पैर के तलवे में खुजली क्यों होती है? डॉक्टर से जानें कारण और बचाव के उपाय

Itchy Feet Soles Causes: पैर के तलवों में खुजली होना कई गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है। आइए, जानते हैं इसके कारण और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से -

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : March 22, 2025 10:54 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Pawan Kumar Goyal

Causes Of Itchy Feet: पैर के तलवे में खुजली होना एक आम समस्या है। हम में से अधिकतर लोग इस समस्या का अक्सर सामना करते हैं। पैर के तलवे में खुजली कई कारणों से हो सकती है, जैसे इन्फेक्शन, एलर्जी, शरीर में पानी की कमी होना, पैरों में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ जाना या डायबिटीज के कारण भी यह समस्या हो सकती है। इसके अलावा, पैरों की ठीक तरह से साफ-सफाई नहीं करने, लंबे समय तक जूते पहनने या धूल-मिट्टी में अधिक समय बिताने के कारण पैर के तलवों में खुजली की समस्या हो सकती है। अक्सर लोग पैर के तलवे में खुजली को नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन अगर यह समस्या लगातार बनी रहे, तो आपको इसे इग्नोर करने से बचना चाहिए। जी हां, बार-बार पैर के तलवों में खुजली होना किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है। ऐसी स्थिति में आपको डॉक्टर से इसकी जांच करवानी चाहिए। आज इस लेख में हम आपको पैर के तलवों में खुजली होने के कारण और इससे बचने के उपायों के बारे में बताने जा रहे हैं। तो आइए, शालीमार बाग स्थित फॉर्टिस हॉस्पिटल के सीनियर डायरेक्टर (इंटरनल मेडिसिन) डॉ पवन कुमार गोयल से जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -

पैर के तलवे में खुजली होने के कारण - Causes Of Itchy Feet Soles In Hindi

लिवर की बीमारी

पैर के तलवे में खुजली होना लिवर की बीमारी का संकेत हो सकता है। दरअसल, जब लिवर सही ढंग से काम नहीं करता है, तो खून में बिलीरुबिन का स्तर बढ़ जाता है। इसकी वजह से त्वचा में पीलापन और खुजली की समस्या हो जाती है। अगर आपको भी इस तरह के लक्षण दिखाई दे रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

सोरायसिस

सोरायसिस की समस्या के कारण बार-बार पैर के तलवे में खुजली होने की समस्या हो सकती है। सोरायसिस एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जो त्वचा की कोशिकाओं को प्रभावित करती है।। इसकी वजह से आपको पैरों में खुजली, रैशज, लालिमा और रूखापन महसूस हो सकता है। अगर आपको भी इस तरह के लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो आपको अपने डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

किडनी की बीमारी

पैर के तलवों में खुजली की समस्या किडनी की बीमारी के कारण भी हो सकती है। दरअसल, जब किडनी ठीक तरह से काम नहीं करती है, तो खून फिल्टर नहीं हो पाता है। इसकी वजह से शरीर में यूरिया बढ़ने लगता है, जिससे त्वचा में बहुत ज्यादा खुजली होती है। अगर आपको हथेलियों में या पैरों के तलवों पर बार-बार खुजली हो, तो आपको तुरंत डॉक्टर से मिलकर चेकअप करवाना चाहिए।

एक्जिमा

एक्जिमा के कारण भी पैर के तलवे में खुजली हो सकती है। दरअसल, एक्जिमा स्किन से जुड़ी एक आम समस्या है, जो शरीर के किसी भी हिस्से को प्रभावित कर सकती है। एक्जिमा होने पर पैर के तलवों में छोटे-छोटे लाल रंग के खुजलीदार दाने हो जाते हैं। अगर आपको भी इस तरह के लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

एथलीट फुट

पैर के तलवे में खुजली होने का एक कारण एथलीट फुट भी हो सकता है। दरअसल, यह एक तरह का फंगल इन्फेक्शन है, जो आमतौर पर एथलीट्स में देखा जाता है। एथलीट फुट होने पर पैरों या पैर की उंगलियों के बीच में जलन, खुजली और चुभन जैसे लक्षण महसूस हो सकते हैं। अगर आपको भी ऐसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

पैर के तलवे में खुजली दूर करने के उपाय – Home Remedies For Itchy Feet Sole In Hindi

सोने से पहले पैर धो लें

रात में बिस्तर पर जाने से पहले हमेशा पैरों को अच्छी तरह से धो लें और तौलिये से थपथपाकर पोंछ लें। इसके लिए आप गर्म पानी में किसी एंटीसेप्टिक लिक्विड को डालकर पैरों को धो सकते हैं।

नारियल तेल से मालिश  करें

नारियल के तेल में एंटी-फंगल और एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो त्वचा की जलन और खुजली को कम करने में मदद करते हैं। साथ ही, यह त्वचा को नमी भी प्रदान करता है। इसके लिए आप रात को सोने से पहले 2-3 चम्मच नारियल तेल को हल्का गर्म करें और प्रभावित स्थान की मालिश करें। इससे आपको खुजली से जल्द राहत मिल सकती है।

सेब के सिरके से पैरों को धोएं

पैर के तलवों में खुजली से छुटकारा पाने के लिए आप सेब के सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं। दरअसल, इसमें एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण मौजूद होते हैं, जो त्वचा की खुजली और जलन को कम करने में मदद करते हैं। इसके लिए आप एक कप गुनगुने पानी में 2 चम्मच सेब का सिरका मिलाएं। इस मिश्रण से पैरों को धोएं। दिन में 1-2 ऐसा करने से आपको जल्द लाभ मिलेगा।

एलोवेरा जेल लगाएं

एलोवेरा जेल में एंटीऑक्सीडेंट्स, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो हानिकारक बैक्टीरिया को मारने में मदद करते हैं। साथ ही,  यह त्वचा को नमी और ठंडक प्रदान करने में भी मददगार होता है। इसके लिए आप ताजा एलोवेरा जेल लें और इसे अपने पैर के तलवों पर लगाएं। इसे 20 मिनट के लिए छोड़ दें। उसके बाद पैरों को पानी से धो लें। नियमित रूप से ऐसा करने से आपको खुजली की समस्या से जल्द राहत मिलेगी।

नीम का पानी या तेल लगाएं

नीम में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण होते हैं, जो खुजली और त्वचा संक्रमण को दूर करने में मदद करते हैं। इसके लिए आप मुट्ठीभर नीम की पत्तियों को पानी में उबालें। जब पानी थोड़ा ठंडा हो जाए, तो इससे अपने पैरों को धोएं। रोजाना दिन में दो से तीन बार ऐसा करने से खुजली में राहत मिलेगी। इसके अलावा, आप चाहें तो प्रभावित हिस्से पर नीम का तेल भी लगा सकते हैं।

Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।