
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : May 9, 2024 11:05 PM IST
पैरों के निचले हिस्से में दर्द अथवा पिंडली की मांसपेशियों में दर्द (Calf Muscle Pain) होना कोई साधारण समस्या नहीं है। अलग-अलग कारणों से अधिकांश लोग पिंडलियों में दर्द की समस्या से जूझ रहे हैं। इस स्थिति में अक्सर रात को सोते समय पैरों में दर्द के साथ ऐंठन (Leg Cramps At Night) महसूस होता है। यह समस्या अक्सर महिलाओं और बच्चों में ज्यादा देखने को मिलती है। पैरों की मांसपेशियों में यह दर्द कई बार अत्यधिक परिश्रम करने के कारण होती है तो कुछ लोगों में पोषक तत्वों की कमी के कारण भी पिंडलियों में दर्द हो सकता है, वहीं कुछ अन्य कारण ऐसे भी हैं जिनके बारे में हम यहां विस्तार से जानेंगे
पैरों में दर्द या पिंडली की मांसपेशियों में दर्द का एक प्रमुख कारण है एकदम से ज्यादा एक्सरसाइज कर लेना। अगर आप लंबे समय से कोई एक्टिविटी नहीं कर रहे हैं और अचानक से आपने बहुत ज्यादा एक्सरसाइज कर ली है तो इसके कारण पैरों में दर्द हो सकता है।
विटामिन बी 12 की कमी के कारण भी पैरों अथवा पिंडली की मांसपेशियों में दर्द होने लगता है। यह विटामिन नर्वस सिस्टम को हेल्दी रखने के लिए आवश्यक है। इसकी कमी से नर्व डैमेज भी हो सकती हैं, जिससे पैरों में दर्द और साइटिका सहित कई समस्याएं हो सकती हैं।
विटामिन डी हड्डियों को हेल्दी रखने के साथ ही आपकी इम्यूनिटी को भी बढ़ाता है। इसकी कमी से पैरों में सूजन और दर्द की समस्या हो सकती है।
आमतौर पर लोग आयरन को हीमोग्लोबिन से जोड़कर देखते हैं। लेकिन यह शरीर के कई अन्य कामों में भी मदद करता है। आयरन की कमी होने पर शरीर में पर्याप्त हीमोग्लोबिन नहीं बन पाता है, जिसके कारण मसल्स और टिश्यूज में ऑक्सीजन की कमी हो जाती है। यह कमी पैरों में दर्द, थकान और कमजोरी का कारण बन जाती है। इतना ही नहीं आयरन की कमी कुछ मामलों में मांसपेशियों की सूजन का कारण बन सकती है, जिसे मायोसाइटिस कहते हैं।
जिंक की कमी के कारण नर्वस वेन्स क्षतिग्रस्त हो सकती हैं, जिससे पैरों में दर्द, सुन्नपन और झनझनाहट होती है। यह नर्व डैमेज पेरिफेरल न्यूरोपैथी नामक स्थिति का कारण बन सकती है, जो पैरों में जकड़न पैदा करके दर्द बढ़ाते हैं।
मैग्नीशियम मांसपेशियों और नर्वस सिस्टम के लिए जरूरी है। इसकी कमी से मांसपेशियों में ऐंठन और दर्द हो सकता है, जो साइटिका और ज्वाइंट पेन आदि का बड़ा कारण है।
कैल्शियम हड्डियों के स्वास्थ्य और नर्वस सिस्टम दोनों के लिए जरूरी है। इसकी कमी से मांसपेशियों में ऐंठन और दर्द हो सकता है। इतना ही नहीं इसकी कमी से हड्डियां कमजोर हो जाती हैं।
बहुत कम लोग जानते हैं कि डिहाइड्रेशन के कारण भी पैरों और ज्वाइंट में दर्द की शिकायत हो सकती है। पानी मसल्स और ज्वाइंट्स को लुब्रिकेट करता है। इसलिए पानी की कमी से जकड़न होने लगती है। इसी के साथ जब आप डिहाइड्रेट होते हैं तो सोडियम और पोटेशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स का बैलेंस बिगड़ जाता है। ऐसे में मांसपेशियों में ऐंठन, दर्द और जकड़न होने लगती है।