
आशु कुमार दास
आशु कुमार दास एक अनुभवी हेल्थ कंटेंट स्पेशलिस्ट हैं। इन्हें हेल्थ कंटेंट राइटर के तौर पर काम करते हुए 6 ... Read More
Written By: Ashu Kumar Das | Published : October 9, 2025 7:08 PM IST
Medically Verified By: Pawan Gupta
30 की उम्र पार करने के बाद शरीर में कई प्रकार के प्राकृतिक बदलाव आने लगते हैं। जहां इस उम्र में लोग अपने करियर और परिवार पर ज्यादा ध्यान देते हैं, वहीं स्वास्थ्य की देखभाल को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। खासकर 30 की उम्र के बाद आंखों की सेहत पर ध्यान न देना एक बड़ी गलती साबित हो सकती है। आंखें हमारे शरीर का वो हिस्सा हैं जिनकी मदद से हम दुनिया को देख पाते हैं, और उम्र बढ़ने के साथ इन पर असर पड़ना स्वाभाविक है। 30 साल की उम्र के बाद आंखों से जुड़ी कई सामान्य और गंभीर समस्याएं उभरने लगती हैं जिन्हें समय पर पहचान और रोकथाम करना बेहद जरूरी है।
इसलिए आज इस लेख के माध्यम से हम आपको बताने जा रहे हैं, 30 की उम्र के बाद आंखों से जुड़ी कौन सी परेशानियां होती हैं। इस विषय पर अधिक जानकारी दे रहे हैं नई दिल्ली के लाजपत नगर स्थित आई 7 हॉस्पिटल के वरिष्ठ मोतियाबिंद एवं रेटिना सर्जन डॉ. पवन गुप्ता।
डॉ. पवन गुप्ता के अनुसार, 30 की उम्र के बाद शरीर में कोलेजन प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट का स्तर धीरे-धीरे कम होने लगता है। इसी के साथ आंखों की मांसपेशियां (eye muscles) और लेंस की लचीलापन (flexibility) भी घटने लगती है। इससे आंखों की फोकस करने की क्षमता कमजोर हो सकती है। इसके अलावा 30 की उम्र के बाद आंखों में बदलाव आने के प्रमुख कारण हैंः
1. आंखों का सूखापन (Dry Eyes)
डॉ. पवन के अनुसार, 30 के बाद कई लोगों को आंखों में जलन, खुजली और रूखेपन की समस्या होने लगती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि इस उम्र में टियर फिल्म (tear film) यानी आंसुओं की प्राकृतिक परत कमजोर हो जाती है। किसी व्यक्ति को आंखों में सूखापन होने की समस्या होने पर आंखों में जलन या चुभन, धुंधला दिखना, लालपन या भारीपन जैसे लक्षण नजर आते हैं।
2. प्रेसबायोपिया (Presbyopia)
30 के बाद आंखों का लेंस धीरे-धीरे सख्त होने लगता है। इससे पास की वस्तुओं पर फोकस करना मुश्किल हो जाता है। इसे प्रेसबायोपिया कहा जाता है। अगर आप 30 की उम्र पार कर चुके हैं और आपको पास की चीज देखने या पढ़ने में किसी प्रकार की परेशानी हो रही हो। आंखों और सिर में तनाव महसूस हो रहा हो, तो ये प्रेसबायोपिया का लक्षण है। इस विषय पर तुरंत डॉक्टर से बात करें और अपना इलाज करवाएं।
3. आंखों की थकान (Eye Strain)
आंखों की मांसपेशियां भी शरीर की अन्य मांसपेशियों की तरह थक सकती हैं। 30 की उम्र के बाद कई लोग ऑफिस में लंबे समय तक कंप्यूटर पर काम करते हैं जिससे आंखों में तनाव बढ़ जाता है। आंखों में भारीपन या दर्द, सिरदर्द और ध्यान केंद्रित करने में परेशानी आंखों की थकान के लक्षण हैं।
4. मोतियाबिंद
मोतियाबिंद में आंखों के लेंस में धुंधलापन आ जाता है। यह आमतौर पर 40 या 50 की उम्र में अधिक होता है, लेकिन कई मामलों में 30 के बाद भी शुरू हो सकता है। स्क्रीन देखने वाले लोग जिन्हें धुंधला नजर आ रहा है, तो ये मोतियाबिंद हो सकता है। इस स्थिति में तुरंत अपने डॉक्टर से बात करें और इलाज करवाएं।