hamburger icon
A
Read in English

रिम्स (रांची) में ढाई किलो ग्राम वजन वाली 4 साल की बच्ची की हुई जटिल हार्ट सर्जरी, लाइफ सेविंग ड्रग्स पर टिकी थी जिंदगी

रांची स्थित रिम्स के डॉक्टरों ने मात्र ढाई किलोग्राम वजन वाली एक बच्ची की सफल हार्ट सर्जरी की है। बच्ची के दिल में सुराख था और जन्म के बाद से ही उसे लाइफ सेविंग ड्रग्स पर हॉस्पिटल में रखा गया था। 

WrittenBy

Written By: Anshumala | Updated : January 25, 2022 4:50 PM IST

Heart surgery of kids: रांची में एक चार साल की बच्ची का सफल हार्ट सर्जरी (Heart surgery) करने में राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) के डॉक्टर्स को सफलता हासिल हुई है। इस बच्ची का वजन सिर्फ ढाई किलोग्राम था। पिछले चार साल से यह छोटी सी बच्ची लाइफ सेविंग ड्रग्स पर जिंदा थी। रिम्स के जिन डॉक्टर्स की टीम ने यह सर्जरी की उनका कहना है कि बेहद कम वजन वाले शिशु की हार्ट सर्जरी का निर्णय चिकित्सा विज्ञान की दृष्टि से अत्यंत जटिल था। इस बच्ची के दिल में सुराख (hole in heart) भी था, जिसके कारण उसे जन्म के बाद से ही लाइफ सेविंग ड्रग्स पर हॉस्पिटल में रखा गया था। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी पार्वती मोदी की पुत्री के जन्म के बाद ही डॉक्टर ने बताया था कि उसके हृदय में छेद है। यही वजह था, जिससे उसका वजन ढाई किलोग्राम से अधिक नहीं बढ़ पा रहा था।

कम वजन के कारण नहीं कर रहे थे डॉक्टर सर्जरी

पहले बच्ची जमशेदपुर स्थित एक हॉस्पिटल में एडमिट थी, लेकिन वहां के डॉक्टर बच्ची का वजन न बढ़ने की स्थिति में सर्जरी करने का रिस्क नहीं लेना चाहते थे। उसके बाद परिवार वाले उसे रांची के रिम्स के पीडियाट्रिक विभाग लेकर गए। वहां से उसे कार्डियो सर्जरी डिपार्टमेंट में रेफर कर दिया गया। डॉक्टर्स के एक पैनल ने उसकी सभी रिपोर्ट्स को देखा और उसके बाद सर्जरी करने का फैसला लिया। हालांकि, यह फैसला बेहद जोखिम भरा था, लेकिन बच्ची की जान बचाने के लिए इसके अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा था। ऑपरेशन से पहले बच्ची के लिए प्रति मिनट 2 लीटर ऑक्सीजन की जरूरत पड़ रही थी।

कार्डियक डॉ. राकेश चौधरी के नेतृत्व में डॉक्टर्स की एक पूरी टीम ने उसका ऑपरेशन किया। बताया जा रहा है कि झारखंड के चिकित्सा संस्थानों के इतिहास में इतनी कम वजन के शिशु की सफल हार्ट सर्जरी का यह पहला मामला है। फिलहाल, बच्ची की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है और उसे जल्द ही हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी जाएगी।

स्रोत : (आईएएनएस)