लगातार स्ट्रेस, डर या अनिश्चितता दिमाग के साथ-साथ नर्वस सिस्टम और पाचन को कैसे प्रभावित करते हैं? आखिर कनेक्शन क्या है?

Gut brain connection and mental health : कई बार आपने देखा होगा कि अगर किसी तरह की परेशानी या फिर चिंता हो, तो बार-बार पेट खराब होने लग जाता है, ऐसा क्यों होता है? क्या आपने इस बारे में कभी सोचा है, अगर नहीं तो जरूर जान लें इसके पीछे की वजह और नर्वस सिस्टम और पाचन के बीच का क्या है कनेक्शन?

WrittenBy

Written By: Kishori Mishra | Published : January 14, 2026 10:40 AM IST

Nerves-gut Connection Anxiety : बहुत से लोग रोज़मर्रा की बातचीत में यह बात कहते हुए मिल जाते हैं, ‘मैं हर समय बेचैन रहता हूँ। बिना वजह घबराहट होती है। पेट भी अक्सर खराब रहता है, लेकिन सारी मेडिकल रिपोर्ट्स नॉर्मल आती हैं।’ पहली नज़र में यह एक आम सी बात लगती है, जिसे हम काम का तनाव, खराब लाइफस्टाइल या ज़्यादा सोचने की आदत कहकर टाल देते हैं। लेकिन जब यह बेचैनी महीनों या सालों तक बनी रहती है और साथ ही पेट से जुड़ी समस्याएँ भी लगातार चलती रहती हैं, तब यह सिर्फ इत्तेफाक नहीं रह जाता। इसके पीछे शरीर के भीतर चल रही एक गहरी और लगातार प्रक्रिया होती है, जिसका सीधा संबंध क्रॉनिक एंग्ज़ायटी और माइक्रोबायोम से है। आइए साइकोथेरेपिस्ट चांदनी तुगनैत से इस विषय के बारे में विस्तार से जानते हैं-

एंग्ज़ायटी को सिर्फ दिमाग तक सीमित समझने की भूल

अक्सर हम एंग्ज़ायटी को केवल मानसिक समस्या मानते हैं। हमें लगता है कि यह सिर्फ सोचने का तरीका है, जिसे अगर हम चाहें तो कंट्रोल कर सकते हैं। लेकिन शरीर इसे अलग तरह से अनुभव करता है। जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक चिंता, डर या अनिश्चितता में जीता है, तो उसका नर्वस सिस्टम लगातार अलर्ट मोड में रहता है। शरीर को यह संदेश मिलता रहता है कि खतरा अभी टला नहीं है। ऐसी स्थिति में शरीर अपने संसाधनों को बचाव में लगाने लगता है। पाचन, आराम, सेल रिपेयर और रिकवरी जैसी प्रक्रियाएँ धीमी हो जाती हैं, क्योंकि शरीर के लिए प्राथमिकता बन जाती है खुद को सुरक्षित रखना।

माइक्रोबायोम क्या है और यह क्यों मायने रखता है

हमारे पेट के अंदर अरबों सूक्ष्म जीव रहते हैं, जिन्हें माइक्रोबायोम कहा जाता है। ये जीव हमारे शरीर के दुश्मन नहीं हैं, बल्कि हमारे साथी हैं। ये भोजन को पचाने में मदद करते हैं, विटामिन्स और पोषक तत्वों के अवशोषण में भूमिका निभाते हैं और हमारे इम्यून सिस्टम को संतुलित रखते हैं। इसके अलावा, माइक्रोबायोम का सीधा असर हमारे मूड और भावनात्मक स्थिति पर भी पड़ता है। बहुत से हार्मोन और न्यूरोट्रांसमीटर पेट में ही बनते हैं, जो दिमाग तक संदेश भेजते हैं। इसलिए पेट का स्वास्थ्य बिगड़ने पर केवल पाचन ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन भी प्रभावित होता है।

क्रॉनिक एंग्ज़ायटी माइक्रोबायोम को कैसे नुकसान पहुंचाती है

जब एंग्ज़ायटी थोड़े समय के लिए होती है, तो शरीर आमतौर पर उससे उबर जाता है। लेकिन जब यह स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है, तब शरीर में स्ट्रेस हार्मोन लगातार ऊँचे स्तर पर बने रहते हैं। खासतौर पर कोर्टिसोल का असर माइक्रोबायोम पर सीधा पड़ता है। यह अच्छे बैक्टीरिया की संख्या को कम करता है और आंतों की दीवार को कमजोर बना देता है। इसके कारण सूजन बढ़ने लगती है और पाचन की प्रक्रिया असंतुलित हो जाती है। कभी खाना बहुत जल्दी पचने लगता है, तो कभी बहुत देर से। यह अस्थिरता माइक्रोबायोम के लिए नुकसानदेह होती है और धीरे-धीरे उसका संतुलन बिगड़ने लगता है।

