शरीर में पानी की कमी अंदर ही अंदर कई अंगों को कर सकती है डैमेज, जानें किसको होता है ज्यादा नुकसान?

Dehydration Side Effects on Body: शरीर में पानी की कमी होना कई अंदरूनी अंगों को डैमेज कर सकता है, जिन्हें इग्नोर नहीं किया जाना चाहिए। इस लेख में जानें शरीर में पानी की कमी होना किस तरह अंगों को डैमेज कर सकता है।

WrittenBy

Written By: Dr. Ranjana Singh | Updated : April 24, 2026 7:58 PM IST

Sharir me Pani ki Kami se Kya Hota Hai: हर किसी को पता है कि पानी हमारे शरीर के लिए कितना ज्यादा जरूरी है और पानी के बिना जीवित रहना भी संभव नहीं है। लेकिन इस बारे में जानना भी जरूरी है कि जब शरीर को पर्याप्त पानी नहीं मिलता है तो उस दौरान होता क्या है। दरअसल, जब शरीर में पानी कम होने लगता है, तो उससे शरीर के अंदरूनी अंगों को धीरे-धीरे नुकसान होने लगता है। लेकिन सोचने वाली बात यह है कि जब शरीर में पानी की कमी होती है, तो सबसे पहले कौन सा अंग प्रभावित होने लगता है और किस अंग में डैमेज होने लगता है। गर्मियों का मौसम आ रहा है, जिस दौरान शरीर में पानी की कमी का खतरा बढ़ जाता है। खासकर गर्मियों में, बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों में डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) का खतरा ज्यादा होता है। इसलिए यह जानना जरूरी है कि पानी शरीर के लगभग हर अंग के सही काम करने के लिए जरूरी है। लेकिन कुछ अंग ऐसे हैं, जिन पर इसका असर सबसे पहले और ज्यादा पड़ता है।

1. पानी की कमी का किडनी पर असर

किडनी की ज्यादातर कार्यप्रक्रिया पानी पर ही निर्भर करती है और ऐसे में शरीर में पानी की कमी होने से किडनी सबसे पहले प्रभावित होती है। यह शरीर से गंदगी और विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने का काम करती है। पानी की कमी से किडनी स्टोन (पथरी), यूरिन इंफेक्शन और गंभीर मामलों में किडनी फेल होने का खतरा बढ़ जाता है।

2. पानी की कमी से मस्तिष्क पर असर

हमारे ब्रेन को सही से फंक्शन करने के लिए भी पानी की बेहद जरूरत होती है और शरीर में पानी की कमी होना ब्रेन को भी प्रभावित करती है। इससे सिरदर्द, चक्कर आना, ध्यान न लगना, मूड खराब होना और थकान महसूस हो सकती है। ज्यादा कमी होने पर बेहोशी या कन्फ्यूजन भी हो सकता है। अगर आप पानी कम पीते हैं और आपको इस तरह के लक्षण महसूस होते हैं, जो जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क करें।

3. पानी की कमी का दिल पर असर

हम सब जानते हैं कि हृदय हमारे शरीर के लिए कितना महत्वपूर्ण होता है, लेकिन कई बार उन चीजों का ध्यान नहीं रख पाते हैं जो हार्ट के लिए जरूरी होती हैं जैसे कि पानी। खून संरचना का एक बड़ा और जरूरी हिस्सा पानी ही होता है ऐसे में जब शरीर में पानी कम होता है, तो खून गाढ़ा हो जाता है। गाढ़ा खून होने का मतलब है कि दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और इससे हार्ट रेट बढ़ सकती है और दिल पर दबाव पड़ता है।

4. पानी की कमी का स्किन पर असर

महंगे और बढ़िया क्वालिटी के स्किन केयर प्रोडक्ट भी लगाने का तब तक फायदा नहीं है, जब तक आप पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की आदत शुरू नहीं कर देते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि पानी की कमी से त्वचा रूखी और बेजान हो जाती है। इससे स्किन की चमक कम हो जाती है और समय से पहले झुर्रियां भी आ सकती हैं।

5. पानी की कमी का पाचन अंगों पर असर

पाचन क्रिया से जुड़े सभी अंग जैसे पेट व आंत आदि के लिए भी पानी बेहद जरूरी है और अगर पानी की कमी है तो वे ठीक से काम नहीं कर पाते हैं। पानी की कमी होने पर पाचन क्रिया खराब होने लगती है, जिसके कारण कब्ज और एसिडिटी जैसे लक्षण होने लगते हैं। अगर पानी की कमी है तो भोजन से पोषक तत्वों का सही से अवशोषण नहीं हो पाता।

6. पानी की कमी का मांसपेशियों पर असर

हमारी मांसपेशियों के लिए भी पानी बेहद जरूरी होता है और अगर शरीर में पानी की कमी होने लगती है तो इसके कारण मांसपेशियों में ऐंठन व दर्द होने लगता है। साथ ही मांसपेशियां सिकुड़ कर छोटी होने लगती हैं। मांसपेशियों की तरह ही जोड़ों के लिए भी पानी बहुत जरूरी होता है, अगर पानी कम होता है तो जोड़ों में भी दर्द होने लगता है, क्योंकि पानी उन्हें चिकनाई देता है।

किन लक्षणों को नजरअंदाज न करें?

अब आप समझ चुके हैं कि शरीर में पानी की कमी होना हमारे कितने अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है और इसलिए डिहाइड्रेशन के किसी भी लक्षण को इग्नोर नहीं करना चाहिए जो इस प्रकार हो सकते हैं -

  • मुंह और होंठ सूखना
  • गहरा पीला पेशाब
  • पेशाब कम आना
  • थकान और कमजोरी
  • चक्कर आना

शरीर में पानी की कमी होने से कैसे रोकें

शरीर में पानी की कमी होने से बचाने के लिए आपको कोई खास ट्रीटमेंट की जरूरत नहीं है, बल्कि अपनी आदतों में कुछ सुधार करना होगा और कुछ छोटी-छोटी आदतें अपनानी होंगी जैसे -

  • दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें, प्यास लगने का इंतजार न करें
  • गर्मी या एक्सरसाइज के दौरान ज्यादा पानी पिएं
  • फल और सब्जियां खाएं जिनमें पानी ज्यादा होता है (जैसे तरबूज, खीरा)
  • ज्यादा चाय, कॉफी और मीठे ड्रिंक्स से बचें

जब बहुत ज्यादा प्यास लगती है, तब तक शरीर में पानी की कमी शुरू हो चुकी होती है। इसलिए समय रहते पानी पीना जरूरी है। आज के व्यस्त जीवन और बढ़ती गर्मी में, हाइड्रेट रहना हमारी रोज की आदत बननी चाहिए। याद रखें, पानी सिर्फ जरूरत नहीं है, बल्कि एक स्वस्थ जीवन की मजबूत नींव है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source

Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.