hamburger icon
A
Read in English

क्या दोस्तों की कमी दिल को बीमार बना सकती है? एक्सपर्ट से जानिए अकेलेपन और हार्ट हेल्थ का कनेक्शन

Heart Health : अकेलापन ना सिर्फ आपको मानसिक रूप से बीमार कर सकता है, बल्कि हार्ट पर भी इसका असर दिखाई दे सकता है। ये हम नहीं, कई रिसर्च और एक्सपर्ट कहते हैं। आइए जानते हैं इस बारे में-

WrittenBy

Written By: Kishori Mishra | Published : July 14, 2026 3:00 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Pragya Rashmi

Loneliness and Heart Health : आज के समय में लोग पहले से कहीं ज्यादा डिजिटल दुनिया से जुड़े हैं, लेकिन वास्तविक जिंदगी में कई लोग खुद को अकेला महसूस करते हैं। काम का बढ़ता दबाव, बिजी लाइफस्टाइल और सामाजिक मेलजोल में कमी के कारण दोस्ती और रिश्तों का दायरा सिमटता जा रहा है। हालांकि, यह अकेलापन सिर्फ मानसिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि दिल की सेहत पर भी गंभीर असर डाल सकता है। कई स्टडी में पाया गया है कि लंबे समय तक सामाजिक अलगाव और अकेलेपन से हार्ट डिजीज, हाई ब्लड प्रेशर और स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। आइए इस विषय को यशोदा हॉस्पिटल की कंसल्टेंट साइक्लोजिस्ट डॉ. प्रज्ञा रश्मि से विस्तार से समझते हैं-

एक्सपर्ट क्या कहती हैं?

डॉ. प्रज्ञा रश्मि का कहना है कि अकेलापन और अच्छे दोस्तों की कमी दिल की सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकती है। उनका कहना है कि सोशल आइसोलेशन की वजह से शरीर में स्ट्रेस हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है और सूजन बढ़ने लगती है। इसके साथ ही व्यक्ति की नींद प्रभावित होती है, शारीरिक गतिविधि कम हो जाती है और कुछ लोग तनाव से बचने के लिए धूम्रपान या शराब का अधिक सेवन करने लगते हैं।

ये सभी आदतें हृदय रोग के जोखिम को बढ़ाती हैं। लंबे समय तक अकेलापन रहने पर शरीर का सिम्पेथेटिक नर्वस सिस्टम लगातार सक्रिय रहता है, जिससे हाई ब्लड प्रेशर और धमनियों में प्लाक बनने का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए हार्ट हेल्थ का आकलन करते समय मरीज के सामाजिक सहयोग पर भी ध्यान देना चाहिए।

क्या कहती है रिसर्च?

अमेरिकल हार्ट असोशिएशन के मुताबिक, सामाजिक अलगाव और अकेलापन हार्ट अटैक और स्ट्रोक के जोखिम को बढ़ा सकते हैं। डॉक्टर का कहना है कि जिन लोगों के सामाजिक संबंध सीमित होते हैं, उनमें समय से पहले मृत्यु का खतरा भी अधिक हो सकता है। वहीं, जर्नल हार्ट में प्रकाशित एक बड़े मेटा-एनालिसिस में पाया गया कि अकेलापन और सोशल आइसोलेशन से कोरोनरी हार्ट डिजीज और स्ट्रोक का खतरा लगभग 30% तक बढ़ सकता है। वि

हार्ट को हेल्दी रखने के लिए क्या करें?

अगर आप अपने हार्ट को सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो कुछ चीजों पर ध्यान दे सकते हैं, जैसे-

  1. अगर आप खुद को लंबे समय से अकेला महसूस कर रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज न करें।
  2. परिवार और दोस्तों के साथ नियमित बातचीत करें।
  3. सप्ताह में कुछ समय सामाजिक गतिविधियों के लिए निकालें।
  4. किसी क्लब या कम्युनिटी ग्रुप से जुड़ें या अपनी पसंद का कोई नया शौक अपनाएं।
  5. रोजाना कम से कम 30 मिनट टहलना, पर्याप्त नींद लेना और तनाव कम करने के लिए योग या मेडिटेशन करना भी दिल की सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है।
  6. अगर अकेलापन लगातार बना रहे और इसका असर आपकी दिनचर्या या मेंटल स्थिति पर पड़ने लगे, तो मनोवैज्ञानिक या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर रहेगा।

Disclaimer : अच्छी हार्ट हेल्थ के लिए सिर्फ संतुलित आहार, नियमित एक्सरसाइज और दवाएं ही जरूरी नहीं हैं, बल्कि मजबूत सामाजिक रिश्ते भी उतने ही अहम हैं। दोस्तों और परिवार का साथ तनाव कम करने, पॉजिटिव सोच बनाए रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में मदद करता है। इसलिए अपने दिल को स्वस्थ रखना चाहते हैं, तो अपने रिश्तों को भी समय देना न भूलें।