hamburger icon
A
Read in English

चालीस की उम्र में पहले ही मासिक धर्म बंद होने का कारण, महिलाओं में क्यों बढ़ रही ये समस्या

What is Early Menopause: आजकल महिलाओं में समय से पहले अर्ली मेनोपॉज यानी समय से पहले रजोनिवृत्ति के लक्षण देखने को मिल रहे हैं, जिनके बारे में इस लेख में हेल्थ एक्सपर्ट्स आपको कुछ खास जानकारी देने वाले हैं।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : September 24, 2025 7:27 PM IST

Symptoms And Signs of Early Menopause: रजोनिवृत्ति यानी मेनोपॉज के बारे में समझना जरूरी है और इसके बारे में आज तक भी लोगों को ज्यादा जानकारी नहीं है। यह महिलाओं की उम्र का वह समय है, जब उनके मासिक धर्म (पीरियड्स) आना बंद हो जाते हैं। इसका मतलब है कि उनका मासिक धर्म चक्र तब रुक जाता है और वे गर्भधारण की क्षमता खो देती हैं। ऐसा आमतौर पर 45 से 55 साल की उम्र में शुरु होता है जो कि सामान्य है। स्वास्थ्य से जुड़ी कुछ समस्याएं हैं, जिनके कारण समय से पहले महिलाओं में रजोनिवृत्ति हुई है। आजकल महिलाएं चालीस की उम्र से पहले ही रजोनिवृत्ति का अनुभव कर रही हैं। इसे अकाल रजोनिवृत्ति यानी अर्ली मेनोपॉज (Early Menopause) कहा जाता है। जानें क्या है मेनोपॉज?

समय से पहले रजोनिवृत्ति होना

हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि, जब किसी महिला के अंडाशय 40 साल की उम्र से पहले काम करना बंद कर देते हैं, तो इसे अकाल रजोनिवृत्ति, प्रीमेच्योर ओवेरियन फेलियर या प्रीमेच्योर ओवेरियन इंसफिशिएंसी कहा जाता है। बढ़ता तनाव, धूम्रपान, शराब का सेवन, व्यायाम की कमी और गलत खान-पान जैसी जीवनशैली संबंधी चीजें इस स्थिति में बड़ी भूमिका निभाती हैं। समय रहते लक्षणों को पहचानना और सही चिकित्सीय मार्गदर्शन लेना महिलाओं को उनके प्रजनन स्वास्थ्य की सुरक्षा करने में मदद कर सकता है।

(और पढ़ें - मेनोपॉज के लक्षण)

कब होती है अर्ली मेनोपॉज

मुंबई स्थित अपोलो स्पेक्ट्रा अस्पताल की प्रसूति और स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. अमरजा परांजपे के अनुसार, अर्ली मेनोपॉज तब होती है जब अंडाशय प्राकृतिक समय से बहुत पहले अंडाणु और हार्मोन बनाना बंद कर देते हैं। सामान्यतः रजोनिवृत्ति की उम्र 45-50 साल के बीच होती है, लेकिन कुछ महिलाओं में यह बहुत जल्दी शुरू हो सकती है, कभी-कभी 30 की उम्र की शुरुआत में भी। जीवनशैली में बदलाव, अनुवांशिक कारण, ऑटोइम्यून कंडीशन, केमोथेरपी जैसी चिकित्सा प्रक्रियाएं और गंभीर संक्रमण भी इसके कारण बन सकते हैं।

अनियमित रूप से मासिक धर्म आना या बीच में एक मासिक धर्म छूट जाना, रात में पसीना आना, मूड में बदलाव, योनि का सूखापन और प्रजनन क्षमता में कमी आदि इसके कुछ लक्षण हो सकते हैं। देखा गया है कि पिछले 2-3 महीनों में, मिलने वाली 10 में से 2 महिलाओं अर्ली मेनोपॉज की समस्या हो रही है। कई महिलाएं शुरुआती लक्षणों की ओर ध्यान नहीं देतीं और इसे अस्थायी शारीरिक बदलाव समझती हैं। अर्ली मेनोपॉज यानी अकाल रजोनिवृत्ति का सामना करने वाली महिलाओं में बांझपन, ऑस्टियोपोरोसिस, हृदय रोग और मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा अधिक होता है।

डॉ. परांजपे आगे बताते हैं कि विशेषज्ञों द्वारा बताए गए मार्गदर्शक सिद्धांतों का पालन करना बहुत जरूरी है। जोखिम कम करने के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवन शैली अपनाना आवश्यक है। अनियमित मासिक धर्म की समस्या होने पर स्त्री रोग विशेषज्ञ से जांच और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना चाहिए। कुछ मामलों में हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी और प्रजनन क्षमता बनाए रखने के विकल्प महिलाओं को स्थिति को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने में मदद कर सकते हैं। अकाल रजोनिवृत्ति के शुरुआती लक्षणों को पहचानना और समय पर विशेषज्ञ की सलाह लेना महिलाओं को उनके प्रजनन स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने में मदद करता है।

झायनोवा शाल्बी अस्पताल की प्रसूति और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका सोनवणे ने कहा कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाली अधिकांश महिलाओं में तीस की उम्र के बाद और चालीस की उम्र के शुरुआती दौर में अकाल अंडाशय निष्क्रिय होने की समस्या दिखाई देती है, जिससे अकाल रजोनिवृत्ति होती है। पिछले 2-3 महीनों में, ओपीडी में आने वाली हर दस में से एक महिला को अकाल रजोनिवृत्ति हुई है। यह केवल प्रजनन क्षमता पर असर नहीं डालती, बल्कि हड्डियों को कमजोर करती है और हृदय तथा मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं का खतरा बढ़ाती है। अकाल रजोनिवृत्ति अनुवांशिकता, लंबे समय तक तनाव रहना, धूम्रपान, शराब, पोषण की कमी और ऑटोइम्यून कंडीशन्स के कारण हो सकती है। इसके परिणामस्वरूप महिलाओं को अनियमित या छूटी हुई मासिक धर्म, रात में पसीना, मूड स्विंग, योनि का सूखापन और गर्भधारण में समस्या हो सकती है। ऐसे में स्त्रीरोग विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है। हर महिला को अपने प्रजनन स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहिए।

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।