पेट और दिमाग के बीच संवाद का टूटना

पेट और दिमाग के बीच एक गहरा रिश्ता होता है, जिसे गट-ब्रेन कनेक्शन कहा जाता है। यह एक दोतरफा संवाद है, जिसमें पेट दिमाग को और दिमाग पेट को लगातार संकेत भेजता रहता है। जब माइक्रोबायोम स्वस्थ होता है, तो यह संवाद साफ और संतुलित रहता है। लेकिन क्रॉनिक एंग्ज़ायटी इस संवाद को गड़बड़ा देती है। पेट से दिमाग को गलत संकेत पहुँचने लगते हैं और दिमाग से पेट को भी। इसी वजह से कई लोग यह महसूस करते हैं कि पेट खराब होते ही मन ज़्यादा बेचैन हो जाता है, या मन घबराने लगता है तो पेट में तुरंत गड़बड़ शुरू हो जाती है।

वे संकेत जो शरीर धीरे-धीरे देने लगता है

माइक्रोबायोम में बदलाव अक्सर किसी बड़ी बीमारी की तरह सामने नहीं आता। इसके संकेत छोटे और रोज़मर्रा के होते हैं, इसलिए हम उन्हें नज़रअंदाज़ कर देते हैं। बार-बार ब्लोटिंग होना, सुबह उठते ही पेट भारी लगना, हल्का खाना खाने पर भी गैस बनना, बिना वजह थकान महसूस होना, मीठा या कार्बोहाइड्रेट खाने की तीव्र इच्छा, मूड का जल्दी बदल जाना या छोटी-छोटी बातों पर चिड़चिड़ापन। कई बार लोग कहते हैं कि सब कुछ ठीक है, बस शरीर साथ नहीं दे रहा। असल में शरीर बहुत कुछ कह रहा होता है, बस हम सुन नहीं रहे होते।

क्यों केवल दवाइयों से पूरी राहत नहीं मिलती

इन लक्षणों से परेशान होकर ज़्यादातर लोग तुरंत दवा का सहारा लेते हैं। एसिडिटी की गोली, प्रोबायोटिक सप्लीमेंट या कोई पाचन से जुड़ी दवा। इससे कुछ समय के लिए राहत मिल जाती है, लेकिन समस्या जड़ से खत्म नहीं होती। कारण यह है कि दवाइयाँ लक्षणों को दबा सकती हैं, लेकिन उस मानसिक और शारीरिक तनाव को नहीं हटातीं, जो माइक्रोबायोम को बिगाड़ रहा है। जब तक नर्वस सिस्टम को यह एहसास नहीं होता कि अब वह सुरक्षित है, तब तक पाचन तंत्र पूरी तरह संतुलन में नहीं आ पाता।

माइक्रोबायोम को ठीक करने के लिए स्थिरता क्यों ज़रूरी है

माइक्रोबायोम को सबसे ज़्यादा ज़रूरत होती है स्थिरता की। नियमित दिनचर्या, तय समय पर सोना और उठना, भोजन का एक पैटर्न और पर्याप्त आराम। जब शरीर को यह संकेत मिलता है कि अब हालात काबू में हैं, तब वह पाचन और रिकवरी को प्राथमिकता देना शुरू करता है। केवल हेल्दी खाना खाने से ही सब कुछ ठीक नहीं होता, अगर शरीर लगातार तनाव में जी रहा हो।

क्रॉनिक एंग्ज़ायटी और पहचान का रिश्ता

कई बार क्रॉनिक एंग्ज़ायटी उन लोगों में ज़्यादा दिखती है जो हमेशा मज़बूत बने रहते हैं। जो दूसरों का ख्याल रखते हैं, ज़िम्मेदारियाँ निभाते हैं और खुद की थकान को नज़रअंदाज़ कर देते हैं। ऐसे में शरीर धीरे-धीरे संकेत देने लगता है, लेकिन हम उन्हें कमजोरी समझकर दबा देते हैं। पेट की समस्या, थकान और बेचैनी दरअसल उसी दबाव का नतीजा होती है।

अंत में एक ज़रूरी समझ

क्रॉनिक एंग्ज़ायटी कोई कमजोरी नहीं है और न ही यह सिर्फ दिमाग की समस्या है। यह पूरे शरीर की प्रतिक्रिया है। आपका शरीर आपके खिलाफ काम नहीं कर रहा, वह आपको यह बताने की कोशिश कर रहा है कि कुछ संतुलन से बाहर है। जब आप एंग्ज़ायटी को केवल मानसिक परेशानी मानने के बजाय शरीर और मन दोनों की प्रक्रिया के रूप में समझते हैं, तब हीलिंग की शुरुआत होती है। याद रखिए, आपका पेट सिर्फ खाना नहीं पचाता। वह आपके डर, दबाव और भावनाओं को भी अपने भीतर संभालता है। उसे सुनना, समझना और समय देना, आज की सबसे बड़ी ज़रूरत है।

Highlights

  • नर्वस सिस्टम पाचन पर असर डाल सकता है।
  • हमारा मानसिक स्वास्थ्य न सिर्फ मन, बल्कि पूरे शरीर पर असर डालता है।
  • भावनाओं को दबाकर रखने से भी स्वास्थ्य पर असर होता है।
Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source