सकता है। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमनें शालीमार बाग स्थित फोर्टिस अस्पताल के सीनियर डायरेक्टर (इंटरनल मेडिसिन), डॉ. पवन कुमार गोयल से बातचीत की। आज इस लेख में हम आपको पेशाब में  नजर आने वाले कुछ ऐसे लक्षणों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो डायबिटीज का संकेत हो सकते हैं। आइए, जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -

पेशाब का रंग हल्का भूरा या पीला होना

डायबिटीज होने पर पेशाब के रंग में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस स्थिति में पेशाब का रंग हल्का भूरा या पीला हो सकता है। दरअसल, डायबिटीज होने पर पेशाब में ग्लूकोज की मात्रा बढ़ जाती है, जिसे किडनी पूरी तरह फिल्टर नहीं कर पाती है। इसके कारण पेशाब का रंग बदल सकता है। अगर आपको ऐसे लक्षण दिख रहे हैं, तो डॉक्टर से मिलकर चेकअप करवाएं।

बार-बार पेशाब आना

बार-बार पेशाब आना डायबिटीज का आम लक्षण है। इसकी वजह से व्यक्ति को रात में कई बार पेशाब करने के लिए उठाना पड़ता है। इसके कारण उनकी नींद काफी डिस्टर्ब होती है। अगर आपको भी इस तरह के लक्षण दिखाई दे रहे हैं, तो तुरंत अपना शुगर लेवल चेक करवाएं।

पेशाब से मीठी या फल जैसी गंध आना

पेशाब से हल्की मीठी या फल जैसी गंध आना भी डायबिटीज का संकेत हो सकता है। दरअसल, ब्लड शुगर हाई होने पर पेशाब में शुगर की मात्रा बढ़ जाती है, जिसकी वजह से पेशाब से मीठी सी गंध आने लगती है। इस स्थिति को केटोन्यूरिया कहते हैं। अगर काफी दिनों से आपको पेशाब से अजीब सी स्मेल आ रही है, तो इसे नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में आपको तुरंत डॉक्टर से मिलकर जांच करवानी चाहिए।

पेशाब में झाग बनना

पेशाब में ज्यादा झाग बनना भी डायबिटीज का संकेत हो सकता है। दरअसल, डायबिटीज का सीधा असर किडनी पर पड़ता है। इसके कारण आपको किडनी से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसा होने पर पेशाब में प्रोटीन लीक हो सकता है, जिससे पेशाब क्लॉउडी या झागदार हो सकता है। हालांकि, पेशाब में झाग आने के पीछे कई अन्य कारण भी हो सकते हैं। ऐसे में, सही कारण का पता लगाने के लिए आपको डॉक्टर से मिलकर जांच करवानी चाहिए।

ब्लड शुगर कंट्रोल करने के उपाय

खानपान पर ध्यान दें

शरीर में ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल करने के लिए आपको अपने खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। अपने आहार में ज्यादा फाइबर, हरी सब्जियां और फल शामिल करने चाहिए। इसके अलावा, प्रोसेस्ड फूड्स, जंक फूड और मीठे का सेवन न करें।

नियमित व्यायाम करें

रोजाना व्यायाम करने से शरीर में ब्लड शुगर का स्तर संतुलित रहता है। इसलिए रोजाना कम से कम 30 मिनट योग और व्यायाम जरूर करें।

शुगर की नियमित जांच करवाएं

समय-समय पर अपने ब्लड शुगर लेवल और यूरिन की जांच करवाते रहें। अगर आपका ब्लड शुगर लेवल ज्यादा है, तो डॉक्टर द्वारा दी गई दवाइयों या इंसुलिन जरूर लें।

भरपूर मात्रा में पानी पिएं

शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए दिनभर में 2 से 3 लीटर पानी पिएं।

Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source