
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : November 19, 2025 1:44 PM IST
Dry Mouth in Morning: आपने महसूस किया होगा कि सर्दियों में अक्सर रात को प्यास लगती है या फिर सुबह उठते ही गला सूखा हुआ महसूस होता है। कई बार तो सुबह उठने पर गले में इस कारण दर्द भी महसूस होता है। विशेषज्ञों का मत है कि सुबह उठते ही गले में सूखापन महसूस होना एक आम समस्या है, खासकर सर्दियों या मौसम बदलने के दौरान। हम जैसे कई लोग इसे सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह रोज होने लगे तो कारणों को समझना बेहद जरूरी हो जाता है। तो आइए जानते हैं इसके प्रमुख कारण और कब यह स्थिति चिंता का विषय बन सकती है।
सर्दियों में पंखे, एयर कंडीशनर और खिड़कियां बंद रहते हैं। इसके चलते कमरे की हवा अक्सर बहुत सूखी हो जाती है। फिर रातभर ऐसी हवा में सोने से गले सुख जाता है और सुबह उठते ही सूखापन महसूस होता है। ऐसे में कोशिश करें की कमरा बिल्कुल बंद न हो आप कमरे में एग्जास्ट फैन लगवा सकते हैं, जो इस परेशानी से आपको निजात दिलाएगा।
इसका एक प्रमुख कारण है डिहाइड्रेशन। सर्दियों में अक्सर पानी कम ही पिया जाता है, जिस वजह से गले में सूखापन महसूस होता है। दिनभर पर्याप्त पानी न पीने और रात में लंबे समय तक बिना पानी के रहने से शरीर में नमी कम हो जाती है। नतीजतन इसका असर सुबह सबसे ज्यादा महसूस होता है। ऐसे में गला रुखा, खुरदुरा और कभी-कभी दर्दनाक भी लग सकता है। इसलिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं और बिस्तर पर लाने से पहले भी एक गिलास पानी पीएं।
यदि आपको एसिडिटी या गैस्ट्रोइसोफेजियल रिफ्लक्स की समस्या रहती है, तो रात में पेट का एसिड गले तक आ सकता है और गले में जलन, खटास और सूखापन महसूस हो सकता है। यह समस्या भारी भोजन करने पर ज्यादा होती है, जो कि सर्दियों में ज्यादा किया जाता है। इसलिए सीमित मात्रा में ही भोजन करें।
खर्राटे लेने वाले लोग अक्सर रातभर मुंह से सांस लेते हैं, जिससे गले का सूखना लाजमी है। इसी तरह स्लीप एपनिया वाले मरीजों में सांस लेने में रुकावट आती है, जिसके कारण गले में नमी कम हो जाती है। यह दोनों ही समस्याएं गले के सूखने का कारण बनती हैं, इसलिए इसका समय से इलाज करा लें वरना सर्दियों में ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
यदि आपको गले का सूखापन रोज महसूस हो, साथ में दर्द, खराश, आवाज बैठना, बुखार, सांस लेने में दिक्कत या मुंह का अत्यधिक सूखापन महसूस हो तो यह किसी प्रकार की एलर्जी, संक्रमण या किसी मेडिकल समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से जितना जल्दी हो सके सलाह लें। वह आपको आपकी स्थिति अनुसार सही उपचार बताएंगे।
अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।