हानिकारक हो सकता है फल-सब्जियों पर लगा केमिकल, इस तरह करें बचाव

फलों और सब्जियों को आकर्षक और ताजा दिखाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे ये केमिकल सेहत के लिए बहुत घातक हो सकते हैं। सबसे पहले तो इनसे पेट में गड़बड़ी हो सकती है।

WrittenBy

Written By: Yogita Yadav | Updated : September 18, 2019 8:41 PM IST

फल सब्जियों को ताजा और आकर्षक दिखाने के लिए आजकल बाजार में कई तरह के केमिकल इस्‍तेमाल किए जा रहे हैं। ये सेहत के लिए बहुत घातक हो सकते हैं। इनसे बचने के लिए आप घर में ही कुछ उपाय (remove chemicals from fruits) अपना सकते हैं। केंद्रीय खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्री राम विलास पासवान उस समय हैरान रह गए जब उनके घर लाए गए सेब पर मोम की परत दिखाई दी। ये सेब उन्‍होंने 400 रुपये किलो से भी ज्‍यादा की कीमत पर खान मार्केट से खरीदे थे। पर जब धोने के बाद भी इनकी चमक कम नहीं हुई तो उसे चाकू से खुरचा गया। खुरचने पर पता चला कि सेब पर मोम की परत चढ़ाई गई। जिससे वे हैरान हो गए।

क्‍यों चढ़ाई जाती है मोम की परत

फलों और सब्जियों को आकर्षक, चमकदार दिखाने के लिए मोम की परत चढ़ाई जाती है। जिससे ये लंबे समय तक ताजा दिखें। प्राकृतिक मोम के इस्‍तेमाल को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी की ओर से अनुमति दी गई है। पर इसके अलावा केमिकल युक्‍त मोम के इस्‍तेमाल की किसी को भी अनुमति नहीं दी गई है। पर मुनाफा कमाने के लिए कुछ लोग न केवल केमिकल युक्‍त मोम का इस्‍तेमाल करते हैं, बल्कि कई तरह के केमिकल्‍स का इस्‍तेमाल कर फलों और सब्जियों के रंग, आकार और चमक में परिवर्तन करते हैं।

सेहत के लिए घातक हो सकते हैं ये केमिकल

फलों और सब्जियों को आकर्षक और ताजा दिखाने के लिए इस्‍तेमाल किए जा रहे ये केमिकल सेहत के लिए बहुत घातक हो सकते हैं। सबसे पहले तो इनसे पेट में गड़बड़ी हो सकती है। इसके अलावा इनके लंबे समय तक सेवन से मेंटल हेल्‍थ और प्रजनन क्षमता भी प्रभावित हो सकती है। कुछ केमिकल तो इतने घातक हैं कि उनसे कैंसर होने का भी जोखिम रहता है।

इस तरह करें केमिकल से बचाव remove chemicals from fruits

अगर आपको लगता है कि आपने जो बाजार से फल या सब्‍जी खरीदें हैं उन पर किसी तरह का केमिकल इस्‍तेमाल किया गया है, आप कुछ घरेलू उपाय अपनाकर इससे खुद को और अपने परिवार को बचा सकते हैं।

गर्म पानी में धोएं

सबसे अच्‍छा तरीका है कि उपयोग से पहले फल और सब्जियों को गर्म यानी गुनगुने पानी में धोएं। इससे उनमें मौजूद मोम या केमिकल की परत अपने आप पानी में घुल जाएगी। पर ध्‍यान रखें कि इस पानी को ठंडा होने से पहले ही फल-सब्‍जी निकाल लें। वरना ये परत फि‍र से चढ़ जाएगी।

अच्‍छी तरह छीलें

इन रसायनों से बचने का एक और तरीका है कि आप फल, सब्‍जी या सलाद को अच्‍छी तरह छीलकर खाएं। हालांकि पहले आहार विशेषज्ञ कहते थे कि फलों को छिलके सहित खाना चाहिए। पर अब इन केमिकल्‍स के इस्‍तेमाल के कारण वे इन्‍हें अच्‍छी तरह छीलने की सलाह देते हैं।

सेंधा नमक का पानी

आप फल-सब्जियों को धोने के लिए सेंधा नमक का भी इस्‍तेमाल कर सकते हैं। पानी में लगभग एक चम्‍मच सेंधा नमक मिलाएं और उसमें फल-सब्जियों को थोड़ी देर के लिए डुबो कर रख दें। इससे उन पर लगे तमाम तरह के केमिकल अपने आप घुल कर निकल जाएंगे।

फूड पॉयजनिंग के इमरजेंसी उपचार हैं ये घरेलू उपाय