hamburger icon
A
Read in English

क्या महिलाओं में हार्ट अटैक के लक्षण पुरुषों से अलग होते हैं?

हार्ट अटैक महिलाओं और पुरुषों, दोनों को हो सकता है। हालांकि, दोनों में इसके लक्षण अलग-अलग हो सकते हैं। इसलिए हार्ट अटैक के किसी भी संकेत या लक्षण को बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Updated : July 10, 2026 3:03 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr Sanjeev Chaudhary

Heart Attack:  आजकल हार्ट अटैक बेहद आम समस्या बन गई है। पहले हार्ट अटैक के मामले बुजुर्गों में ज्यादा देखने को मिलते थे। लेकिन, अब युवाओं में भी हार्ट अटैक के मामले पहले की तुलना में ज्यादा देखने को मिल रहे हैं। किसी को ऑफिस में काम करते समय हार्ट अटैक आ रहा है, तो किसी की जिम करते हुए हार्ट अटैक की वजह से जान चली जाती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, हार्ट अटैक तब आता है जब हृदय की मांसपेशियों तक रक्त का प्रवाह बहुत कम हो जाता है। ऐसा अक्सर हृदय की रक्त वाहिकाओं में फैट जमा होने की वजह से होता है। अगर इसका समय पर इलाज नहीं मिलता है, तो हृदय की मांसपेशियों को नुकसान हो सकता है। इसलिए हार्ट अटैक के लक्षणों पर गौर करना बहुत जरूरी है। अक्सर लोगों को लगता है कि महिलाओं और पुरुषों में हार्ट अटैक के लक्षण एक समान होते हैं, क्या वाकई ऐसा है? आइए, जानते हैं-

क्या पुरुषों और महिलाओं में हार्ट अटैक के लक्षण अलग-अलग हो सकते हैं?

National Library of Medicine (nlm) पर छपे एक सिस्टेमैटिक रिव्यू के अनुसार, पुरुषों और महिलाओं में हार्ट अटैक के लक्षण अलग-अलग हो सकते हैं। आमतौर पर पुरुषों को हार्ट अटैक से पहले सीने में तेज दर्द या अकड़न जैसा महसूस हो सकता है। लेकिन, महिलाओं में हार्ट अटैक से पहले सांस फूलने, मतली, गर्दन और पीठ में दर्द जैसे लक्षण भी दिख सकते हैं।

पुरुषों में हार्ट अटैक के आम लक्षण

अगर ये दर्द हार्ट अटैक की वजह से होते हैं, तो दर्द धीरे-धीरे बाएं हाथ, कंधे, गर्दन और जबड़े तक पहुंच सकता है।

महिलाओं में हार्ट अटैक के आम लक्षण

मारेंगो एशिया हॉस्पिटल्स के कार्डियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. संजीव चौधरी बताते हैं कि महिलाओं में पुरुषों की तुलना में हार्ट अटैक के लक्षण थोड़े अलग हो सकते हैं। हार्ट अटैक आने पर महिलाओं में सिर्फ सीने में दर्द, भारीपन या दबाव जैसे लक्षण नहीं दिखते हैं। इनके अलावा भी कई संकेत मिल सकते हैं, जैसे-

  • बिना काम किए ही हर वक्त थकान और कमजोरी महसूस होना
  • सांस फूलना या सांस लेने में तकलीफ होना
  • अचानक से हाफने लगना
  • शरीर के ऊपरी हिस्सों- पीठ, गर्दन, जबड़े और कंधों में दर्द होना
  • पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द महसूस होना
  • कभी-कभी मतली उल्टी या गंभीर एसिडिटी होना
  • चक्कर आना और बेहोशी होना
  • घबराहट या बेचैनी महसूस होना

ऐसे लक्षण दिखने पर क्या करें?

डॉ. संजीव चौधरी बताते हैं कि हार्ट अटैक के मामले में हर एक सेकंड कीमती होता है। अगर लंबे समय तक इन लक्षणों की अनदेखी की जाती है, तो दिल की मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं और इससे कई तरह के हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए अगर आपके परिवार में भी किसी महिला को बेचैनी, सांस लेने में तकलीफ या गंभीर गैस-एसिडिटी जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो इनकी अनदेखी बिल्कुल न करें।

Disclaimer: महिलाओं और पुरुषों में हार्ट अटैक के लक्षण अलग-अलग हो सकते हैं। आमतौर पर पुरुषों को छाती के बीचो-बीच में दर्द और भारीपन महसूस हो सकता है। लेकिन, महिलाओं में सामान्य दिखने वाले लक्षण जैसे- थकान, गैस, एसिडिटी, चक्कर आना और बेचैनी आदि भी हार्ट अटैक से पहले महसूस हो सकते हैं। हार्ट अटैक के लक्षण दिखते ही इमरजेंसी ट्रीटमेंट लें। समय पर इलाज से व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है।