क्या गर्मियों में सेनेटरी पैड्स यूज करने से फंगल इंफेक्शन हो सकता है? VIDEO में डॉक्टर दे रहे हैं जबाव
क्या आपको भी इस बात की चिंता सताती है कि अगर आप गर्मी में सेनेटरी पैड्स का इस्तेमाल करेंगे तो इससे आपको फंगल इंफेक्शन की समस्या हो जाएगी, तो रूक जाइए। डॉक्टर बता रहे हैं गर्मियों में सेनेटरी पैड्स यूज करने से फंगल इंफेक्शन हो सकता है या नहीं।
गर्मी के मौसम में अक्सर लोगों को पसीना ज्यादा आता है। पसीने के कारण नमी भी ज्यादा होती है। त्वचा पर होने वाली नमी किसी खुली जगह पर हो तो ठीक है लेकिन शरीर के अंदरूनी हिस्से पर आने वाला पसीना फंगल इंफेक्शन का कारण बन सकती है। ऐसे में कई महिलाओं के मन में यह सवाल आता है कि क्या पीरियड्स के दौरान सेनेटरी पैड्स का इस्तेमाल करने से फंगल इंफेक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है? अगर आपके मन में भी यह सवाल है तो आज पुणे के पिंपरी स्थित डी.वाई. पाटिल हॉस्पिटल की गायनोकोलॉजिस्ट डॉ. अपर्णा सर्वधे दे रही हैं इसका जवाब।
क्या सेनेटरी पैड्स यूज करने से फंगल इंफेक्शन हो सकता है?
डॉ. अपर्णा सर्वधे कहती हैं कि गर्मियों के आते ही त्वचा पर होने वाले फंगल इंफेक्शन काफी हद तक बढ़ जाते हैं और फंगस के पनपने के लिए जिस खास माहौल की जरूरत होती है, गर्मियों का मौसम वह सब कुछ उपलब्ध कराता है। आमतौर पर सेनेटरी पैड से सीधे तौर पर इंफेक्शन नहीं बढ़ता, लेकिन पैड की वजह से होने वाली गर्मी, नमी, पसीना और पीएच (pH) में बदलाव के कारण पीरियड्स में इस्तेमाल होने सेनेटरी पैड्स से फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।
सेनेटरी पैड्स से इंफेक्शन पर क्या कहती है रिसर्च?
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की वेबसाइट पर छपी रिपोर्ट बताती है कि पीरियड्स के दौरान लंबे समय तक एक ही पैड पहनकर रखने से उस जगह पर नमी और गर्माहट बढ़ जाती है। यह वातावरण फंगस और बैक्टीरिया को पनपने के लिए बिल्कुल सही माना जाता है। इसलिए गर्मियों में सेनेटरी पैड पहनने से महिलाओं को इंफेक्शन हो सकता है। हालांकि ऐसा जरूरी नहीं है कि पीरियड्स में सेनेटरी पैड्स का इस्तेमाल करने के कारण हर महिला को फंगल इंफेक्शन हो ही जाए।
फंगल इंफेक्शन के लक्षण
डॉ. अपर्णा सर्वधे बताती हैं किसी महिला को सेनेटरी पैड्स के कारण फंगल इंफेक्शन होता है, तो उसमें नीचे बताए गए लक्षण नजर आते हैंः
- प्राइवेट पार्ट में खुजली
- जलन या चुभन महसूस होना
- प्राइवेट पार्ट में लालिमा या सूजन
- सफेद, गाढ़ा डिस्चार्ज
फंगल इंफेक्शन से बचाव कैसे करें?
गायनाकॉलॉजिस्ट बताते हैं कि पीरियड्स के दौरान सेनेटरी पैड्स का इस्तेमाल करने के कारण फंगल इंफेक्शन की समस्या न हो इसके लिए समय-समय पर पैड बदलना बहुत जरूरी है। हर 4 से 6 घंटे में पैड बदलना चाहिए। पैड के पूरी तरह भर जाने का इंतजार नहीं करना चाहिए, उससे पहले ही उसे बदल देना चाहिए।
फंगल इंफेक्शन से बचाव करने के लिए कॉटन के कपड़े हवा के वाले अंडरवेयर ही पहनें। इससे हवा का संचार बनाने में मदद मिलती है और फंगल इंफेक्शन को पनप ने के लिए सही वातावरण नहीं मिलता है।
डॉ. अपर्णा सर्वधे का कहना है- "अगर आपको लगता है कि आपको कोई इंफेक्शन है, तो सबसे पहले डॉक्टर की सलाह लें। यदि डॉक्टर बैक्टीरियल या फंगल इंफेक्शन की पुष्टि करते हैं, तो सही मेडिकल ट्रीटमेंट जरूर लें। फंगल इंफेक्शन से प्रभावित जगह को साफ और सूखा रखें। वैसे तो वजाइना खुद को साफ रखने में सक्षम होती है, लेकिन उसे बार-बार पानी से न धोएं और न ही किसी केमिकल या हार्ड साबुन का इस्तेमाल करें।"
Disclaimer: गर्मियों में सेनेटरी पैड्स का इस्तेमाल सीधे तौर पर फंगल इंफेक्शन नहीं करता, लेकिन लंबे समय तक पैड बदलने में लापरवाही, ज्यादा पसीना और नमी फंगल इंफेक्शन का कारण बन सकते हैं। फंगल इंफेक्शन होने की स्थिति में तुरंत अपने डॉक्टर से बात करें और इलाज करवाएं।